भूकंप के दो झटके
सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में रविवार को भूकंप के दो झटके आये जिनकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.3 और 2.7 मापी गई है। इसमें अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है। भारत मौसम विभाग के भोपाल केन्द्र (आईएमडी) के वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि देर रात 1.45 बजे 4.3 तीव्रता का भूकंप आया जिसका केंद्र सिवनी शहर के पास 10 किलोमीटर गहराई में था। इसके बाद सुबह 6.23 बजे उसी स्थान पर 2.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। सिवनी में प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि सिवनी शहर और जिले के अन्य हिस्सों में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किये और अपने घरों से बाहर आ गये। अधिकारियों ने बताया कि 27 अक्टूबर से जिले में कम तीव्रता के भूकंप के चार झटके आ चुके हैं।
Leave A Comment