- Home
- देश
-
नई दिल्ली। आयुष मंत्रालय 1 अक्टूबर को स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आयोजित होने वाले "एक तारीख, एक घंटा एक साथ" कार्यक्रम को बड़ी सफलतापूर्वक मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। आयुष मंत्रालय ने इस अभियान के हिस्से के रूप में पूरे भारत में मनाए जाने वाले 358 से अधिक कार्यक्रमों की योजना बनाई है। एक घंटे के विशेष स्वच्छता अभियान के साथ-साथ, मंत्रालय मानसिक स्वास्थ्य, कल्याण और समग्र स्वास्थ्य और कल्याण में स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने की भी योजना बना रहा है। इस संदेश को प्रसारित करने के लिए 8000 से अधिक कार्यात्मक आयुष स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र लगाए जाएंगे।
आयुष मंत्रालय की अनुसंधान परिषदें, 100 से अधिक राष्ट्रीय संस्थान, अधीनस्थ संगठन, राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा प्रणाली आयोग (एनसीआईएसएम) और राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (एनसीएच) अपने 750 से अधिक कॉलेजों के नेटवर्क के माध्यम से भी इस अभियान में भाग लेंगे।मंत्रालय ने विभिन्न राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों से राष्ट्रीय आयुष मिशन (एनएएम) के माध्यम से संचालित सभी आयुष स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों पर श्रमदान गतिविधि का निरीक्षण करने का भी अनुरोध किया है।मंत्रालय ने 1 अक्टूबर 2023 को पूरे भारत में होने वाले संपूर्ण अभियान और गतिविधियों की तैयारी की निगरानी के लिए संयुक्त सचिव स्तर का एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। एसएचएस 2023 का विषय "कचरा मुक्त भारत" है। आयुष मंत्रालय 15 सितंबर से 2 अक्टूबर 23 तक लंबित मामलों के निपटान के लिए विशेष अभियान (एससीडीपीएम) 3.0 और स्वच्छता ही सेवा अभियान पर सक्रिय रूप से विचार कर रहा है।इस कार्यक्रम की योजना बनाने के अलावा, आयुष मंत्रालय राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत अपने आयुष स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों के माध्यम से पूरे भारत में साप्ताहिक आयुष स्वास्थ्य मेलों का आयोजन करके “आयुष्मान भव” अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है। यह अभियान लगभग 8000 कार्यात्मक आयुष स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों में चल रहा है। - नयी दिल्ली. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनका मंत्रालय सड़कों के निर्माण में शहरी कचरे के इस्तेमाल को लेकर एक नीति तैयार कर रहा है। गडकरी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सरकार जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल नहीं करने के लिए निर्माण उपकरण विनिर्माताओं को प्रोत्साहन देने पर भी विचार कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम सड़क निर्माण में शहरी क्षेत्रों से इकट्ठा होने वाले कचरे का इस्तेमाल करने की नीति को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।'' गडकरी ने कहा कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने परिवहन क्षेत्र को कार्बन-मुक्त करने के लिए कई कदम उठाए हैं और दिल्ली एवं जयपुर के बीच इलेक्ट्रिक राजमार्ग के विकास की पहल इसी की एक कड़ी है। इलेक्ट्रिक राजमार्ग बिजली से चलने वाली रेलगाड़ियों की ही तरह की एक व्यवस्था है जिसमें वाहनों के लिए निर्दिष्ट राजमार्ग के ऊपर इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन लगा होगा। यह स्वीडन एवं नॉर्वे जैसे देशों में अपनाई जा रही प्रौद्योगिकी पर आधारित है। फिलहाल सड़क परिवहन मंत्रालय परिवहन क्षेत्र को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए प्रौद्योगिकियों का विश्लेषण कर रहा है।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन में 2020-21 के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार प्रदान किये। समाज सेवाओं में योगदान के लिए 52 व्यक्तियों को ये पुरस्कार प्रदान किए गए। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने पुरस्कार समारोह में हिस्सा लिया। स्वयंसेवी सामाजिक सेवाओं में विशिष्ट योगदान को सम्मानित करने के लिए युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार प्रदान करता है। एनएसएस केन्द्रीय क्षेत्र का कार्यक्रम है जिसकी शुरुआत 1969 में की गई थी इसका प्राथमिक उद्देश्य स्वयंसेवी प्रयासों के जरिए विद्यार्थियों और युवाओं के व्यक्तित्व का विकास और चरित्र निर्माण में योगदान करना है।
- नयी दिल्ली पिछले नौ वर्ष में निर्णायक नीतियां, राजनीतिक स्थिरता रही, अर्थव्यवस्था को नयी दिशा मिली : शाह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि पिछले नौ साल में संघीय ढांचे में निर्णायक नीतियां, राजनीतिक स्थिरता, लोकतंत्र और सामूहिक रूप से काम करने की भावना देखी गयी जिसने देश को ‘‘नीतिगत पंगुता’’ से बाहर निकाला है। गृह मंत्री ने ‘चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री’ के 118वें वार्षिक सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि 2004 से 2014 के कालखंड ने ‘‘देश को हिलाकर रख दिया’’ जो राजनीतिक अस्थिरता का ‘‘आखिरी कालखंड’’ भी था।शाह ने कहा कि पिछले नौ वर्षों ने काम का नतीजा देखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था को भी एक नयी दिशा मिली है।उन्होंने कहा, ‘‘पिछले नौ वर्ष राजनीतिक स्थिरता और निर्णायक नीति निर्माण के रहे हैं…इस अवधि के दौरान हमारा सकल घरेलू उत्पाद 2,030 अरब डॉलर से बढ़कर 3,750 अरब डॉलर हो गया है जो लगभग दोगुना है। प्रति व्यक्ति आय 2013-14 में 68,000 रुपये बढ़कर 1.80 लाख रुपये पहुंच गयी है।’’शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले नौ साल में हर क्षेत्र में भारत को बदलने का प्रयास किया और कामयाब भी रहे।उन्होंने कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन का सफलतापूर्वक आयोजन करने के बाद न केवल व्यापार और उद्योग में बल्कि देश के हर क्षेत्र में एक नयी ऊर्जा का संचार हुआ है और सभी लोग एक नयी गति का अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार और उद्योग देश की अर्थव्यवस्था के केंद्र में हैं जहां से उसे ऊर्जा मिलती है।केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘नीतियों में लाए गए बदलावों के कारण आज भारत की हर जगह चर्चा हो रही है और भारत को दुनियाभर में जीवंत देश के रूप में जाना जाता है।’’उन्होंने कहा कि दुनिया में जब भी कोई कंपनी अपना आधार बदलना चाहती है तो भारत एक आकर्षक स्थल के रूप में उभरता है।’’शाह ने कहा, ‘‘हमारा देश सबसे युवा है और हमारे पास सबसे बड़ी संख्या में इंजीनियर, डॉक्टर और तकनीकविद हैं। यहां लोकतंत्र है, सामूहिक रूप से काम करने की भावना है और मोदी जी के नेतृत्व में नीति निर्धारण भी स्पष्ट है। अत: अब कोई भी भारत को अमृतकाल में हर क्षेत्र में अपने आप को पहले स्थान पर स्थापित करने से नहीं रोक सकता।’’उन्होंने कहा कि उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना ने देश के 14 क्षेत्रों में ‘मेक इन इंडिया’ का सपना साकार किया है। उन्होंने कहा, ‘‘यह सही समय है। भारत के व्यापार और उद्योग के लिए अगले 25 साल अत्यधिक महत्वपूर्ण हैं। भारतीय उद्योग को अपना आकार और पैमाना दोनों बदलने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।’’केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह वक्त की मांग है कि भारतीय कंपनियां बहु-राष्ट्रीय बनें।शाह ने कहा, ‘‘बड़े उद्योगों के साथ ही छोटे उद्योगों के नेटवर्क को मजबूत करना होगा और पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री को इसमें मार्गदर्शन तथा बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के लिए दृढ़तापूर्वक आगे आना होगा।’’उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा लायी गयी नयी शिक्षा नीति के कारण भारत अगले 10 साल में छात्रों के लिए दुनिया का सबसे उत्कृष्ट स्थान होने वाला है।
- नयी दिल्ली. आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक शनिवार और रविवार को होने की उम्मीद है। इस बैठक में पार्टी की कोशिश औपचारिक रूप से चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले अधिक से अधिक उम्मीदवारों के नामों पर मंथन पूरा कर लेने की होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा कई अन्य वरिष्ठ नेता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) के सदस्यों में शामिल हैं। यह समिति उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लेती है। सूत्रों ने बताया कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव से संबंधित सीईसी की तीसरी बैठक में राजस्थान को लेकर चर्चा हो सकती है। इससे पहले की दो बैठकों में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के उम्मीदवारों पर चर्चा की गई थी।मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी ने तीन केंद्रीय मंत्रियों के अलावा चार अन्य सांसदों को उम्मीदवार बनाया है। ऐसा माना जा रहा है कि भाजपा राजस्थान में इसी रणनीति के तहत केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश चौधरी को विधानसभा चुनाव में उतार सकती है। भाजपा ने 2019 में राज्य की 25 लोकसभा सीटों में से एक को छोड़कर सभी पर जीत दर्ज की थी।तेलंगाना और मिजोरम में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। निर्वाचन आयोग अक्टूबर के पहले पखवाड़े में सभी पांच राज्यों में चुनावी प्रक्रिया को औपचारिक रूप से शुरू कर सकता है। चुनाव नवंबर-दिसंबर में होने की संभावना है। मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा के लिए भाजपा ने अब तक 79 उम्मीदवारों और छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। चुनावों की घोषणा से पहले ही उम्मीदवारों के नाम तय कर लेना भाजपा की नयी रणनीति का हिस्सा है। आम तौर पर चुनाव की घोषणा के बाद पार्टी अपने उम्मीदवारों की घोषणा करती है। इन पांच राज्यों में से भाजपा केवल मध्य प्रदेश में सत्ता में है जबकि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पास बागडोर है। तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट सत्ता में है। शाह और नड्डा ने पार्टी की रणनीति को अंतिम रूप देने और प्रचार सहित अन्य अभियानों के लिए बुधवार को जयपुर में राजस्थान के नेताओं के साथ मैराथन बैठक की। पार्टी सूत्रों का कहना है कि भाजपा इनमें से किसी भी राज्य में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा नहीं करेगी।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर बृहस्पतिवार को भारत की 10 मीटर पुरुष एयर पिस्टल टीम को बधाई दी और कहा कि उन्होंने देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एशियाई खेलों में 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष टीम को निशानेबाजी में एक और स्वर्ण! सरबजोत सिंह, अर्जुन सिंह चीमा और शिव नरवाल ने अपनी सटीकता और कौशल से पूरे देश को गौरवान्वित किया है। मैं उन्हें बधाई देता हूं और भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।'' एशियाई खेलों में भारत के शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम ने एक और स्वर्ण पदक जीता। सरबजोत, चीमा और शिव नरवाल की टीम ने चीनी टीम को करीबी अंतर से हराकर जीत दर्ज की, जिससे भारत को निशानेबाजी में चौथा स्वर्ण पदक मिला। मोदी ने अन्य पदक विजेताओं को भी बधाई दी।