ब्रेकिंग न्यूज़

आत्मप्रचार और अनुचित पोस्ट से बचें: चयनित सिविल सेवा उम्मीदवारों को निर्देश

नयी दिल्ली. हाल में चयनित सिविल सेवा के सभी उम्मीदवारों से कहा गया है कि वे सोशल मीडिया पर अपना प्रचार करने और अनुचित पोस्ट डालने से बचें। इस संबंध में उनके लिए एक आधिकारिक परामर्श जारी किया गया है। उन्हें यह भी कहा गया है कि वे वाणिज्यिक और संस्थागत समर्थन से पेशेवर तौर पर दूरी बनाए रखें और यह सुनिश्चित करें कि उनकी उपलब्धियों का निजी लाभ या प्रचार के लिए इस्तेमाल न किया जाए। परामर्श में कहा गया है कि सरकारी सेवक सार्वजनिक चेहरा होते हैं और उनका आचरण निरंतर सार्वजनिक निगरानी में रहता है। इसमें कहा गया है, "आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि आम जनता, जन प्रतिनिधियों, निगम संस्थाओं, नागरिक समाज संगठनों, सरकारी कर्मचारियों, अन्य सभी गणमान्य व्यक्तियों और समाज के संवेदनशील वर्गों के साथ आपका व्यक्तिगत आचरण और आधिकारिक एवं सामाजिक संपर्क विनम्र, सम्मानजनक, गरिमापूर्ण और उचित हो।" सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई)-2025 के माध्यम से चयनित उम्मीदवारों के लिए परामर्श जारी किया गया है। यह परामर्श मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) द्वारा जारी किया गया है, जो नौकरशाहों के लिए एक प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान है। परीक्षा परिणाम छह मार्च को घोषित किया गया था। इसमें कहा गया, ''सोशल मीडिया जीवन के कई पहलुओं में व्याप्त है, और अकादमी भी संस्थागत स्तर पर प्रभावी प्रशासन में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के महत्व को पहचानती है, लेकिन किसी भी प्रकार के सोशल मीडिया का इस्तेमाल जो आत्मप्रचार बढ़ावा देता है, उसे दृढ़ता से हतोत्साहित किया जाता है।" परामर्श में कहा गया कि सोशल मीडिया पर की गई या अग्रसारित टिप्पणियां और पोस्ट भी सेवा पर प्रभाव डालेंगी। इसमें कहा गया, "इसलिए, इस स्तर पर भी, आपको ऐसी पोस्ट करने से बचना चाहिए जो सेवा या उसके सदस्यों के लिए मानहानिकारक हो सकती हैं। ऐसी सामग्री पोस्ट करने में सावधानी और समझदारी दिखाएं जिसे सेवा के अधिकारी/सदस्य के लिए गैर पेशेवर या अनुचित माना जा सकता है।" परामर्श में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर बिना सोचे-समझे बयान पोस्ट करने से विशेष रूप से बचना चाहिए। इसमें "सोशल मीडिया शिष्टाचार" पर कहा गया है, "जो कुछ भी आप पोस्ट करने जा रहे हैं, उसके संभावित प्रभाव पर विचार करें। बल्कि, किसी भी प्रकार की ऐसी सामग्री पोस्ट करने से बचना ही बेहतर है, क्योंकि इससे व्यक्तिगत/संस्थागत स्तर पर गलतफहमी पैदा हो सकती है।" अकादमी ने कहा, "एक भावी सिविल सेवक के रूप में आपसे यह अपेक्षा की जाती है कि आप हर समय एक आदर्श व्यक्ति बनें।" यह भी कहा गया कि उनके पिछले कार्य उनके पूरे करियर में उनके चरित्र और व्यक्तित्व का प्रतिबिंब होंगे। सीएसई 2025 के परिणाम की घोषणा के दिन जारी सलाह में कहा गया है, "आपको आज से ही अधिकारी के लिए उपयुक्त अनुकरणीय आचरण प्रदर्शित करना शुरू कर देना चाहिए और अपने प्रशिक्षण शुरू होने का इंतजार नहीं करना चाहिए। आप आगे चलकर शासन और सार्वजनिक सेवा मुहैया कराने वाले संस्थानों में महत्वपूर्ण पदों पर आसीन होंगे।" कुल 958 उम्मीदवार परीक्षा में उत्तीर्ण हुए और उन्हें विभिन्न केंद्रीय सिविल सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया। इसमें 659 पुरुष और 299 महिलाएं शामिल हैं।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english