- Home
- खेल
-
नई दिल्ली। भारत ने संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में महज 107 रन पर समेट दिया है। भारत की ओर से हेनिल पटेल ने सर्वाधिक 5 विकेट अपने नाम किए।
भारत ने टॉस जीतकर यूएसए को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। यूएसए को 1.3 ओवर में अमरिंदर गिल (1) के रूप में पहला झटका लगा। टीम इस वक्त तक सिर्फ खाता ही खोल सकी थी।यहां से अर्जुन महेश ने साहिल गर्ग के साथ 45 गेंदों में 28 रन जोड़कर यूएसए को संभालने की कोशिश की, लेकिन 29 के स्कोर पर साहिल का विकेट गंवाने के बाद विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया।साहिल 28 गेंदों में 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि अर्जुन ने 29 गेंदों में 2 चौकों के साथ इतने ही रन बनाए।टीम ने 39 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। यहां से नीतीश सुदिनी ने अदनित झांब के साथ पांचवें विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी करते हुए टीम को फिर से संभालने की कोशिश की।अदनित 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि नीतीश ने 52 गेंदों में 4 चौकों के साथ 36 रन बनाए, लेकिन टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा नहीं सके।भारत की तरफ से हेनिल पटेल ने 7 ओवरों में महज 16 रन देकर 5 विकेट हासिल किए, जबकि दीपेश देवेंद्रन, आरएस अंबरीश, खिलन पटेल और वैभव सूर्यवंशी ने 1-1 विकेट हासिल किया।आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश पंगालिया, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन और खिलान पटेल के साथ उतरी है।दूसरी ओर, उत्कर्ष श्रीवास्तव की कप्तानी में यूएसए की टीम में साहिल गर्ग, अमरिंदर गिल, अर्जुन महेश (विकेटकीपर), ऋत्विक अप्पीदी, अदनीत झांब, अमोघ आरेपल्ली, नितीश सुदिनी, सबरीश प्रसाद, अदित कप्पा और ऋषभ शिम्पी शामिल हैं। - नयी दिल्ली. भारत–पाकिस्तान टी20 विश्व कप मुकाबले के टिकटों की बिक्री शुरू होते ही बुधवार को आधिकारिक वेबसाइट ‘बुकमायशो' ठप (क्रैश) हो गई। पुरुषों के टी20 विश्व कप के लिए टिकटों की दूसरी चरण की बिक्री शुरू होने के कुछ ही मिनटों बाद कोलंबो में होने वाले इस बहुप्रतीक्षित मैच को लेकर भारी मांग उमड़ पड़ी। इस चरण में भारत–पाकिस्तान मुकाबले के टिकट शामिल किए गए थे, जिसके चलते वेबसाइट पर ट्रैफिक अचानक बहुत बढ़ गया। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के लॉगिन करने और टिकट खरीदने की कोशिशों के कारण वेबसाइट के सर्वर दबाव नहीं झेल पाए और ठप हो गए। सूत्र ने बताया,‘‘ कई उपयोगकर्ताओं ने लेनदेन विफल होने और लंबे समय तक इंतजार की शिकायत की। एक साथ आने वाली अत्यधिक रिक्वेस्ट्स की वजह से सर्वर क्रैश हो गए।” भारत और पाकिस्तान के बीच यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला 15 फरवरी को खेला जाएगा।
- नयी दिल्ली/ शतरंज के दिग्गज मैग्नस कार्लसन ने आगामी नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में अपनी भागीदारी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा है कि वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जो इस बार स्टावेंजर की जगह ओस्लो में खेली जाएगी। कार्लसन पिछले 13 वर्षों में अपनी घरेलू धरती पर होने वाले टूर्नामेंट में हमेशा खेलते रहे हैं लेकिन हाल में उन्होंने क्लासिकल शतरंज से दूरी बढ़ाने का फैसला किया था जिससे उनका इस प्रतियोगिता में भाग लेने को लेकर संदेह पैदा हो गया था। नॉर्वे शतरंज क्लासिकल प्रारूप का टूर्नामेंट है और कार्लसन इसे सात बार जीत चुके हैं। आयोजकों विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मैग्नस कार्लसन नॉर्वे शतरंज 2026 में अपनी भागीदारी की सार्वजनिक रूप से पुष्टि करने वाले पहले खिलाड़ी हैं। शेष प्रतिभागियों की घोषणा आने वाले सप्ताहों में की जाएगी। इसके साथ ही नॉर्वे शतरंज में भाग लेने वाली महिला खिलाड़ियों की सूची भी जारी की जाएगी।'' नॉर्वे शतरंज प्रतियोगिता 25 मई से पांच जून तक ओस्लो में खेली जाएगी।
- रांची/ जुगराज सिंह की हैट्रिक के दम पर श्राची बंगाल टाइगर्स ने पुरूष हॉकी इंडिया लीग में मंगलवार को एकॉर्ड तमिलनाडु ड्रैगंस को 5 . 3 से हराया । इस मैच से पहले तालिका में सातवें स्थान पर काबिज टाइगर्स के लिये यह अहम जीत थी लेकिन अब जीत के बाद टीम चौथे स्थान पर पहुंच गई है । जुगराज एचआईएल जीसी के केन रसेल के बाद इस सत्र में हैट्रिक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए । उनके अलावा सुखजीत (33वां) और अभिषेक (55वां मिनट) ने भी गोल दागे । वहीं ड्रैगंस के लिये अद्रोहित इक्का (36वां), थॉमस सोर्सबी (48वां) और ब्लेक गोवर्स (51वां) ने गोल किये ।
- वडोदरा. भारत के ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को चोट लगने का डर है और रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले एकदिवसीय के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव होने के बाद उनका स्कैन किया जाएगा। इस 26 साल के खिलाड़ी ने पांच ओवर में 27 रन दिए लेकिन न्यूजीलैंड की पारी के बीच में ही मैदान से बाहर चले गए और वापस मैदान पर नहीं लौटे। परेशानी के बावजूद वह बाद में नंबर आठ पर बल्लेबाजी करने आए और भारत की चार विकेट से जीत में भूमिका निभाई। भारत के कप्तान शुभमन गिल ने मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान कहा, ‘‘वाशिंगटन सुंदर को साइड स्ट्रेन है और मैच के बाद उनका स्कैन होगा।'' वाशिंगटन सात रन बनाकर नाबाद रहे और लोकेश राहुल (नाबाद 29) के साथ 16 गेंद में 27 रन की अटूट साझेदारी की जिससे भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 49 ओवर में छह विकेट पर 306 रन बनाकर जीत दर्ज की। राहुल ने कहा कि साझेदारी के दौरान उन्हें वाशिंगटन की चोट की गंभीरता के बारे में पता नहीं था।राहुल ने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता था कि वह दौड़ नहीं सकता। मुझे पता था कि पहली पारी में उसे कुछ परेशानी थी, लेकिन मुझे इसकी गंभीरता के बारे में पता नहीं था।'' उन्होंने कहा, ‘‘वह गेंद को बहुत अच्छी तरह से मार रहा था। जब वह आया तो हम पहले से ही लगभग एक रन प्रति गेंद की दर से रन बना रहे थे इसलिए जोखिम लेने की कोई जरूरत नहीं थी। उस पर अधिक दबाव नहीं था। उसने स्ट्राइक रोटेट की और अपना काम किया।''
