धुले में पिकअप वैन गिरने से सात की मौत
धुले। महाराष्ट्र में धुले के विंचूर के पास एक पुल के ऊपर से जा रही पिकअप वैन के नदी में गिर जाने से सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 20 लोगों के गंभीर रूप से घायल होन की भी खबर है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात 2 से 3 बजे के बीच शिरूर तालुका में विंचर गांव के पास एक पिकअप वैन बोरी नदी में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया, घायलों को इलाज के लिए वैदकीय अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के समय पिकअप वैन के ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी और राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मरने वाले सभी लोग मध्य प्रदेश के बडवानी जिले के हैं। वे महाराष्ट्र के उस्मानाबाद के खेतों में मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। मजदूरों के साथ उनके परिवार के लोग भी थे। मरने वालों में अधिकतर महिलाएं और बच्चे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। बचावकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों और शवों को बाहर निकालने में मदद की। हालांकि मरने वालों के नाम और जानकारी अभी नहीं मिल पायी है।
Leave A Comment