उन्होंने ‘एक्स' पर कहा, ‘‘हमारी समर्पित और प्रतिभाशाली रोशिबिना देवी नाओरेम ने वुशु की 60 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता है। उन्होंने असाधारण प्रतिभा और उत्कृष्टता दिखाई है। उनका अनुशासन और दृढ़ संकल्प भी सराहनीय है। उन्हें बधाई।'' प्रधानमंत्री ने घुड़सवारी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने पर अनुष अग्रवाला को बधाई दी।उन्होंने ‘एक्स' पर किए एक पोस्ट में कहा, ‘‘एशियाई खेलों में घुड़सवारी प्रतियोगिता की व्यक्तिगत ड्रेसेज स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर अनुष अग्रवाला को बधाई। उनका कौशल और समर्पण सराहनीय है। उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं।'' ‘एट्रो' पर घुड़सवारी कर रहे अग्रवाला ने 73.030 अंक जुटाये जिससे वह तीसरे स्थान पर रहे और इस तरह उन्होंने एशियाड में अपना दूसरा पदक हासिल किया।
-
बिजनौर (उप्र). बिजनौर के मंडावर मार्ग स्थित चौराहे पर ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर मे कार सवार तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। बिजनौर कोतवाली प्रभारी राजीव चौधरी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह लगभग तीन बजे बिजनौर में मंडावर मार्ग स्थित चौराहे पर हरिद्वार की ओर जा रही कार में ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार सवार बदायूं निवासी धनपाल (55 वर्ष) और प्रेमपाल (54) की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि विजय बहादुर (50) की उपचार के दौरान मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि घायलों बबलू,पुष्पेन्द्र और आमोद को गंभीर हालत में अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।
कोतवाल चौधरी के अनुसार ट्रक की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि कार सवार बदायूं से हरिद्वार गंगा स्नान करने जा रहे थे। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल नई दिल्ली में देश के आकांक्षी ब्लॉकों के लिए सप्ताह भर चलने वाले विशेष कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। इस कार्यक्रम को संकल्प सप्ताह का नाम दिया गया है। यह आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के प्रभावशाली क्रियान्वयन से जुडा है, जिसका उद्देश्य नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए ब्लॉक स्तर पर शासन में सुधार करना है। राजधानी के भारत मंडपम में देश भर के पंचायत तथा ब्लॉक स्तर के करीब 3000 प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में हिस्सा लेगें। इसके अलावा ब्लॉक और पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं, किसानों और अन्य वर्गों सहित लगभग 2 लाख लोग कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे।
संकल्प सप्ताह 3 से 9 अक्टूबर तक देश के 329 जिलों के 500 आकांक्षी ब्लॉकों में मनाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक दिन अलग-अलग विषयों के लिए समर्पित होगा, जिस पर सभी आकांक्षी ब्लॉक काम करेंगे। पहले छह दिनों की थीम में सम्पूर्ण स्वास्थ्य, सुपोषित परिवार, स्वच्छता, कृषि, शिक्षा और समृद्धि दिवस शामिल हैं। सप्ताह के अंतिम दिन 9 अक्टूबर को पूरे सप्ताह के कार्यों को संकल्प सप्ताह समावेश समारोह के रूप में मनाया जाएगा। -
नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बने हवा के कम दबाव के क्षेत्र के कारण इस सप्ताह के अंत तक पश्चिम बंगाल के गंगा के तटवर्ती क्षेत्र और ओडिशा में तेज वर्षा होने की आशंका है। मौसम विभाग ने कहा है कि आज बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्यवर्ती और उत्तर पूर्वी क्षेत्रों में हवा के कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है। इसके ओडिशा के उत्तर तथा पश्चिम बंगाल के गंगा के निकटवर्ती क्षेत्र की ओर बढ़ने और घने कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की आशंका है। इसके प्रभाव से आज और कल पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र में तेज वर्षा होने का संभावना है।मौसम विभाग ने क्योंझर, मयूरभंज, बालेश्वर और भद्रक जिले में तेज वर्षा के लिए येलो चेतावनी जारी की है। कल से अगले चार दिनों तक समूचे ओडिशा में तेज वर्षा होने की आशंका है।
-
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बृहस्पतिवार को एक पुल से चिनाब नदी में छलांग लगाने जा रही महिला को पुलिस ने रोक लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, महिला भंडारकूट पुल से नदी में छलांग लगाने ही वाली थी कि तभी पास के इलाके में तैनात पुलिस के एक दल ने तुंरत मौके पर पहुंचकर महिला के आत्महत्या के प्रयास को विफल कर दिया। उन्होंने बताया कि आत्महत्या के प्रयास की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खलील पोसवाल ने महिला की जान बचाने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता की सराहना की। उन्होंने किश्तवाड़ में विशेष रूप से महिलाओं द्वारा आत्महत्याओं के बढ़ते मामलों पर चिंता भी व्यक्त की। पोसवाल ने लोगों से आगे आने और घरेलू हिंसा से संबंधित शिकायतों की सूचना देने का आग्रह भी किया।
-
नई दिल्ली। केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि सरकार इस वर्ष के अंत तक राष्ट्रीय राजमार्ग को गड्ढों से मुक्त बनाने की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय निष्पादन आधारित रखरखाव और अल्पावधि मरम्मत अनुबंध प्रणाली लागू करने जा रही है ताकि राजमार्गों को गड्ढों से मुक्त किया जा सके।
नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में श्री गडकरी ने कहा कि बनाओ-चलाओ और सौंपो - पर आधारित सड़कों के निर्माण को वरीयता दी जा रही है, क्योंकि ऐसी परियोजनाओं का रख-रखाव बेहतर ढंग से किया जा सकता है। मंत्री ने कहा कि वर्षा से राजमार्गों को क्षति पहुंचती है जिससे सड़कों पर गड्ढे हो जाते हैं। नई नीति इस समस्या को दूर करने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि नई नीति राजमार्गों पर जल निकासी की समस्या दूर करने पर भी काम करेगी।उन्होंने यह भी बताया कि सरकार सड़क निर्माण में नगरीय कचरे के इस्तेमाल के लिए राष्ट्रीय नीति बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में सभी हितधारकों से परामर्श किया जा रहा है। श्री गडकरी ने कहा कि नई नीति से 2070 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन का प्रधानमंत्री का लक्ष्य हासिल करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत मंत्रालय ने 15 दिन का हरित अभियान चलाया। - अगरतला. त्रिपुरा के खोवाई जिले में 25 वर्षीय महिला ने अपने दो बेटों को जहर देने के बाद कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। चम्पाहौर थाने के प्रभारी अधिकारी सुक्रामोनी देबबर्मा ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान प्रमिला मुंडा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला के नौ साल के बेटे की खोवाई अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई जबकि उसका 11 वर्ष का बेटा अगरतला के जीबीपी अस्पताल में जिंदगी की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस कदम के पीछे क्या वजह रही इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार रात कमला बगान गांव की है।अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने पहले अपने दोनों बेटों को जहर दिया और उसके बाद स्वयं भी जहर खा लिया।'' उन्होंने बताया कि अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पेशे से दिहाड़ी मजदूर आरोपी महिला के पति मनु देबबर्मा ने दावा किया कि जब यह घटना हुई तो वह घर पर मौजूद नहीं था।
- मुंबई. पूर्वी महाराष्ट्र के चंद्रपुर शहर में एक ट्रक ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे चार यात्रियों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक ट्रक चालक शराब के नशे में था और उसे हिरासत में ले लिया गया है। यह घटना बुधवार रात करीब नौ बजे रामनगर इलाके के बाबूपेठ इलाके में हुई। उन्होंने कहा कि ट्रक बल्लारशाह से चंद्रपुर की ओर जा रहा था, जबकि ऑटो रिक्शा विपरीत दिशा में जा रहा था। ऑटो रिक्शा में सात लोग सवार थे। पुलिस अधिकारी ने कहा कि एक रेलवे पुल पर ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया और गड्ढे से बचने की कोशिश कर रहे ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायलों को चंद्रपुर सरकारी अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
-
अमृतसर/फिरोजपुर. पंजाब में बृहस्पतिवार को किसानों ने अपना तीन दिवसीय ‘रेल रोको' आंदोलन शुरू किया और कई जगहों पर रेल की पटरियों पर बैठ गए जिससे कम से कम 91 ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। किसानों ने हालिया बाढ़ से हुए नुकसान के लिए वित्तीय पैकेज, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी और व्यापक कर्ज माफी की मांग को लेकर अपना विरोध प्रदर्शन शुरू किया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, फिरोजपुर मंडल के तहत 91 ट्रेनों में से 51 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया, 24 ट्रेनों को गंतव्य से पहले समाप्त किया गया, पांच ट्रेनों को प्रस्थान स्टेशन से आगे से चलाया गया जबकि 11 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे केंद्र के खिलाफ 30 सितंबर तक अपना आंदोलन चलाएंगे।
बृहस्पतिवार को मोगा, होशियारपुर, गुरदासपुर, जालंधर, तरन तारन, संगरूर, पटियाला, फिरोजपुर, बठिंडा और अमृतसर में 17 जगहों पर किसानों ने आंदोलन किया। अमृतसर में किसान देवीदास पुरा में अमृतसर-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर बैठ गए।
इस प्रदर्शन में किसान मजदूर संघर्ष समिति, भारती किसान यूनियन (भाकियू-क्रांतिकारी), भाकियू (एकता आजाद), आजाद किसान समिति दोआबा, भाकियू (बेहरामके), भाकियू (शहीद भगत सिंह) और भाकियू (छोटू राम) सहित कई किसान संगठन हिस्सा ले रहे हैं। किसानों की मांग में उत्तर भारत में बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए वित्तीय पैकेज, सभी फसलों पर एमएसपी के लिए कानूनी गारंटी और कर्ज माफी सहित अन्य मांगें शामिल हैं। अमृतसर में किसान नेता गुरबचन सिंह ने कहा कि किसान, उत्तर भारतीय राज्यों के लिए 50 हजार करोड़ रुपये के बाढ़ राहत पैकेज और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट की सिफारिशों के मुताबिक एमएसपी की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों व मजदूरों का पूरा कर्ज माफ होना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने अब समाप्त किये जा चुके तीन विवादास्पद कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान जिन किसानों की मौत हुई उनमें से प्रत्येक के परिवार को 10 लाख रुपये और एक सरकारी नौकरी की मांग भी की। होशियारपुर में आजाद किसान समिति दोआबा के सदस्यों ने स्थानीय रेलवे स्टेशन पर धरना दिया।
फिरोजपुर में किसान नेता जसबीर सिंह ने कहा कि किसानों ने फिरोजपुर छावनी रेलवे स्टेशन और मल्लांवाला रेलवे स्टेशन पर रेलवे पटरियों को बाधित किया।