-
ग्रेटर नोएडा. निकहत ज़रीन और लवलीना बोरगोहेन ने अपना दमदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को यहां राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीते जबकि चोटिल होने के कारण लंबे समय बाद वापसी करने वाले विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता मोहम्मद हुसामुद्दीन ने पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सेना खेल संवर्धन बोर्ड (एसएससीबी) ने 12 स्वर्ण पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करके अपना दबदबा कायम रखा, जिसमें पुरुषों के वर्ग में नौ स्वर्ण पदक शामिल हैं। हुसामुद्दीन ने कड़े मुकाबले वाले फाइनल में सेना के अपने साथी मुक्केबाज और 60 किलोग्राम वर्ग के मौजूदा चैंपियन सचिन सिवाच को 3-2 के विभाजित फैसले में हराकर स्वर्ण पदक जीता। उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही थी लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की। मुकाबला समाप्त होने के बाद थोड़ी देर के लिए भ्रम की स्थिति पैदा हो गई जब परिणाम पहले सचिन के पक्ष में घोषित किया गया, लेकिन कुछ ही क्षणों बाद इसे ठीक कर दिया गया। हुसामुद्दीन ने जीत के बाद कहा, ‘‘यह खिताब मेरे लिए बहुत मायने रखता है क्योंकि इस साल कई टूर्नामेंट होने वाले हैं। इसके अलावा चोट के बाद वापसी करने पर मुझे यह साबित करना था कि मैं अभी भी अच्छा प्रदर्शन कर सकता हूं।'' विश्व कप के पदक विजेता जदुमणि सिंह ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए 55 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ पुरुषों के बाद भी चुना गया। मणिपुर के इस 21 वर्षीय मुक्केबाज ने सेमीफाइनल में दो बार के ओलंपियन और 2019 की विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता अमित पंघाल को पराजित किया था। फाइनल में उन्होंने सेना के अपने साथी पवन वर्त्वाल को हराया। सेना के आदित्य प्रताप ने 65 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में हिमाचल प्रदेश के मौजूदा चैंपियन अभिनश जमवाल को 3-2 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। जमवाल पिछले साल विश्व कप में तीन रजत पदक जीतकर लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में शामिल थे। महिला वर्ग में तेलंगाना की निकहत ने 51 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में हरियाणा की 2023 की विश्व चैंपियन नीतू घंघास को सर्वसम्मत निर्णय से हराकर अपना तीसरा राष्ट्रीय चैंपियनशिप खिताब जीता। तोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना ने भी अपनी ख्याति के अनुरूप प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने रेलवे की सनमाचा चानू को 5-0 से हराकर 75 किलोग्राम वर्ग का खिताब अपने नाम किया। निकहत और लवलीना का इस जीत से आत्मविश्वास बढ़ेगा क्योंकि इस साल एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेल सहित कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताएं होनी हैं। निकहत ने बाद में कहा, ‘‘मैंने नए साल की शुरुआत एक चैंपियन के रूप में की है जो बहुत बढ़िया है। आज की मेरी प्रतिद्वंदी खुद एक विश्व चैंपियन थीं, इसलिए मुकाबला कड़ा था। इतनी बेहतरीन मुक्केबाजों के खिलाफ जीत से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है।'' अखिल भारतीय पुलिस की मौजूदा विश्व चैंपियन मीनाक्षी हुडा (48 किलोग्राम) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। सेना की एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार ने 54 किलोग्राम का खिताब अपने नाम किया और उन्हें चैंपियनशिप की सर्वश्रेष्ठ महिला मुक्केबाज घोषित किया गया। हरियाणा की दिग्गज मुक्केबाज पूजा रानी ने 80 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में अपनी ही राज्य की खिलाड़ी नैना को 5-0 से हराकर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 10वां स्वर्ण पदक जीता। स्वर्ण पदक जीतने वाली अन्य महिला खिलाड़ियों में रेलवे की मुक्केबाज प्राची (57 किग्रा), प्रिया (60 किग्रा) और अल्फिया खान (80 किग्रा से अधिक), सेना की प्रांजल यादव (65 किग्रा) और अरुंधति चौधरी (70 किग्रा) शामिल हैं।
-
मुंबई। टाटा मुंबई मैराथन (टीएमएम) के 21वें सत्र का आयोजन यहां 18 जनवरी को होगा जिसमें भाग लेने के लिए 60,000 से अधिक धावकों ने पंजीकरण कराया है।आयोजकों के अनुसार, विश्व एथलेटिक्स ‘गोल्ड लेबल’ दौड़ में रिकॉर्ड 69,100 प्रतिभागी शामिल होंगे। इसमें 65,400 से अधिक प्रतिभागी प्रत्यक्ष रूप से और 3,700 वर्चुअल (ऑनलाइन) रन में भाग लेंगे।
