केरल में भूस्खलन: 80 से ज्यादा मजदूर दबे, अब तक 5 शव निकाले गए, 10 को जीवित बचाया गया
इडुक्की। केरल के इडुक्की जिले के राजमाला में आज सुबह आए भूस्खलन में चाय के बागान में काम करने वाले मजदूर मलबे में दब गए। आशंका जताई जा रही है कि दबे मजदूरों की संख्या 75 से 80 हो सकती है। इधर राज्य सरकार ने राहत कार्य के लिए भारतीय वायु सेना की मदद मांगी है, जिसके बाद वायु सेना ने हेलिकॉप्टर बचाव कार्य के लिए भेजे हैं।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के अनुसार इडुक्की के राजमाला में भूस्खलन पीडि़तों को बचाने के लिए एनडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है। पुलिस, फायर, वन और राजस्व अधिकारियों को भी बचाव अभियान करने का निर्देश दिया गया है। वहीं कर्नाटक के कैबिनेट मंत्री वी. सोमन्ना ने कोडागु जिले में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
राज्य में हो रही लगातार बारिश के बाद आज हुए भूस्खलन से क्षेत्र में तबाही ला दी। जिस जगह पर भूस्खलन हुआ वहां पर चाय के बागान में काम करने वाले मजदूर शेल्टर बनाकर रहते थे। यहां मजदूरों की लगभग पूरी एक बड़ी कॉलोनी सी बनी हुई थी। लैंड स्लाइड के बाद बड़ा सा मलबा शेल्टर हाउसेस के ऊपर गिरा और सभी दब गए। बताया जा रहा है कि अधिकांश मजदूर तमिलनाडु के रहने वाले हैं।
जिस इलाके में भूस्खलन हुआ है यहां पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में परेशानी आ रही है। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले पेरियावाड़ा इलाके का अस्थाई पुल बाढ़ में बह गया जिससे रोड से इस इलाके की कनेक्टिविटी टूट गई है।
इस बीच केरल के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि एक मोबाइल मेडिकल टीम और 15 ऐंबुलेंस को घटना स्थल पर भेजा गया है। राजमाला में भूस्खलन पीडि़तों को बचाने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल तैनात किया गया है। पुलिस, अग्नि, वन और राजस्व अधिकारियों को भी बचाव अभियान तेज करने का निर्देश दिए गए हैं।
---
Leave A Comment