प्रधानमंत्री कल ग्रैंड चैलेंजेस की वार्षिक बैठक के उद्घाटन सत्र में मुख्य भाषण देंगे
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल ग्रैंड चैलेंजेस की वार्षिक बैठक- जी.सी.ए.एम.-2020 के उदघाटन सत्र में ऑनलाइन मुख्य भाषण देंगे। जी.सी.ए.एम.- पिछले 15 वर्षों से स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र की चुनौतियों से निपटने के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नवाचार को बढ़ावा दे रहा है।
जी.सी.ए.एम-2020 का आयोजन इस महीने की 21 तारीख तक होगा। इसमें दुनियाभर के नेता, प्रसिद्ध वैज्ञानिक और शोधकर्ता हिस्सा लेंगे। इस आयोजन से नीति निर्माता और वैज्ञानिक एक साथ आएंगे और इंडिया फॉर द वर्ल्ड के नारे के साथ कोविड-19 की चुनौती से निपटने पर जोर देंगे। इस आयोजन में वैश्विक स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए वैज्ञानिक गठबंधनों पर भी जोर दिया जाएगा। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में 40 देशों के लगभग 1600 सौ लोग भाग लेंगे।
आयोजन की मेजबानी बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन, जैव प्रौद्योगिकी विभाग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद, नीति आयोग तथा ग्रैंड चैलेंजेस-कनाडा और यूनाइटेड स्टेट्स एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट एंड वेलकम संयुक्त रूप से कर रहे हैं। इसमें स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा विज्ञान प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. हर्षवर्धन आरंभिक वक्तव्य देंगे। बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन के सह-अध्यक्ष बिल गेट्स शुरूआती चर्चा प्रस्तुत करेंगे।
ग्रैंड चैलेंजेस इंडिया की स्थापना वर्ष-2012 में जैव प्रौद्योगिकी विभाग और बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन ने की थी। यह सभी की भागीदारी भी आमंत्रित करता है। ग्रैंड चैलेंजेस इंडिया कृषि, पोषण, स्वच्छता, मातृत्व और बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी काम करता है।
Leave A Comment