भाजपा ने बिहार चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी किया
पटना। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इसमें पांच सूत्र, एक लक्ष्य और 11 संकल्प शामिल किए गए हैं जिनमें शिक्षा, गांव, उद्योग, किसानों के हित और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया है।
वरिष्ठ भाजपा नेता और केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ इसे आज पटना में जारी किया। उन्होंने कहा कि चुनाव घोषणा पत्र में सभी क्षेत्रों में बिहार के विकास की बात की गई है।
श्रीमती सीतारामन ने कहा कि घोषणा पत्र में आत्मनिर्भर बिहार की बात है जहां रोजग़ार के नए अवसर पैदा होंगे। इसमें तीन लाख शिक्षकों की नियुक्ति और पंचायत स्तर पर प्रवासी मज़दूरों को रोजग़ार देने तथा उनके कौशल विकास की भी चर्चा है। कृषि के क्षेत्र में पार्टी ने एक नई कृषि निवेश नीति लाने और एक हजार नए किसान उत्पाद संगठनों के गठन का वायदा किया है। कोविड का टीका आने पर सभी लोगों को इसे मुफ्त उपलब्ध कराने की भी बात की गई है। भाजपा की राज्य ईकाई के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि राज्य के शिक्षा विभाग में एक लाख नए पदों का सृजन किया जाएगा। इस अवसर पर पार्टी की राज्य ईकाई के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि वर्ष 2022 तक गरीबों को तीस लाख पक्के घर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दस लाख नौकरियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। श्री जायसवाल ने कहा कि स्व-सहायता संगठनों के ज़रिए एक करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
Leave A Comment