सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने अगस्त 2023 तक सामुदायिक रेडियो स्टेशनों की संख्या बढ़ा कर 750 करने पर बल दिया
नई दिल्ली। सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने अगस्त 2023 तक वर्तमान 360 सामुदायिक रेडियो स्टेशनों की संख्या बढ़ा कर 750 तक करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आकाशवाणी और दूरदर्शन की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। आज राष्ट्रीय प्रसारण दिवस पर आकाशवाणी के रंग महल में आयोजित कार्यक्रम में श्री ठाकुर ने लोगों तक विश्वसनीय समाचार पहुंचाने के लिए आकाशवाणी और दूरदर्शन समाचार की प्रशंसा की। इस अवसर पर दूरदर्शन के नए धारावाहिकों - कॉरपोरेट सरपंच, बेटी देश की, जय भारती, सुरों का एकलव्य और यह दिल मांगे मोर के प्रोमो का शुभारंभ किया। श्री ठाकुर ने स्टार्टअप चैम्पियन-2 के प्रोमो का भी शुभारंभ किया।
सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने कहा कि रेडियो ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश की विकास गाथा में लगातार अहम भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम में दोनो केंद्रीय मंत्रियों के अलावा प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयंक अग्रवाल, आकाशवाणी समाचार के प्रधान महानिदेशक एन.वेणुधर रेड्डी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।










Leave A Comment