संयुक्त अरब अमीरात ने चंद्रमा पर रोवर भेजने के लिए नयी समयसीमा निर्धारित की
दुबई । संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अंतरिक्ष केंद्र ने चंद्रमा पर अपना पहला रोवर भेजने के महत्वाकांक्षी मिशन की नयी समयसीमा की बुधवार को घोषणा की। मोहम्मद बिन राशिद स्पेस सेंटर ने कहा कि वह चंद्रमा पर 2024 के बजाय 2022 तक एक मानवरहित यान से रोवर भेजने के लिए जापान की आइसस्पेस कंपनी के साथ साझेदारी कर रहा है। दुबई के शासक परिवार के नाम पर रोवर का नाम ‘राशिद' रखा गया है और यह आइसस्पेस के लूनर लैंडर का इस्तेमाल करते हुए चंद्रमा पर उतरेगा। कंपनी चंद्रमा की सतह पर वायरलैस संचार की सुविधा भी प्रदान करेगी। यूएई के नेशनल अखबार ने खबर प्रकाशित की कि फ्लोरिडा के केनेडी स्पेस सेंटर से स्पेसएक्स रॉकेट से रोवर का अंतरिक्ष में प्रक्षेपण किया जाएगा। यह चंद्र मिशन यूएई की अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में प्रमुख भूमिका निभाने की रणनीति का हिस्सा है। अगर यह मिशन सफल होता है तो यूएई और जापान को वह उपलब्धि प्राप्त होगी जो अभी तक अमेरिका, रूस तथा चीन के खाते में ही दर्ज है।
-file photo
Leave A Comment