पहली बार रिकॉर्ड 14,059 धावक पूर्ण मैराथन में प्रतिस्पर्धा करेंगे। हाफ मैराथन और ओपन 10 किमी दौड़ में भी भागीदारी में भारी वृद्धि हुई है।महाराष्ट्र सरकार के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा, ‘‘पिछले दो दशकों में टाटा मुंबई मैराथन ने लोगों के शारीरिक स्वास्थ्य और शहर की आर्थिक स्थिति दोनों पर सकारात्मक प्रभाव डाला है। धावकों के अलावा, इससे एयरलाइंस, होटल और स्थानीय विक्रेताओं को भी लाभ होता है। यह अर्थव्यवस्था को गति देने वाला प्रमुख कारक बन गया है।’’आयोजकों के अनुसार, 2025 सत्र में गैर-सरकारी संगठनों द्वारा 53.62 करोड़ रुपये जुटाए गए, जिनमें शिक्षा के लिए सबसे ज्यादा 27.66 करोड़ रुपये जुटाए गए।आयोजक ‘प्रोकैम इंटरनेशनल’ की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘‘पिछले तीन वर्षों में टाटा मुंबई मैराथन ने कुल मिलाकर 1,182.67 करोड़ रुपये का योगदान दिया है, जो सामाजिक और आर्थिक विकास के उत्प्रेरक के रूप में इसके प्रभाव को रेखांकित करता है।’’ - मुंबई । भारत की महान तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी का मानना है कि महिला वनडे विश्व कप और दो डब्ल्यूपीएल ट्रॉफी जीतने वाली हरमनप्रीत कौर की कप्तानी का रिकॉर्ड टूटना मुश्किल है और वह अगले चार पांच साल और खेल सकती है । हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने वनडे विश्व कप जीता लेकिन इससे पहले वह अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को डब्ल्यूपीएल खिताब दिला चुकी हैं । मुंबई की गेंदबाजी कोच और मेंटोर झूलन ने कहा ,‘‘ उसने भारतीय क्रिकेट और मुंबई इंडियंस के लिये जो किया है , वह अद्भुत है । मुझे नहीं लगता कि निकट भविष्य में कोई उसका रिकॉर्ड तोड़ सकता है । वह विश्व कप विजेता पहली भारतीय महिला कप्तान है और दो डब्ल्यूपीएल ट्रॉफी भी जीत चुकी है । उम्मीद है कि आने वाले समय में और भी जीतेगी ।'' झूलन ने यह भी कहा कि विश्व कप जीतने के बाद उनके , मिताली राज, अंजुम चोपड़ा और रीमा मल्होत्रा जैसे पूर्व क्रिकेटरों के साथ जश्न मनाना पहले से सोचा हुआ नहीं था । उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे नहीं लगता कि उस समय हमने कुछ बात की । बस जज्बात उमड़ रहे थे । मैं हरमन, स्मृति (मंधाना) और पूरी टीम को इसके लिये धन्यवाद देती हूं । यह पहले से तय नहीं था । हम प्रसारण से जुड़े थे और प्रोड्यूसर ने कहा कि जब टीम दर्शकों को धन्यवाद दे रही है तो हम एक या दो सवाल पूछ सकते हैं । लेकिन ये लड़कियां जिस तरह से हमारे पास आई और जश्न मनाया, मुझे नहीं लगता कि भारतीय क्रिकेट या किसी अन्य खेल ने इस तरह का कुछ कभी देखा है ।
- चेन्नई। केन रसेल की शानदार हैट्रिक के दम पर एचआईएल जीसी ने हॉकी इंडिया लीग पुरूष वर्ग के मुकाबले में बुधवार को श्राची बंगाल टाइगर्स को 6 . 3 से हराया । रसेल (19वां, 36वां और 44वां मिनट) , सैम वार्ड (19वां) , सुदीप चिरमाको (38वां) और जेम्स अल्बेरी (59वां) ने एचआईएल जीसी के लिये गोल किये जबकि श्राची बंगाल टाइगर्स के लिये कप्तान जुगराज सिंह (12वां), टॉम ग्रामबश (40वां) और क्रिस्टोफर रूर (40वां) ने गोल दागे। टाइगर्स को 11वें मिनट में लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर मिले जिनमे से एक पेनल्टी स्ट्रोक में बदला और कप्तान जुगराज ने उस पर गोल किया । दूसरे क्वार्टर में एचआईएल जीसी ने 19वें मिनट में दो गोल दागे। विरोधी गोल में 13 बार हमले और छह शॉट्स के बावजूद दो क्वार्टर के बाद टाइगर्स एक गोल से पीछे थे । तीसरे क्वार्टर में पांच मिनट के भीतर एचआईएल जीसी को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला जिस पर रसेल ने गोल दागा । इसके दो मिनट बाद चिरमाको ने फील्ड गोल करके टीम को तीन गोल की बढत दिला दी । श्राची बंगाल टाइगर्स ने 40वें मिनट में दो गोल करके अंतर कम किया । ग्रामबश ने पहले पेनल्टी कॉर्नर तब्दील किया और रूर ने रिबाउंड पर गोल दागा । एचआईएल जीसी को 44वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर रसेल ने तीसरा गोल किया । वहीं जेम्स अल्बेरी ने 59वें मिनट में टीम का छठा गोल दागा ।
- बेनोनी (दक्षिण अफ्रीका)। वैभव सूर्यवंशी ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए सैकड़ा जड़ा जबकि आरोन जॉर्ज ने भी शतकीय पारी खेली जिससे भारत की अंडर-19 टीम ने तीसरे युवा वनडे में दक्षिण अफ्रीका को 233 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला क्लीन स्वीप कर ली। कप्तान सूर्यवंशी ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद एक बार फिर छक्कों की बरसता करते हुए 74 गेंद में 127 रन बनाए जिसमें 10 छक्के और नौ चौके शामिल थे। बिहार के इस 14 साल के खिलाड़ी ने पिछले मैच में 24 गेंद में 68 रन की पारी खेली थी। सूर्यवंशी को जॉर्ज का अच्छा साथ मिला जिन्होंने 106 गेंद में 118 रन बनाए। इस तरह दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 227 रन की भागीदारी निभाकर बड़े स्कोर की नींव रखी। इस तरह भारत ने सात विकेट पर 393 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया जो दक्षिण अफ्रीका के लिए बहुत बड़ा लक्ष्य साबित हुआ और टीम 35 ओवर में 160 रन पर ऑल आउट हो गई। मेजबान टीम के लिए नटांडो सोनी (61 रन देकर तीन विकेट) और जेसन रोल्स (59 रन देकर दो विकेट) ने मिलकर पांच विकेट लिए। इस बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने चौथे ओवर में 15 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। किशन सिंह ने अपनी गेंदों से कहर बरपाते हुए शीर्ष क्रम में जोरिच वैन शाल्कविक (01), अदनान लागडियन (09) और लेथाबो फाहलामोहलाका (शून्य) को आउट कर दिया। उन्नीस साल के किशन सिंह ने दूसरे मैच में भी चार विकेट लिए थे और एक बार फिर सबसे सफल गेंदबाज रहे।डैनियल बोसमैन (40) और रोल्स (19) ने कुछ देर तक संघर्ष किया। इससे दक्षिण अफ्रीका 23वें ओवर में 99 रन पर छह विकेट गंवा बैठी। पॉल जेम्स (41) और कॉर्ने बोथा (नाबाद 36 रन) ने सिर्फ हार को टाला। इससे पहले सूर्यवंशी ने अपनी ‘पावर हिटिंग' से एक बार फिर सबका ध्यान खींचा और युवा वनडे में अपना तीसरा शतक पूरा किया। उन्होंने अब तक 18 मैच में चार अर्धशतक भी लगाए हैं। इस युवा खिलाड़ी ने अब 18 मैच में 54.05 की औसत और 164.08 के स्ट्राइक रेट से 973 रन बनाए हैं।भारत ने पहला मैच डकवर्थ लुईस पद्धति से 25 रन से और दूसरा मैच आठ विकेट से जीता था।
