हिस्ट्री शीटर विकास दुबे का सहयोगी अमर दुबे मुठभेड़ में मारा गया
कानपुर। कानपुर शूटआउट के मुख्य आरोपी हिस्ट्री शीटर विकास दुबे के साथी अमर दुबे को उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल ने आज हमीरपुर जिले के मौदहा में मुठभेड़ में मार गिराया है। अमर पर कानपुर कांड में शामिल होने का आरोप था और उस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था।
हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के अनुसार अमर दुबे के यहां होने की सूचना मिली थी,घेराबंदी में उसने पुलिस पर फायरिंग की जिसमें एसएचओ मौदहा, एक एसटीएफ कांस्टेबल को गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में अमर दुबे घायल हुआ और इसे अस्पताल भेजा गया, जहां इसे मृत घोषित किया गया। इसके पास से एक ऑटोमेटिक हथियार और एक बैग मिला ।
पुलिस के मुताबिक, अमर दुबे विकास दुबे के साथ कानपुर के बिकरू गांव में हुए शूटआउट में शामिल था। अमर ने विकास और उसके साथियों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर भारी गोलाबारी की थी। इस घटना में 8 पुलिसकर्मियों के शहीद हो गए थे। मिली जानकारी के अनुसार अमर दुबे हमीरपुर के मौदहा इलाके में अपने किसी रिश्तेदार के घर शरण लेने के इरादे से आया था। इससे पहले उसने हरियाणा के फरीदाबाद में शरण ली थी। अमर दुबे का पता लगते ही एसटीएफ की टीम वहां पहुंची और उसे घेरकर आत्मसर्पण करने को कहा। इसी दौरान दुबे ने भागने की नाकाम कोशिश करते हुए गोलीबारी की और क्रॉस फायरिंग में पुलिस की गोली उसे लगी।.
बताया जा रहा है कि 2 जुलाई की रात को जब विकास दुबे के घर पर पुलिस दबिश देने गई थी तो अमर दुबे भी वहां मौजूद था। पुलिसवालों पर फायरिंग करने में वह भी शामिल था। घटना के बाद से अमर विकास के साथ ही भाग निकला था। अमर विकास के सबसे खास लोगों में से एक था। फिलहाल मुख्य आरोपी विकास दुबे अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
---








.jpg)
.jpg)
Leave A Comment