- - तिरुवनंतपुरम ।केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के एक निजी कर्मचारी पर रिश्वत लेने का आरोप लगने से पैदा हुए राजनीतिक विवाद के मद्देनजर राज्य पुलिस ने गुरुवार को कहा कि व्यापक वैज्ञानिक जांच के जरिए सच्चाई सामने लाई जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि मामले में स्पष्ट तस्वीर शुक्रवार शाम तक सामने आ जाएगी।मलप्पुरम जिले के निवासी हरिदासन ने बुधवार को आरोप लगाया था कि मंत्री के एक निजी कर्मचारी ने उनकी बहू की सरकारी चिकित्सा अधिकारी के रूप में नियुक्ति के लिए एक लाख रुपये की रिश्वत ली। तिरुवनंतपुरम शहर के पुलिस आयुक्त सी.एच. नागराजू ने इस मामले में जांच की प्रगति के बारे में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए कहा कि हरिदासन का विस्तृत बयान दर्ज किया जाएगा और इसके लिए पुलिसकर्मियों की एक टीम पहले ही मलप्पुरम के लिए रवाना हो चुकी है। पुलिस आयुक्त नागराजू ने कहा कि आरोपों के संबंध में मंत्री के कार्यालय द्वारा पुलिस महानिदेशक को भेजी गई एक शिकायत बुधवार को पुलिस मुख्यालय के माध्यम से उन्हें सौंपी गई थी। इसके अलावा आरोपों का सामना कर रहे निजी कर्मचारी अखिल मैथ्यू की एक अलग शिकायत भी इसमें संलग्न थी। पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘जैसे ही हमें शिकायत मिली, हमने शिकायत देने वाले अखिल मैथ्यू से संपर्क किया, उनका विस्तृत बयान लिया और प्राथमिकी दर्ज की। अभी इस मामले में जांच चल रही है। '' उन्होंने कहा कि सहायक पुलिस आयुक्त स्तर का एक अधिकारी मामले की जांच करेगा और वह खुद इसकी निगरानी करेंगे। पुलिस को हरिदासन के खुलासे की जानकारी मीडिया के जरिए ही मिली है और यह पता लगाया जाना चाहिए कि उसने किसे पैसे दिए थे। पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘आरोप सिद्ध करने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जाएं। कुछ भुगतान बैंक के माध्यम से किए जाने की बात कही गई थी। तो वो सबूत बन जायेगा। सीसीटीवी फुटेज और ई-मेल सब कुछ जांचा जाएगा। '' इस बीच, अखिल मैथ्यू के करीबी लोगों ने दावा किया कि वह घोटाले में शामिल नहीं थे और जिस दिन उनके बारे में कहा गया कि उन्होंने राजधानी में हरिदासन से रिश्वत ली थी, उस दिन वह एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पथनमथिट्टा में थे। स्वास्थ्य मंत्री के कार्यालय के खिलाफ सामने आए रिश्वतखोरी के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इसकी व्यापक जांच की जानी चाहिए। हरिदासन ने आरोप लगाया है कि एक बिचौलिए ने उनसे संपर्क किया और दावा किया कि ऐसी नियुक्तियां मंत्री के कार्यालय के माध्यम से की जा रही हैं, और उनसे किश्तों में रिश्वत के रूप में एक बड़ी राशि का भुगतान करने के लिए कहा। पथनमथिट्टा में माकपा की श्रमिक संगठन शाखा ‘सीटू' के एक पूर्व कार्यालय सचिव ने कथित तौर पर बिचौलिए के रूप में काम किया और उक्त नियुक्ति के लिए रिश्वत ली। उन्होंने दावा किया कि पैसे देने के बावजूद उनकी बहू को नौकरी नहीं मिली।
- सागर (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में गुरुवार एक तेज रफ्तार जीप ने चार पहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पीड़ित कोलुआ गांव से थोक में सब्जियां खरीदकर खुरई सब्जी मंडी लौट रहे थे, तभी बनहट गांव के पास दुर्घटना का शिकार हो गए। खुरई ग्रामीण पुलिस थाना प्रभारी गौरव तिवारी ने कहा कि चारों ने अपनी पिकअप वैन सड़क किनारे खड़ी कर दी और उसी पर बैठ गये। सब्जी लदे चार पहिया वाहन में पीछे से तेज गति से आ रही एक जीप ने टक्कर मार दी। टक्कर के कारण पिकअप वैन पलट गई। अधिकारी ने कहा कि पीड़ितों में से एक की पहचान भरत लोधी (45) के रूप में हुई, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि माखन पटेल (47) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। अन्य दो घायल व्यक्तियों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और आगे की जांच जारी है।
- वेरावल (गुजरात),। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख एस. सोमनाथ ने गुरुवार को कहा कि उनके चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3' के रोवर ‘प्रज्ञान' ने वह काम कर दिया है जो इससे किये जाने की अपेक्षा की गई थी और यदि यह वर्तमान निष्क्रिय अवस्था (स्लीप मोड) से सक्रिय होने में विफल रहता है तो भी कोई समस्या नहीं होगी। वह गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में सोमनाथ मंदिर दर्शन करने गये थे और इसके बाद यहां संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी अब एक्सपीओसैट या एक्स-रे पोलरिमीटर उपग्रह प्रक्षेपण के लिए तैयारी कर रही है और यह प्रक्षेपण नवंबर या दिसंबर में किया जा सकता है। चंद्रमा पर वर्तमान में ‘प्रज्ञान' के सुप्तावस्था या निष्क्रिय अवस्था में होने की स्थिति पर इसरो प्रमुख ने कहा कि चंद्रमा पर तापमान शून्य से लगभग 200 डिग्री सेल्सियस नीचे जाने पर अत्यधिक प्रतिकूल मौसम के कारण इसके इलेक्ट्रॉनिक सर्किट यदि क्षतिग्रस्त नहीं हुए हैं, तो यह फिर से सक्रिय हो जायेगा।