- केपटाउन. संन्यास से वापसी करने के बाद दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डीकॉक ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया है और उन्होंने इसका श्रेय किसी तरह के पूर्वाग्रह के साथ नहीं खेलने और किसी भी चुनौती के लिए मानसिक रूप से तैयार रहने को दिया। डीकॉक ने टेस्ट और वनडे से संन्यास लेने के बाद अक्टूबर 2025 में नामीबिया के खिलाफ टी20 मैच से वापसी की। वह 2024 में टी20 विश्व कप के फाइनल के बाद से इस प्रारूप में भी नहीं खेले थे जिससे क्रिकेट में उनका भविष्य अनिश्चित हो गया था। डीकॉक ने यहां सनराइजर्स ईस्टर्न केप और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच एसए20 मैच के बाद चुनिंदा मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि मैंने कभी भी किसी तरह के पूर्वाग्रह के साथ क्रिकेट खेली है। मेरी मानसिकता हमेशा जीतने की रही है। अगर मैं मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार होकर मैदान में उतरता हूं, तो मैं संतुष्ट रहता हूं, फिर चाहे मुझे सफलता मिले या नहीं।'' उन्होंने आगे कहा, ‘‘मुझे केवल तभी निराशा होती है जब मैं मानसिक रूप से तैयार नहीं रहता और अनावश्यक गलतियां कर देता हूं।'' डीकॉक की निगाह अब भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 विश्व कप पर टिकी हैं। वह भारतीय परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं जिसका वह फायदा उठाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं वहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हूं। मैं कई वर्षों से भारत का दौरा कर रहा हूं। अगर मैं अब तक भी वहां की परिस्थितियों को नहीं समझ पाया तो इसका मतलब यह होगा कि मैंने कुछ गलत किया है।
- नयी दिल्ली.। महान क्रिकेटर और पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव ने सोमवार को कहा कि भारत के पेशेवर गोल्फ टूर (पीजीटीआई) में बांग्लादेशी खिलाड़ियों की भागीदारी को लेकर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है । बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों से और अपनी सरकार की सलाह के बाद भारत में अगले महीने टी20 विश्व कप के लिये टीम नहीं भेजने का फैसला लिया । इससे पहले आईपीएल टीम केकेआर ने बीसीसीआई के निर्देश पर बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से अलग करने का फैसला किया था। पीजीटीआई टूर से बांग्लादेशी खिलाड़ियों को बाहर करने की संभावना के बारे में पूछने पर कपिल ने कहा ,‘‘ हम इस पर बात करेंगे । अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है ।'' बांग्लादेश के जमाल हुसैन, मोहम्मद सिद्दीकुर रहमान और मोहम्मद अकबर हुसैन समेत कई प्रमुख गोल्फर पीजीटीआई टूर पर खेलते हैं । कपिल ने आईसीसी को पत्र लिखने वाले बीसीबी के ताजा फैसले पर टिप्पणी से इनकार कर दिया ।विश्व कप 1983 विजेता कप्तान पीजीटीआई की फ्रेंचाइजी आधारित गोल्फ लीग ‘ 72 द लीग' के उद्घाटन से इतर मीडिया से मुखातिब थे । कपिल ने कहा कि भारत को गोल्फ के विकास के लिये टीम आधारित ढांचे की जरूरत है । उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग के बाद भारतीय क्रिकेट में आये बदलाव का भी उदाहरण दिया । उन्होंने कहा ,‘‘ मै क्रिकेट खेलता था जो टीम का खेल है जबकि गोल्फ व्यक्तिगत खेल है लेकिन भारत को गोल्फ में भी टीम प्रारूप की जरूरत है ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ इंडियन प्रीमियर लीग आने के बाद क्रिकेट में जो बदलाव आया , हम इस लीग के जरिये गोल्फ में भी वही करना चाहते हैं ।''
- ग्रेटर नोएडा,। सीनियर मुक्केबाजी राष्ट्रीय चैंपियनशिप के पहले दिन रविवार को तैयारियों में देरी और अव्यवस्था के कारण अफरा-तफरी मच गयी जिससे मुक्केबाजों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा। लॉजिस्टिक्स (प्रतियोगिता के लिए जरूरी साजो-सामान) संबंधी दिक्कतों के कारण चैंपियनशिप चार घंटे के विलंब से शुरू हुई। लंबे समय तक हुई देरी के कारण आयोजकों को महिलाओं के 32 मुकाबलों को मंगलवार सुबह के लिए पुनर्निर्धारित करना पड़ा। पुरुष और महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप का पहली बार एक साथ आयोजन गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में दोपहर दो बजे शुरू होना था। यह ऐतिहासिक क्षण हालांकि अफरा-तफरी और लंबे इंतजार में बदल गया जिसने पूरे दिन के कार्यक्रम को प्रभावित किया। प्रतियोगिता के रिंग आम तौर पर एक दिन पहले ही तैयार हो जाते है। मुकाबले दोपहर दो बजे शुरू होने थे लेकिन तब तब ऐसा नहीं हो सका था। तीन रिंग तैयार होने थे, लेकिन शाम चार बजे तक केवल एक ही रिंग तैयार हो पाया और तकनीकी खराबी के कारण उसे भी दोबारा लगाना पड़ा। इस काम को जल्दी पूरा करने के लिए अधिकारियों को स्वयं रिंग का निर्माण करते हुए देखा गया।दिन के 80 मुकाबलों (38 महिला और 42 पुरुष) में से पहला मुकाबला आखिरकार शाम 6:30 बजे पुरुषों के मुकाबले के साथ शुरू हुआ। जबकि महिला मुक्केबाजों को और भी लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा क्योंकि रात आठ बजे तक भी उनके मुकाबलों के शुरू होने की कोई जानकारी नहीं मिली थी। आखिर में महिलाओं के सिर्फ छह मुकाबले हुए। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के महासचिव प्रमोद कुमार ने बताया, ‘‘देरी कुछ लॉजिस्टिक्स समस्याओं के कारण हुई।'' बीएफआई ने लॉजिस्टिक्स परेशानियों को देरी का कारण बताया तो वहीं मामले से जुड़े सूत्रों ने कहा कि यह भुगतान संबंधी समस्याओं के कारण हुई थी। इस सूत्र ने कहा, ‘‘विक्रेता को भुगतान नहीं किया गया था। भुगतान मिलने के बाद ही काम शुरू हुआ। टूर्नामेंट के लिए कोई प्रायोजक भी नहीं था।'' महिला वर्ग के शुरुआती मुकाबले में भिड़ने वाली 48 किलोग्राम वर्ग की मौजूदा विश्व चैंपियन मीनाक्षी हुड्डा दोपहर बाद हॉल के अंदर योगा मैट पर बैठी हुई नजर आईं। वह अपनी ऊर्जा बचा रही थीं और अपने मुकाबले के समय की जानकारी का इंतजार कर रही थीं। आयोजकों की ओर से कोई सूचना नहीं मिलने पर वह आखिरकार वह शाम सात बजे स्टेडियम से चली गईं।कई अन्य मुक्केबाजों ने भी समय बिताने की कोशिश की, कुछ ने हेडफोन लगा लिए जबकि कुछ हॉल में इधर-उधर घूमते रहे क्योंकि कोई घोषणा नहीं हुई थी। उत्तराखंड की एक मुक्केबाज ने कहा, ‘‘पता नहीं कब शुरू होगा, कुछ बता भी नहीं रहे हैं।''एक अन्य मुक्केबाज ने कहा, ‘‘अभी तो बहुत समय लगेगा, रिंग भी अभी तक नहीं लगी है।''कई कोच ने चेतावनी दी कि लंबे समय तक देरी से चोट लगने का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ मुक्केबाजों ने नाश्ते के बाद से कुछ नहीं खाया है क्योंकि उन्हें शुरुआती मुकाबलों के लिए चुना गया है। आप भरे पेट नहीं लड़ सकते, लेकिन इस तरह की अनिश्चितता रिकवरी को प्रभावित करती है और चोट लगने का खतरा बढ़ाती है।''
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में रविवार को 11 जनवरी तक आयोजित होने वाले 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का वर्चुअली उद्घाटन किया। उन्होंने चैंपियनशिप में हिस्सा लेने आए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और स्थानीय सांसद होने के नाते उनका स्वागत किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि वाराणसी को जानने के लिए यहां आना पड़ता है। आप सभी यहां आ गए हैं। आप वाराणसी को समझिए, जानिए। आपको यहां खेल का अच्छा माहौल मिलेगा और दर्शक भी अच्छे मिलेंगे। देश के 28 राज्यों की टीमें यहां जुटी हैं, यानी आप सब एक भारत और श्रेष्ठ भारत की सुंदर तस्वीर भी प्रस्तुत कर रहे हैं। आपने जो मेहनत की है, आने वाले दिनों में काशी के मैदान पर उसकी परीक्षा होगी।पीएम ने कहा, “वॉलीबॉल सिर्फ एक आम खेल नहीं है। यह बैलेंस और सहयोग का खेल है, जहां पक्का इरादा और दृढ़ इच्छाशक्ति दिखती है। यह हमें सिखाती है कि बॉल को किसी भी कीमत पर हवा में रखना चाहिए। वॉलीबॉल हमें टीम स्पिरिट से जोड़ता है। हर कोई अपने लिए नहीं, बल्कि अपनी टीम के लिए खेलता है।”उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में, खेल को लेकर सरकार और समाज दोनों की सोच में साफ बदलाव आया है। सरकार ने खेल बजट में काफी बढ़ोतरी की है। आज, भारत का खेल मॉडल एथलीट-केंद्रीत हो गया है। टैलेंट की पहचान और वैज्ञानिक प्रशिक्षण से लेकर प्रतिभा के मुताबिक चयन के आधार पर हम आगे बढ़ रहे हैं।प्रधानमंत्री ने कहा, “बनारस ने कई खेलों के नेशनल खिलाड़ी भी दिए हैं। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी, यूपी कॉलेज, काशी विद्यापीठ जैसे शिक्षा संस्थानों के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर छाए रहे हैं। काशी तो हजारों वर्षों से उन सबका सत्कार करती आई है, जो ज्ञान और साधना के लिए यहां जाते हैं। इसलिए मुझे विश्वास है कि नेशनल वॉलीबॉल चैम्पियनशिप के दौरान बनारस का जोश हाई रहेगा। जब देश विकास करता है, तो यह प्रगति सिर्फ आर्थिक मोर्चे तक सीमित नहीं रहती, यह आत्मविश्वास खेल के मैदान पर भी दिखता है। यही हम बीते कुछ वर्षों में हर खेल में देख रहे हैं।”पीएम ने कहा, “2014 के बाद से अलग-अलग खेलों में भारत का प्रदर्शन बेहतर हुआ है। हमें बहुत गर्व होता है जब जेन जी को खेल के मैदान पर तिरंगा फहराते देखते हैं।”प्रधानमंत्री ने कहा, “हम स्कूल लेवल पर एथलीट्स को ओलंपिक खेल का एक्सपोजर देने के लिए भी काम कर रहे हैं। खेलो इंडिया पहल की वजह से सैकड़ों युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मौका मिला है। कुछ दिन पहले, सांसद खेल महोत्सव खत्म हुआ। इसमें भी करीब एक करोड़ युवाओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई। सरकार ने खेल क्षेत्र में बड़े सुधार किए हैं। नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट और खेलो भारत नीति 2025 के जरिए, सही टैलेंट को मौके मिलेंगे और खेल संस्थानों में ज्यादा ट्रांसपेरेंसी पक्की होगी। टॉप्स जैसी पहल भारत में एक मजबूत और सस्टेनेबल स्पोर्ट्स इकोसिस्टम बनाने में मदद कर रही हैं। एक समय था जब सरकार और समाज दोनों ही खेल के प्रति बेपरवाही दिखाते थे। एथलीट्स भी अपने भविष्य को लेकर परेशान रहते थे।”उन्होंने कहा, “बीते दशक में कई शहरों में फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी विश्व कप, चेस से जुड़े बड़े इवेंट्स सहित 20 से अधिक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय इवेंट आयोजित किए गए हैं। भारत पूरी मजबूती से 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भी प्रयास कर रहा है।” वाराणसी में 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है। चैंपियनशिप काशी के सिगरा स्टेडियम में होगी। इसमें हिस्सा लेने के लिए अलग-अलग राज्यों की 58 संस्थाओं की टीमों के 1,000 से ज्यादा खिलाड़ी वाराणसी पहुंचे हैं। - नयी दिल्ली अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला के लिए शुक्रवार को चुनी गयी 15 सदस्यीय भारतीय टीम में वापसी की जबकि श्रेयस अय्यर भी फिटनेस मंजूरी मिलने पर इस टीम का हिस्सा होंगे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में नजरअंदाज किए गए सिराज की वनडे टीम में वापसी हुई है।नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में वनडे श्रृंखला के दौरान ‘स्प्लीन' (तिल्ली) में चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती हुए अय्यर को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) से फिटनेस मंजूरी पाने के लिए इस महीने विजय हजारे ट्रॉफी में अपनी मैच फिटनेस साबित करनी होगी। दिग्गज हरफनमौला हार्दिक पंड्या को सीओई से मैच में 10 ओवर गेंदबाजी करने की अनुमति नहीं मिली इसलिए चयनकर्ताओं ने उन्हें 11 जनवरी से वडोदरा में शुरू होने वाली श्रृंखला के लिए टीम में शामिल नहीं किया। इस श्रृंखला के बाकी दो मैच राजकोट और इंदौर में क्रमशः 14 और 18 जनवरी को खेले जाएंगे।बीसीसीआई ने यहां जारी बयान में कहा, ‘‘ श्रेयस अय्यर की उपलब्धता बीसीसीआई सीओई से फिट होने का प्रमाण मिलने पर निर्भर है।'' उन्होंने कहा, ‘‘ बीसीसीआई सीओई ने हार्दिक पंड्या को एक मैच में 10 ओवर गेंदबाजी करने की अनुमति नहीं दी है और आगामी आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के मद्देनजर उनके कार्यभार को नियंत्रित किया जा रहा है।'' दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला के दौरान शानदार शतक बनाने के बावजूद ऋतुराज गायकवाड़ को चयनकर्ताओं ने नजरअंदाज किया। कप्तान शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे श्रृंखला का हिस्सा नहीं थे ऐसे में गायकवाड़ को मौका मिला था। उन्होंने रायपुर में नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए 83 गेंदों में शानदार 105 रन बनाए थे। गिल टी20 विश्व कप टीम से बाहर किए जाने के बाद वनडे कप्तानी की जिम्मेदारी केएल राहुल से वापस लेंगे, जिन्होंने गिल की अनुपस्थिति में टीम की कमान संभाली थी। ऋषभ पंत ने अटकलों के बावजूद टीम में दूसरे विकेटकीपर के रूप में अपनी जगह बरकरार रखी है। पिछली श्रृंखला में टीम का हिस्सा रहे तिलक वर्मा और ध्रुव जुरेल सीनियर खिलाड़ियों के चोट से वापसी करने के कारण टीम से बाहर हो गये हैं। तेज गेंदबाजी आक्रमण में सिराज, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह शामिल हैं जबकि ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी चौथे विकल्प के रूप में मौजूद हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सुपरस्टार खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब सिर्फ वनडे प्रारूप में खेलते है और टीम में उनकी मौजूदगी से एक बार फिर तीनों स्टेडियम में भारी भीड़ जुटाने की उम्मीद है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे श्रृंखला के लिए भारतीय टीम:शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान; फिटनेस मंजूरी के अधीन), वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जड़ेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जयसवाल।
- राजकोट/ भारत के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश करते हुए शनिवार को यहां विजय हजारे ट्रॉफी के मैच में बड़ौदा की तरफ से खेलते हुए विदर्भ के खिलाफ 93 गेंदों में 133 रन बनाए, जिसमें एक ओवर में लगाए गए पांच छक्के शामिल हैं। बड़ौदा का स्कोर एक समय छह विकेट पर 136 रन था लेकिन इसके बाद हार्दिक ने अपना कमाल दिखाया। उन्होंने अपनी पारी में कुल मिलाकर 11 छक्के और आठ चौके लगाए। इस प्रतियोगिता में अपना पहला मैच खेल रहे हार्दिक ने सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए तूफानी पारी खेली। इस तरह से वह अपने 119वें मैच में लिस्ट ए में अपना पहला शतक जमाने में सफल रहे। उनकी इस पारी की मदद से बड़ौदा ने नौ विकेट पर 293 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाया। हार्दिक ने 39वें ओवर में विदर्भ के स्पिनर पार्थ रेखाडे को निशाना बनाया। उन्होंने इस ओवर में कुल 34 रन बटोरे, जिसमें पांच छक्के और एक चौका शामिल था। उन्होंने पहली पांच गेंदों पर छक्के लगाए लेकिन आखिरी गेंद पर चौका ही लगा सके। हार्दिक के दबदबे का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि बड़ौदा की तरफ से दूसरा सर्वोच्च स्कोर विष्णु सोलंकी का था जिन्होंने 26 रन बनाए।
-
नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम घोषित कर दी है, जिसकी कमान एडेन मार्करम को सौंपी गई है। उनके साथ युवा तेज गेंदबाज क्वेना मफाका और टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज जेसन स्मिथ को शामिल किया गया है। हालांकि, रयान रिकेल्टन और ट्रिस्टन स्टब्स इस टीम में जगह नहीं बना सके हैं।
स्मिथ का चयन उनकी हालिया शानदार फॉर्म के कारण हुआ है। स्मिथ ने 2024 में अपना टी20 डेब्यू किया था और उनका स्ट्राइक रेट 128.30 है। वह फिलहाल एसए20 में एमआई केपटाउन के लिए खेल रहे हैं।स्मिथ और मफाका के अलावा, कॉर्बिन बॉश, देवाल्ड ब्रेविस, टोनी डी जोरजी, डोनोवन फरेरा और जॉर्ज लिंडे को पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में शामिल किया गया है।हेड कोच शुक्री कॉनराड ने कहा, “हम उपमहाद्वीप में लौट रहे हैं, जहां हमने हाल ही में मेजबान भारत के खिलाफ खेला था। उन परिस्थितियों में खेलने से हमें जो अनुभव मिला है, वह निश्चित रूप से इस टूर्नामेंट में हमारे लिए फायदेमंद होगा। वर्ल्ड कप टीम के लिए चुने गए कई खिलाड़ी उस दौरे पर थे और उन्होंने उन पिचों का अनुभव किया है जिनका सामना हमें शायद करना पड़ेगा। जब हम भारत पहुंचेंगे तो यह उनके लिए बहुत काम आएगा। वर्ल्ड कप के लिए रवाना होने से पहले हमने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज खेलनी है, जिसके लिए इस महीने के अंत में टीम का ऐलान किया जाएगा।”कगिसो रबाडा पसली की चोट के कारण भारत के खिलाफ हालिया व्हाइट बॉल दौरे से बाहर रहे थे, जिसके बाद उन्हें विश्व कप टीम में शामिल किया गया है। साउथ अफ्रीका की इस टीम में तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्त्जे का नाम भी शामिल है, जो टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के लिए सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज थे।भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। इसका फाइनल 8 मार्च को खेला जाना है। साउथ अफ्रीकी टीम को ग्रुप डी में अफगानिस्तान, कनाडा, न्यूजीलैंड और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के साथ रखा गया है। यह टीम 9 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कनाडा के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।साउथ अफ्रीकी टीम: एडेन मार्करम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, देवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जोरजी, डोनोवन फरेरा, मार्को जानसेन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्त्जे, कगिसो रबाडा और जेसन स्मिथ। -
