मुरासु चक्रवात से 30,000 हेक्टेयर से अधिक फसलें नष्ट
अमरावती. चक्रवात 'मुरासु' के कारण 15 जिलों में 30 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खड़ी फसलें प्रभावित हुई हैं। सर्वाधिक प्रभावित जिलों में कृष्णा, बापटला और नंद्याल शामिल हैं। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार अधिकारियों ने धान, कपास और मक्के की फसलों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचने की आशंका जताई है। विज्ञप्ति में कहा गया, ''प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, 15 जिलों में 30,661 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों के नुकसान पहुंचा है। चक्रवात के कारण कृष्णा, बापटला और नंद्याल जिलों में फसलों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है।'' बयान के मुताबिक, चक्रवात 'मुरासु' का 15 जिलों के 132 मंडलों में असामान्य प्रभाव पड़ा है। इस दौरान 10,805 लोगों को चक्रवात राहत केंद्रों में पहुंचाया गया। राज्य सरकार ने 171 राहत शिविर स्थापित किए हैं और 14,810 भोजन के पैकेट वितरित किए हैं। राहत कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के 11 और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के 13 दलों को तैनात किया गया है। अग्निशमन विभाग ने उखड़े हुए पेड़ों को हटाने और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए 185 टीम तैनात की हैं।









.jpg)
Leave A Comment