उन्होंने कहा, ‘‘यदि यह सक्रिय नहीं हुआ तो भी ठीक है क्योंकि रोवर ने वह काम कर दिया है जो इससे करने की अपेक्षा की गई थी।'' इसरो ने पिछले सप्ताह कहा था कि चंद्रमा पर सुबह होने के साथ ही ‘चंद्रयान-3' के सौर ऊर्जा से संचालित लैंडर ‘विक्रम' और रोवर ‘प्रज्ञान' के साथ संपर्क स्थापित कर इन्हें फिर से सक्रिय करने का प्रयास कर रहा है ताकि वे वैज्ञानिक प्रयासों को जारी रख सकें। चंद्रमा पर रात होने से पहले, लैंडर और रोवर दोनों क्रमशः चार और दो सितंबर को निष्क्रिय अवस्था में चले गये थे। सोमनाथ ने आगामी मिशन के बारे में कहा कि इसरो अब एक्सपीओसैट या एक्स-रे पोलरिमीटर उपग्रह के लिए तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘यह एक्सपोसैट तैयार है और इसे हमारे पीएसएलवी रॉकेट के जरिए प्रक्षेपित किया जायेगा। हमने अभी तक किसी तारीख की घोषणा नहीं की है, लेकिन इसका प्रक्षेपण नवंबर या दिसंबर में किया जा सकता है।'' सोमनाथ ने कहा कि एक और मिशन ‘इन्सैट-3डीएस' की भी तैयारी है, जो एक जलवायु उपग्रह है और जिसे दिसंबर में प्रक्षेपित किया जायेगा। उन्होंने कहा, ‘‘फिर हम एसएसएलवी डी3 का प्रक्षेपण करेंगे। जैसा कि आप जानते हैं यह हमारा लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान है। यह तीसरा प्रक्षेपण है। यह प्रक्षेपण नवंबर या दिसंबर में किया जायेगा। इसके बाद नासा-इसरो सिंथेटिक एपर्चर रडार या निसार की बारी आयेगी। इसे अगले साल फरवरी में प्रक्षेपित किया जायेगा।'' उन्होंने कहा कि ‘गगनयान' मिशन के परीक्षण यान ‘डी1' का प्रक्षेपण अक्टूबर में किया जायेगा।
-
मुंबई. यात्रा और पर्यटन क्षेत्र में तेजी के साथ उद्योग में नियुक्ति को लेकर मांग में अगस्त महीने में सालाना आधार पर 44 प्रतिशत का उछाल आया। फांउडइट (पूर्व में मॉन्स्टर एपीएसी एंड एमई) की एक रिपोर्ट में यह कहा गया है। रिपोर्ट कहती है कि रोजगार में वृद्धि का कारण लोगों की खर्च योग्य आय बढ़ना तथा छुट्टियां बिताने और व्यापार यात्रा पर अत्यधिक खर्च है। महामारी से पहले यात्रा और पर्यटन क्षेत्र में 2019 में 16 प्रतिशत की अच्छी वृद्धि हुई। हालांकि, कोविड महामारी और उसकी रोकथाम के लिये लगाये गये ‘लॉकडाउन' के कारण उत्पन्न बाधाओं और यात्रा प्रतिबंधों से 2020 और 2021 में नौकरियों के विज्ञापन में क्रमश: 47 प्रतिशत और 27 प्रतिशत की गिरावट आई। रिपोर्ट में कहा गया है कि उद्योग 2022 में पटरी पर आना शुरू हुआ। उस दौरान नियुक्तियों में मामूली तीन प्रतिशत की वृद्धि हुई। हालांकि, इस साल इसमें नाटकीय रूप से सुधार हुआ है। इसका कारण लोग फिर से छुट्टियों और व्यापार के मकसद से यात्रा पर निकल रहे हैं। फाउंडइट की रिपोर्ट अगस्त, 2023 के आंकड़ों पर आधारित है।
कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शेखर गरीसा ने कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास और पर्यटक स्थलों को बढ़ावा देने पर केंद्रित सरकार के कदमों से यात्रा और पर्यटन उद्योग में तेजी आई है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत ने पर्यटन निर्माण परियोजनाओं के लिये 100 प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की अनुमति देकर निवेशकों के लिये रास्ते भी खोले हैं। जी-20 शिखर सम्मेलन में भागीदारी ने देश में पर्यटन को और बढ़ावा दिया है। -
नयी दिल्ली. नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से लाए गए कुछ चीतों की त्वचा पर यहां की गर्मी के दौरान उन्हें सर्दियों से बचाने वाले फर दिखने से चिंतित भारत अब उत्तर अफ्रीका से चीते लाने पर विचार कर रहा है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक चीतों को भारत में बसाने की योजना को लागू करने के पहले साल सबसे बड़ी चुनौती जो सामने आई है वह कुछ चीतों की त्वचा पर भारत की गर्मी और मानसून के दौरान अफ्रीका की सर्दी (जून से सितंबर) से पहले विकसित होने वाले फर दिखना है। एक वरिष्ठ वन अधिकारी ने कहा कि यहां तक अफ्रीकी विशेषज्ञों को भी इसकी उम्मीद नहीं थी।
अधिकारी ने बताया कि त्वचा पर उगे फर के साथ ही चीतों के लिए भारत में उच्च तापमान एवं नमी युक्त मौसम ने समस्या और बढ़ा दी क्योंकि इससे उन्हें खुजली का सामना करना पड़ा जिसे दूर करने के लिए वे अपने गले को जमीन या पेड़ों के तनों से रगड़ते थे। उन्होंने बताया कि इसकी वजह से उनकी त्वचा में जख्म हुए एवं मक्खियों ने उनके जख्म में अंडे दिए जिसका नतीजा रहा कि वे जीवाणुओं से संक्रमित हुए एवं तीन चीतों की मौत हो गई। चीता परियोजना से जुड़े एक अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं होने का अनुरोध करते हुए बताया, ‘‘उत्तरी गोलार्द्ध स्थित उत्तरी और उत्तर पूर्वी अफ्रीका में रहने वाले चीते संभव है कि भारतीय परिस्थितियों को बेहतर तरीके से अंगीकार करें। इस पर विचार किया जा रहा है लेकिन हमें अफ्रीका के इस हिस्से में चीतों की स्थिति का आकलन करना है। हमें उनकी सख्ंया, स्वास्थ्य स्थिति, प्रजनन चक्र आदि का विश्लेषण करना है।'' अधिकारी ने बताया कि ब्रिटेन और अमेरिका सहित कई अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने कहा कि उन्होंने उत्तरी अफ्रीका से चीते अपने देश में मंगाए एवं उन्होंने भारत से भी ऐसा ही करने की सिफारिश की है। चीता परियोजना के प्रमुख एवं पर्यावरण मंत्रालय में अतिरिक्त महानिदेशक (वन) एस.पी. यादव ने कहा, ‘‘भविष्य में उत्तर अफ्रीका से चीते लाने के विचार पर चर्चा की जा रही है लेकिन चीतों की अगली खेप दक्षिण अफ्रीका से आएगी।'' उन्होंने कहा कि भारत की योजना ऐसे चीतों को देश में लाने की है जिनकी त्वचा पर घने फर न विकसित हों और इसके पीछे का कारण कुछ चीतों में फर की वजह से होने वाला संक्रमण है जिससे उनमें से तीन की मौत हो गई थी। इसके बाद अधिकारियों को सभी चीतों को पकड़ कर इलाज के लिए बाड़ों में वापस लाना पड़ा।
एक तीसरे अधिकारी ने कहा कि नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका के अलावा अन्य देशों से चीतों को लाने का विचार शुरुआती चरण में है और इस पर बहुत विचार-विमर्श और काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कूनो में सभी चीते फिलहाल बड़े बाड़ों में हैं और जल्द ही उन्हें जंगल में छोड़ दिया जाएगा। ऐतिहासिक रूप से उत्तरी अफ्रीका में चीते पाए जाते रहे हैं, लेकिन इस क्षेत्र में उनकी संख्या में तेजी से कमी आ रही है और कई उत्तरी अफ्रीकी देशों में चीते विलुप्त हो गए या विलुप्त होने के कगार पर माने जाते हैं। -
