कांग्रेस की बागडोर 20 महीने बाद दोबारा सोनिया गांधी के पास
नई दिल्ली। राहुल गांधी के इस्तीफे के 75 दिन बाद सोनिया गांधी कांग्रेस की नई अंतरिम कांग्रेस अध्यक्ष होंगी। वे 20 महीने बाद फिर कांग्रेस की बागडोर संभालेंगी। शनिवार रात कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक खत्म होने के पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी के हर नेता की राय थी कि राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर सेवाएं देते रहें। उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया। अधिवेशन में नए अध्यक्ष के फैसले तक सोनिया जिम्मेदारी संभालेंगी। अगले अध्यक्ष पर एआईसीसी के अधिवेशन में फैसला होगा। लोकसभा चुनाव के बाद से ही करीब ढाई महीने तक बिना अध्यक्ष के रही कांग्रेस को आखिरकार गांधी परिवार से ही नया अध्यक्ष मिल गया है। कांग्रेस कार्यसमिति ने सोनिया गांधी को नया कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष चुना है। कांग्रेस अधिवेशन में नियमित अध्यक्ष के चुनाव तक वह पार्टी की बागडोर संभालेंगी। इससे पहले लंबे समय तक गैर गांधी परिवार से कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा रही। सीडब्लूसी बैठक के बाद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सोनिया गांधी सबसे तजुर्बेकार नेता हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस के संविधान के मुताबिक कांग्रेस कार्यसमिति के पास सिर्फ अंतरिम अध्यक्ष चुनने का ही अख्तियार है। सीडब्लूसी की बैठक के बाद रात करीब 11.05 मिनट पर कांग्रेस के मीडिया इंचार्ज रणदीप सुरजेवाला और महासचिव सी. वेणुगोपाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। वेणुगोपाल ने बताया, कांग्रेस कार्यसमिति की दूसरी बैठक साढ़े 8 बजे शुरू हुई और अभी-अभी खत्म हुई है। बैठक में सर्वसम्मति से 3 प्रस्ताव पास किए गए।
--
तीन प्रस्ताव पारित
00 कांग्रेस कार्यसमिति में पास हुए पहले प्रस्ताव में राहुल गांधी के नेतृत्व की तारीफ की गई।
00 दूसरा प्रस्ताव राहुल गांधी को अध्यक्ष पद न छोड़ने की अपील संबंधी पास किया गया। बाद में सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष बनाने का फैसला किया गया। वह नियमित अध्यक्ष चुने जाने तक पार्टी की कमान संभालेंगी।
00 तीसरा प्रस्ताव जम्मू-कश्मीर के मौजूदा हालात को लेकर पास किया गया। प्रस्ताव में जम्मू-कश्मीर के हालात पर चिंता जताई गई।
--
Leave A Comment