ब्रेकिंग न्यूज़

  वियतनाम में नौका पलटने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत

हनोई. वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक नौका (स्पीडबोट) पलटने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि की। दूतावास के अनुसार, नाव में 32 भारतीय पर्यटकों और स्थानीय चालक दल के चार सदस्यों सहित कुल 36 लोग सवार थे। इनमें से 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। वियतनाम सरकार ने दुर्घटना का कारण पता लगाने के लिए तुरंत जांच के आदेश दिए।
फू क्वोक, वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप है और अपने सफेद रेतीले समुद्र तटों, प्रवाल भित्तियों तथा द्वीप भ्रमण के कारण प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। बताया गया है कि ये पर्यटक द्वीप भ्रमण से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। वियतनामी समाचार पोर्टल 'वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल' के अनुसार, स्पीडबोट 'होन मे रुट नगोआई' द्वीप से लगभग 400 मीटर दूर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद पर्यटक नौकाएं यात्रियों को बचाने के लिए पहुंचीं। बाद में सीमा सुरक्षा बल, नौसेना, तटरक्षक बल और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से व्यापक खोज एवं बचाव अभियान चलाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ यात्री पलटी हुई नाव के अंदर ही फंस गए थे, जिससे बचाव अभियान में काफी कठिनाई आई। स्थानीय मीडिया के अनुसार, दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी 15 पर्यटकों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
मरने वाले 15 लोगों में से 10 तमिलनाडु से, तीन आंध्र प्रदेश से और दो केरल से थे।
हनोई में भारतीय दूतावास की ओर से 'एक्स' पर साझा की गई सूची के मुताबिक, मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल थीं। सूची के अनुसार, तमिलनाडु के मृतकों की पहचान सेंथिल कुमार जयवेल, मुरुगा प्रभु अरुमुगम, श्रीधर सुंदरराजन, शेख अब्दुल्ला अब्दुल मजीद, बालाजी नटेसन, विनय कुमार चिथिरापुरम भास्कर, रविशंकर सुकुमारन, संतोष कुमार शांतिलाल जैन, बाबू कुप्पुस्वामी और अलगुराजन शिवसामी के तौर पर हुई है। आंध्र प्रदेश के मृतकों की पहचान नल्लापेटा आदिशेषैया रवितेजा, श्रीधर मुडियम और जया लक्ष्मी गेल्ली के तौर पर हुई, जबकि केरल के मृतकों की पहचान एविकोट चेरियन थॉमस और लोवेनी थॉमस के तौर पर की गई। तीनों दक्षिणी राज्यों की सरकारों ने प्रभावित लोगों के रिश्तेदारों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। दुर्घटना में जीवित बचे निर्मल कुमार ने 'पीटीआई वीडियो' से बातचीत में बताया, '' एक बड़ी लहर नाव से टकराई। करीब 20 लोग बाहर निकल आए, लेकिन बाकी लोग अंदर फंस गए।'' उन्होंने कहा,'' यह एक बंद नाव थी। हम दोनों (मैं और मेरा मित्र) आगे की ओर बैठे थे, इसलिए बच गए। पीछे बैठे लोग अंदर फंस गए। हालांकि, नाव संचालकों ने सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए थे।'' 'एसोसिएटेड प्रेस' (एपी) के अनुसार, वियतनामी टीवी चैनलों पर प्रसारित फुटेज में समुद्र में ऊंची लहरें और तेज हवाएं दिखाई दीं। बचाव दल ने पानी में फंसे लोगों की ओर रबर के रिंग फेंके और जेट स्की के जरिए उन्हें किनारे तक पहुंचाया, जहां मौजूद लोगों ने कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
'एपी' की रिपोर्ट के अनुसार, वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हुंग ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और दुर्घटनास्थल सहित अन्य जलमार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करने के निर्देश भी दिए हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय नागरिकों से जुड़े इस दर्दनाक हादसे की खबर से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा, ''अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वियतनाम में भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। हमारे अधिकारी वियतनामी प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।'' राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "वियतनाम में नाव दुर्घटना की खबर से दुख हुआ। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करती हूं।" सभी पार्टियों के नेताओं ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english