जींद.हरियाणा के जींद जिले के नरवाना उपमंडल के गांव में मां के खिलाफ भाइयों के साथ मिल कर अपने तीन नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट करने, भूखा रखने तथा कमरे में बंधक बना कर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बच्चों ने अपनी मां पर अन्य घृणित आरोप भी लगाए हैं।
उन्होंने बताया कि बच्चों के पिता की शिकायत पर उनकी मां समेत तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -
नयी दिल्ली. नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने बुधवार को कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी कामकाजी आबादी और मजबूत भौतिक एवं डिजिटल संस्थानों की मौजूदगी से भारत के लिए अब उड़ान भरने का वक्त आ गया है। बेरी ने यहां ‘पब्लिक अफेयर्स फोरम ऑफ इंडिया' की तरफ से आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था ऐसे मुकाम पर है जहां निजी क्षेत्र को अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र देश में शोध एवं विकास गतिविधियों में 40 प्रतिशत योगदान करता है जबकि विकसित देशों में यह अनुपात 70 प्रतिशत है। बेरी ने कहा, ‘‘यह भारत के लिए उड़ान भरने का वक्त है। मानवता के पांचवें हिस्से के जीवनस्तर में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस बात में कोई संदेह नहीं है कि भारत आगे बढ़ रहा है। भारत के पास दुनिया की सबसे बड़ी कामकाजी उम्र वाली आबादी है और इसके पास मजबूत भौतिक एवं डिजिटल संस्थान भी हैं।'' इस मौके पर नीति आयोग के उपाध्यक्ष ने शहरीकरण के प्रबंधन, नियमों को स्थिर एवं सतत बनाने और व्यापक बदलाव वाली प्रौद्योगिकियों को अपनाने जैसी अहम चुनौतियों से निपटने की जरूरत पर भी बल दिया।
- नयी दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय ने कहा है कि कोई व्यक्ति इस आधार पर भरण-पोषण राशि में कटौती नहीं कर सकता है कि खर्चों को पूरा करने के लिए उसकी पत्नी प्रयास कर रही है। अदालत ने कहा कि पति के भुगतान के दायित्वों को पूरा करने में विफल रहने के बाद पत्नी द्वारा खर्चों को पूरा करने का प्रयास उसे दिए गए अंतरिम भरण-पोषण को कम करने का कारण नहीं हो सकता है। उच्च न्यायालय ने ये टिप्पणियां एक व्यक्ति द्वारा निचली अदालत के उस आदेश के खिलाफ अपील पर कीं, जिसमें अपनी पत्नी के भरण-पोषण के लिए 8,000 रुपये प्रति माह और अपने नाबालिग बच्चे के लिए 3,000 रुपये प्रति माह का भुगतान करने का निर्देश देने वाले आदेश को संशोधित करने से इनकार कर दिया गया था। उच्च न्यायालय के समक्ष, पति ने यह दलील देते हुए भरण-पोषण राशि में कटौती का अनुरोध किया कि इस तथ्य के अलावा कि उसकी कमाई कोविड-19 के कारण कम हो गई। इस व्यक्ति ने दलील दी कि उसकी पत्नी ने एक स्कूल में काम करना शुरू कर दिया था और बाद में एक स्टार्ट-अप में नौकरी कर ली। उच्च न्यायालय ने इन दलीलों को खारिज करते हुए कहा कि पति पर लगभग 4,67,000 रुपये का बकाया था और यदि पत्नी अपने और बेटी के दैनिक खर्चों को पूरा करने के लिए काम करना शुरू कर देती है, तो इसे भरण-पोषण राशि कम करने का आधार नहीं माना जा सकता है। न्यायमूर्ति सुरेश कुमार कैत और न्यायमूर्ति नीना बंसल कृष्णा की पीठ ने हाल में दिये एक आदेश में कहा, ‘‘प्रतिवादी (पत्नी) द्वारा अपने खर्चों को पूरा करने के लिए 6,000 रुपये से 10,000 रुपये की आय का सृजन, पति भरण-पोषण राशि का भुगतान करने के अपने दायित्वों का निर्वहन करने में विफल रहा है और उस पर 4,67,000 रुपये से अधिक का बकाया है, इसे अंतरिम भरण-पोषण को संशोधित/कम करने का कारण नहीं माना जा सकता है।'' अदालत ने कहा कि पति एक वरिष्ठ वास्तुकार है, जिसके पास 20 साल से अधिक का अनुभव है और महामारी के दौरान हालांकि उसके व्यवसाय में गिरावट आई थी, लेकिन यह फिर से फल-फूल गया है।
-
पिथौरागढ़. उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के खूबसूरत सरमोली गांव को बुधवार को देश का सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव का पुरस्कार दिया गया । नयी दिल्ली में भारत मंडपम प्रेक्षागृह में आयोजित एक कार्यक्रम में पर्यटन मंत्रालय की ओर से यह पुरस्कार मल्लिका विर्दी को दिया गया। पुरस्कार में एक स्वर्ण पदक और एक प्रशस्ति पत्र शामिल है । विर्दी ने ही मुनस्यारी सब डिवीजन में स्थित सरमोली में एक गैर सरकारी संगठन हिमालयन आर्क के माध्यम से 2016 में ग्राम पर्यटन प्रोत्साहन की प्रक्रिया को शुरू किया था । विर्दी ने कहा, 'देश के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव के रूप में पुरस्कार मिलना सरमोली के सभी निवासियों खास तौर से समुदाय आधारित पर्यटन में विश्वास रखने वाले सभी लोगों के लिए सम्मान की बात है ।' पुरस्कार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि उनके गांव को यह पुरस्कार इसलिए मिला क्योंकि उनका पर्यटन का मॉडल क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और ग्रामीण रहन—सहन पर आधारित है । उन्होंने बताया कि सरमाली गांव का चयन इस श्रेणी में 750 आवेदनों में से किया गया । विर्दी ने कहा, ' इस सफलता का श्रेय पूरे गांव को जाता है ।' इस गांव में 50 परिवार सीधे तौर पर होम स्टे पर्यटन से जुड़े हैं जबकि 30 अन्य परिवार टैक्सी चालक, पर्यटक गाइड, स्थानीय शिल्प और खाद्य उत्पादों के व्यापार में लगे हैं । गांव में होमस्टे सुविधाओं का 2016 से अब तक 700 पर्यटक उपयोग कर चुके हैं जिससे ग्रामीणों को 50 लाख रू से अधिक का राजस्व मिल चुका है ।