नई दिल्ली। भारतीय टीम साल 2026 में बांग्लादेश का दौरा करेगी। इसके अलावा, बांग्लादेश साल 2026 में तीनों फॉर्मेट में द्विपक्षीय सीरीज के लिए पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज की मेजबानी करेगा। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की है।
भारत का बांग्लादेश दौरा असल में अगस्त 2025 में होना था, लेकिन देश में राजनैतिक अशांति के कारण इसे सितंबर 2026 तक स्थगित कर दिया गया। बीसीबी के नए कार्यक्रम के अनुसार, भारत 28 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचेगा। दोनों देशों के बीच 1 सितंबर से वनडे सीरीज की शुरुआत होगी। इसके बाद 3 और 6 सितंबर को शेष दो मुकाबले खेले जाने हैं। दोनों टी20 सीरीज की शुरुआत 9 सितंबर से होगी। दूसरा मैच 12 सितंबर को होगा। इसके बाद 13 सितंबर को तीसरे मुकाबले का आयोजन होगा।इससे पहले, पाकिस्तान 12-16 मार्च के बीच खेले जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 9 मार्च को बांग्लादेश पहुंचेगा।न्यूजीलैंड की टीम बांग्लादेश के दौरे पर 17 अप्रैल से तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज खेलेगी। इसके बाद दोनों देशों के बीच 27 अप्रैल से 2 मई के बीच इतने ही टी20 मैच खेले जाएंगे।पाकिस्तान आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल के हिस्से के तौर पर दो टेस्ट खेलने के लिए 4 मई को बांग्लादेश पहुंचेगा। पहला टेस्ट 8-12 मई तक खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 16-20 मई तक होगा। ऑस्ट्रेलिया का व्हाइट-बॉल टूर 5 जून को तीन वनडे मुकाबलों के साथ शुरू होगा, जिसके बाद 15-20 जून तक तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी।भारत की मेजबानी करने के बाद, बांग्लादेशी टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। 22-24 अक्टूबर तक होने वाले तीन दिवसीय वार्म-अप मैच के बाद, पहला टेस्ट 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 5-9 नवंबर के बीच खेला जाना है। बीसीबी ने कहा कि श्रीलंका ‘ए’ टीम भी मई 2026 में मेजबान ‘ए’ टीम के खिलाफ बांग्लादेश का दौरा करेगी, जिसमें दो चार दिवसीय मैच और 50 ओवरों के मैच शामिल होंगे। - नयी दिल्ली. अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने बुधवार को बताया कि एक महिला सहित तीन भारतीय रैफरी को फीफा की 2026 अंतरराष्ट्रीय मैच अधिकारियों की सूची में शामिल किया गया है। गुजरात की रचना कमानी को महिला रैफरी की फीफा सूची में शामिल किया गया है जबकि पुडुचेरी के अश्विन कुमार और दिल्ली के आदित्य पुरकायस्थ को पुरुष रैफरी के रूप में जगह मिली है। एआईएफएफ ने कहा कि अश्विन कुमार और आदित्य पुरकायस्थ ने मलेशिया के कुआलालंपुर में एएफसी रैफरी अकादमी का कोर्स पूरा कर लिया है जबकि रचना कमानी वर्तमान में यह कोर्स कर रही हैं। इसके अलावा पुडुचेरी के मुरलीधरन पांडुरंगन और महाराष्ट्र के पीटर क्रिस्टोफर को फीफा सहायक रैफरी के रूप में शामिल किया गया है। इस तरह 2026 के लिए फीफा अंतरराष्ट्रीय मैच अधिकारियों की सूची में भारत के कुल 19 अधिकारी शामिल हो गए हैं। इसमें आठ रैफरी, 10 सहायक रैफरी और एक फुटसाल रैफरी शामिल हैं।
- नयी दिल्ली. दिल्ली की किशोरी आद्या कात्याल ने मंगलवार को यहां कर्णी सिंह रेंज में राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में जूनियर महिला ट्रैप स्पर्धा का खिताब जीता। पंद्रह साल की आद्या ने 42 हिट के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश की सबीरा हारिस 41 हिट के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। तमिलनाडु की तनिष्का सेंथिलकुमार ने 28 हिट के साथ कांस्य पदक जीता। आद्या ने इससे पहले क्वालीफिकेशन दौर में 112 निशानों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया और फिर फाइनल में इस फॉर्म को बरकरार रखा। दिल्ली की भाव्या त्रिपाठी क्वालीफिकेशन में 110 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं लेकिन फाइनल में छठे स्थान पर फिसल गईं। तनिष्का ने 105 अंक के साथ क्वालीफिकेशन में तीसरा स्थान हासिल किया।दिल्ली ने आद्या, भाव्या त्रिपाठी और अनन्या यदुवंशी की बदौलत कुल 323 अंक के साथ जूनियर महिला ट्रैप टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। तमिलनाडु (तनिष्का सेंथिलकुमार, नीला राजा बालू, अंतरा राजशेखर) ने 295 अंक के साथ रजत जबकि राजस्थान (दर्शना राठौड़, मैत्रेयी सिंह, माहिका कितावत) ने 274 अंक के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
