नेपाल को भारत से 350 मेगावाट बिजली आयात करने की मंजूरी मिली
काठमांडू. नेपाल को जलविद्युत उत्पादन में कमी और हाल में आई बाढ़ से कई परियोजनाओं को हुए नुकसान के बीच घरेलू बिजली की मांग पूरी करने के लिए इस सर्दी में भारत से 350 मेगावाट तक बिजली आयात करने की मंजूरी मिल गई है। नेपाल विद्युत प्राधिकरण (एनईए) के अधिकारियों ने बताया कि भारत के बिजली मंत्रालय के तहत केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) ने सरकारी बिजली कंपनी एनईए को भारतीय ऊर्जा एक्सचेंज (आईईएक्स) से प्रतिस्पर्धी दरों पर प्रतिदिन 17 घंटे तक बिजली खरीदने की अनुमति दी है। एनईए के प्रबंध निदेशक दीर्घायु कुमार श्रेष्ठ ने कहा कि यह मंजूरी 17 नवंबर, 2026 से 31 जुलाई, 2027 तक वैध है। इससे नेपाल को बिजली की मांग और घरेलू उत्पादन के बीच मौसमी अंतर को पाटने में मदद मिलने की उम्मीद है। नेपाल की बिजली आपूर्ति काफी हद तक नदी के प्रवाह पर आधारित जलविद्युत परियोजनाओं पर निर्भर है, जिसके कारण बिजली उत्पादन में मौसमी उतार-चढ़ाव काफी अधिक रहता है। गर्मियों के महीनों में नदियों में पानी का प्रवाह बढ़ने से देश में जरूरत से अधिक बिजली पैदा होती है, जिसका मुख्य रूप से भारत को निर्यात किया जाता है। वहीं, सर्दियों में जलस्तर घटने से घरेलू उत्पादन काफी कम हो जाता है और नेपाल को बिजली आयात पर निर्भर रहना पड़ता है। रसुवा-भोटेकोशी क्षेत्र में अगस्त में आई भीषण बाढ़ से मध्य नेपाल की कई जलविद्युत परियोजनाओं को हुए नुकसान के कारण भी देश की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। इस आपदा के बाद कुल 431 मेगावाट स्थापित क्षमता वाली परियोजनाएं राष्ट्रीय ग्रिड से जुड़ नहीं पाई हैं। अधिकारियों ने बताया कि हालांकि, अप्रैल के मध्य से नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ने के साथ घरेलू बिजली उत्पादन में सुधार की उम्मीद है। इससे आयातित बिजली पर नेपाल की निर्भरता घटेगी और संभवतः वह फिर से बिजली का निर्यात शुरू कर सकेगा।










Leave A Comment