-
अहमदाबाद. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि उनका लक्ष्य भारत को वैश्विक विकास का इंजन बनाना है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि देश जल्द ही दुनिया की आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरेगा। ‘वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन' के 20 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में मोदी ने कहा कि उन्होंने 20 साल पहले ‘वाइब्रेंट गुजरात' के छोटे-छोटे बीज बोए थे और आज यह एक बड़े पेड़ के रूप में विकसित हो गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने राज्य को भारत का विकास इंजन बनाने के लिए वाइब्रेंट गुजरात का आयोजन किया। 2014 के बाद हमारा लक्ष्य भारत को वैश्विक वृद्धि का इंजन बनाना है।'' उन्होंने कहा कि देश ऐसे मोड़ पर खड़ा है कि वह जल्द ही वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरेगा। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यह मेरी आपको गारंटी है कि अब से कुछ वर्षों में, आपकी आंखों के सामने, भारत दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा।'' मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे एक साधारण शुरुआत से, वाइब्रेंट गुजरात कार्यक्रम एक संस्थान में बदल गया है और बाद में कई राज्यों ने इसका अनुसरण करते हुए निवेश शिखर सम्मेलन आयोजित किए। मोदी ने वाइब्रेंट गुजरात की सफलता के विभिन्न चरणों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि हर काम तीन चरणों से गुजरता है- पहले उसका मजाक उड़ाया जाता है, बाद में उसे विरोध का सामना करना पड़ता है और अंत में उसे स्वीकार किया जाता है, खासकर तब जब विचार समय से पहले का होता है।'' प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वाइब्रेंट गुजरात ऐसे समय में सफल हुआ जब तत्कालीन केंद्र सरकार (पूर्ववर्ती संप्रग सरकार) राज्य की औद्योगिक प्रगति के प्रति 'उदासीन' थी।
- वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण विधेयक को तीन दशकों तक ''रोका'', और अब जब विधेयक पारित हो गया है तो वे महिलाओं को जाति और धर्म के आधार पर विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं ने यह सुनिश्चित करने के लिए अतीत में “मैच फिक्सिंग” की थी कि विधेयक को संसद की मंजूरी नहीं मिले, इसलिए महिलाओं को उनसे "सावधान" रहना चाहिए। मोदी ने संसद के दोनों सदनों में विधेयक पारित होने के लिए यहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी द्वारा धन्यवाद देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही, जिसमें हजारों महिलाओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा, “इस गलतफहमी में मत रहिए कि उन्होंने (विपक्ष ने) अपना रवैया बदल लिया है। उन्होंने विधेयक का समर्थन किया है क्योंकि वे आपसे डरते हैं। उन्होंने तीन दशक तक महिला आरक्षण विधेयक को रोकने के लिए हर संभव कोशिश की। जरा उनका पिछला ट्रैक रिकॉर्ड जांचें। उन्होंने हर तरह के बहाने बनाए, विधेयक को फाड़ दिया और हर तरह का नाटक किया।” उन्होंने कहा, “इन लोगों ने अतीत में विधेयक को रोकने के लिए एक-दूसरे के साथ मैच फिक्सिंग की थी। उन्होंने इसे लोकसभा में पारित किया, लेकिन राज्यसभा में रोक दिया। यह उनका काम था। अब, जब मोदी इसे करने में कामयाब रहा है, तो वे महिलाओं के बीच विभाजन पैदा करने की साजिश कर रहे हैं। यह ‘इंडिया' नहीं है (विपक्षी गठबंधन का जिक्र करते हुए), ये 'घमंडिया' हैं।'' मोदी ने कहा कि महिलाओं को इस 'साजिश' के खिलाफ मजबूती से खड़ा होना चाहिए और विपक्ष से कहना चाहिए कि महिलाओं के बीच विभाजन पैदा न करें। उन्होंने कहा, “वे इस विधेयक को पारित करने के इच्छुक नहीं थे। यही कारण है कि उन्होंने 'किंतु, परंतु' जैसी अभिव्यक्तियों का उपयोग करके विभिन्न प्रश्न उठाए। वे अब महिलाओं को जाति और धर्म के नाम पर विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं। चूंकि उन्होंने (विपक्षी दलों ने) अनिच्छा से इस विधेयक को अपना समर्थन दिया है, इसलिए मैं महिलाओं से उनसे सावधान रहने का आग्रह करता हूं।” कांग्रेस ने विधेयक पर मतदान करते हुए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए कुल 33 प्रतिशत आरक्षण में ओबीसी महिलाओं के लिए कोटा की मांग की थी। एआईएमआईएम ने विधेयक का विरोध करते हुए मुस्लिम महिलाओं के लिए कोटा की मांग की।मोदी ने यह दावा भी किया कि अतीत में जब उन्होंने उज्ज्वला योजना, घर में शौचालय योजना और महिलाओं के लिए बैंक खाते जैसी महिला समर्थक योजनाएं शुरू कीं तो विपक्षी दलों ने उनका मजाक उड़ाया था। उन्होंने यह भी बताया कि कैसे महिला स्वयं-सहायता समूह (एसएचजी) ग्रामीण महिलाओं को "लखपति दीदी" बना रहे हैं। उन्होंने एक महिला का उदाहरण दिया जिसने स्वयं-सहायता समूह से प्राप्त आय से अपने पति के लिए ऋण पर ट्रैक्टर खरीदा। प्रधानमंत्री ने कहा, “उस लखपति दीदी से मिलने के बाद, मैंने देश भर में दो करोड़ लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है।” मोदी ने कहा, “हम अब स्वयं-सहायता समूहों की महिलाओं को ड्रोन चलाना सिखाएंगे। हम इन समूहों को ड्रोन देंगे। इन ड्रोनों का इस्तेमाल खेतों में उर्वरक और कीटनाशकों के छिड़काव के लिए किया जाएगा। महिलाएं अब ड्रोन तकनीशियन बनेंगी और इस आधुनिक कृषि पद्धति का उपयोग करके ग्रामीण क्षेत्रों में काम करेंगी। ये महिलाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देंगी।”

.jpg)
.jpeg)


.jpeg)






.jpeg)
.jpeg)

.jpg)

.jpg)




.jpg)


.jpg)
.jpeg)

.jpg)