सड़क दुर्घटना में मेडिकल के दो छात्रों की मौत; एक अन्य घायल
कोटा. राजस्थान के झालावाड़ जिले में बृहस्पतिवार सुबह एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के दो छात्रों की उस समय मौत हो गई जब उनकी मोटरसाइकिल राष्ट्रीय राजमार्ग -52 पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले के रावतसर के प्रशांत सिंह रावत (21), चूरू जिले के प्रवीण सिंह राजपूत (21) और झुंझुनू जिले के विमल सिंह जाट (21) के रूप में पहचाने गए तीनों युवक झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के छात्र थे। स्थानीय थाना प्रभारी (एसएचओ) राजकुमार त्यागी ने बताया कि हादसा असनावर थाना क्षेत्र के तिलियाखेड़ी गांव के पास सुबह करीब चार बजे हुआ जब तीनों दोपहिया वाहन से एक ढाबे की ओर जा रहे थे। अधिकारी ने बताया कि किसी अन्य वाहन की हेडलाइट की रोशनी के कारण वे खड़े ट्रक को नहीं देख पाए और उनकी मोटरसाइकिल ट्रक से टकरा गई। एसएचओ ने बताया कि तीनों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें झालावाड़ के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां रावत की इलाज के दौरान मौत हो गई और अन्य दो को कोटा स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि कोटा के अस्पताल में इलाज के दौरान प्रवीण सिंह की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि तीसरे छात्र को जयपुर के एक अस्पताल रेफर किया गया है। एसएचओ ने बताया कि उनके माता-पिता के आने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।




.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
Leave A Comment