रूस के काल्मिकिया में किया जाएगा भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों का प्रदर्शन
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के कपिलवस्तु स्थित पिपरहवा में रखे भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों का रूस के काल्मिकिया में प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य इन अवशेषों को प्रदर्शनी के लिए ले जाने वाले प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। यहां रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, केंद्र सरकार का संस्कृति मंत्रालय आगामी 24 सितंबर से एक अक्टूबर तक रूस के काल्मिकिया में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों का प्रदर्शन आयोजित कर रहा है। इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने सूचित किया है कि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मौर्य पवित्र अवशेषों को रूस ले जाने वाले प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
मौर्य प्रतिनिधिमंडल के साथ 23 सितंबर को भारतीय वायुसेना के विमान से रूस रवाना होंगे।
प्रतिनिधिमंडल अपने साथ भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा (कपिलवस्तु) अवशेषों को ले जाएगा। बयान के अनुसार, काल्मिकिया ऐसा क्षेत्र है जहां बौद्ध धर्मावलम्बियों की खासी आबादी है और वहां बौद्ध धर्म केवल मजहब ही नहीं बल्कि संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है। मौर्य ने बताया कि कपिलवस्तु अवशेषों की अंतरराष्ट्रीय यात्रा भारत की ‘सॉफ्टपावर' और सांस्कृतिक कूटनीति का प्रभावी माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा, “ इससे पहले थाईलैंड और वियतनाम में भगवान बुद्ध के अवशेषों की प्रदर्शनी आयोजित की जा चुकी है। थाईलैंड और वियतनाम की सफलता ने वैश्वक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ायी है।” मौर्य ने बताया कि रूस में होने वाली प्रदर्शनी इस गौरवशाली परम्परा को आगे बढ़ाएगी और भारत की सांस्कृतिक छवि को और निखारेगी जिससे द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करने के साथ सांस्कृतिक व राजनीतिक रिश्तों में और गहराई आएगी।


.jpg)
.jpg)





.jpg)
Leave A Comment