- जयपुर. कप्तान शारदुल ठाकुर की शानदार गेंदबाजी से मुंबई ने विजय हजारे वनडे ट्रॉफी के ग्रुप सी मैच में सोमवार को यहां छत्तीसगढ़ को नौ विकेट से हराकर अपनी जीत की हैट्रिक पूरी की। टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला करने के बाद शारदुल ने सुबह में तेज गेंदबाजों की मददगार परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए पांच ओवर के अंदर छत्तीसगढ़ का स्कोर चार विकेट पर 10 रन कर दिया। कप्तान अमनदीप खरे (63) और अजय मंडल (46) के बीच पांचवें विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी के बावजूद छत्तीसगढ़ की टीम शुरुआती झटकों से कभी नहीं उबर सकी। टीम 38.1 ओवर में 142 रन पर आउट हो गयी। शारदुल ने खेल के शुरुआती आधे घंटे में छत्तीसगढ़ के खिलाफ कहर बरपाया तो वहीं वामहस्त स्पिनर शम्स मुलानी ने आखिरी छह में से पांच विकेट झटक कर छत्तीसगढ़ की पारी को सस्ते में समेटने में योगदान दिया। मुलानी ने 31 रन देकर पांच विकेट लिये जिससे छत्तीसगढ़ ने अंतिम छह विकेट 27 रन के अंदर गंवा दिये। अंगकृष रघुवंशी (66 गेंदों पर 68 नाबाद) और अनुभवी सिद्धेश लाड (42 गेंदों पर 48 नाबाद) ने दूसरे विकेट के लिए 102 रन की अटूट साझेदारी कर महज 24 ओवरों में ही मुंबई को नौ विकेट से एकतरफा जीत दिला दी। मुंबई को एकमात्र झटका ईशान मूलचंदानी के आउट होने से लगा जो 19 रन बनाकर हर्ष यादव की गेंद पर आउट हुए। मुंबई तीन मैचों में इतनी ही जीत से 12 अंक के साथ ग्रुप सी की तालिका में शीर्ष पर है।पुखराज मान की 110 रन की पारी से सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मैच में हिमाचल प्रदेश ने महाराष्ट्र को सात रन से हराया। रामकृष्ण घोष (42 रन पर सात विकेट) की कमाल की गेंदबाजी के बावजूद हिमाचल प्रदेश की टीम 49.4 ओवर में आउट होने से पहले 271 रन बनाने में सफल रही। अंकित बावने (97) की क्रीज पर मौजूदगी ने महाराष्ट्र को मैच में बनाये रखा था लेकिन 48वें ओवर में उनके आउट होने के साथ टीम की पारी लड़खड़ा गयी। रोहित कुमार और आर्यमान धालीवाल के दो-दो विकेट से महाराष्ट्र 50 ओवर में 264 रन पर आउट हो गया।ललित यादव की 111 गेंदों पर खेली गई नाबाद 131 रनों की शानदार पारी की बदौलत गोवा ने सिक्किम पर 62 रनों की बड़ी जीत दर्ज करते हुए अपना अजेय अभियान जारी रखा। यादव ने अपनी पारी में 14 चौके लगाए और गोवा को आठ विकेट पर 309 रन के स्कोर तक पहुंचाया। यह सिक्किम के लिए काफी साबित हुआ क्योंकि सिक्किम की टीम 50 ओवरों में सात विकेट पर 247 रन ही बना सकी। कप्तान कुणाल चंदेला की 118 रनों की तूफानी पारी की मदद से उत्तराखंड ने पंजाब को पांच विकेट से हराकर टूर्नामेंट में जीत का खाता खोला। पंजाब ने सलिल अरोरा (65) और कृष भगत (51) के अर्धशतकों की बदौलत आठ विकेट पर 269 रन बनाये।चंदेला की शानदार बल्लेबाजी से उत्तराखंड ने 47.4 ओवर में लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।
-
दुबई. दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने करियर के अंत तक 1,000 गोल करने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया है। पुर्तगाल के इस 40 साल के महान खिलाड़ी को पूरा विश्वास है कि वह इस लक्ष्य को हासिल कर लेंगे। उनके नाम शीर्ष स्तर के पेशेवर फुटबॉल में 956 गोल है। रोनाल्डो को रविवार देर रात दुबई में आयोजित ‘ग्लोब सॉकर अवार्ड्स' समारोह में मध्य पूर्व का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने कहा, ‘‘ अगर कोई चोट न लगे तो मैं यह आंकड़ा जरूर हासिल कर लूंगा।''
रोनाल्डो ने शनिवार को सऊदी प्रो लीग में अल-नसर के लिए दो गोल करके अपने करियर के कुल गोल की संख्या 956 तक पहुंचा दी। उनके गोलों की संख्या में पुर्तगाल के लिए पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड 143 गोल भी शामिल हैं। रोनाल्डो अगले साल अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले विश्व कप में पुर्तगाल की कप्तानी करने वाले हैं। इस विश्व कप के शुरू होते समय उनकी उम्र 41 साल हो जायेगी।
रीयल मैड्रिड, मैनचेस्टर यूनाइटेड और युवेंटस जैसी बड़ी टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके इस स्ट्राइकर ने कहा, ‘‘मैं अब भी आगे बढ़ने के लिए बहुत प्रेरित हूं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि मैं कहां खेल रहा हूं (मध्य पूर्व में, यूरोप में या कही और)। मुझे हमेशा फुटबॉल खेलना, ट्रॉफी जीतना, गोल करना पसंद है और मैं इसी तरह आगे बढ़ना चाहता हूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘आप जानते हैं मेरा लक्ष्य क्या है। मैं और अधिक ट्रॉफी जीतना चाहता हूं और उस संख्या तक पहुंचना चाहता हूं जिसे आप सभी जानते हैं।'' रोनाल्डो ने अभी तक विश्व कप का खिताब नहीं जीता है। उन्होंने 2016 में पुर्तगाल के साथ यूरोपीय चैंपियनशिप जीती थी। -
विजयवाड़ा. सूर्या करिश्मा तामिरी ने रविवार को यहां सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में महिला एकल और ऋत्विक संजीवी ने पुरुष एकल खिताब अपने नाम किया। विजयवाड़ा की 19 वर्षीय सूर्या ने लगभग एक घंटे तक चले महिला एकल फाइनल में तन्वी पत्री को 17-21, 21-12, 21-14 से हराया। वहीं पुरुष एकल फाइनल में ऋत्विक ने भरत को 21-16, 22-20 से शिकस्त दी। तन्वी ने पहले गेम के बीच में नियंत्रण बनाते हुए सूर्या को कई अनफोर्स्ड गलतियां कराईं। दूसरे गेम में 6-5 के स्कोर पर सूर्या का एक सर्विस रिटर्न नेट में गया जिसे सर्विस जज ने ‘ऊंचाई की गलती' करार दिया जिससे सूर्या को राहत मिली। इसके बाद सूर्या ने लगातार सात अंक जीतकर दूसरा गेम अपने नाम किया।
सूर्या ने निर्णायक गेम में तन्वी को लंबी रैलियों में उलझाया जिससे थकान साफ नजर आने लगी। तन्वी ने मुकाबले में बने रहने की कोशिश की, लेकिन अंत में सूर्या ने 15-14 के बाद लगातार छह अंक लेकर मैच जीत लिया। ऋत्विक ने पुरुष एकल फाइनल का पहला गेम आसानी से जीत लिया लेकिन इसके बाद दूसरे गेम में प्रतिद्वंद्वी के 9-5 की बढ़त बनाने से दबाव में आ गए। 2024 ओडिशा मास्टर्स के विजेता ऋत्विक ने लगातार छह अंक बनाकर बढ़त वापस हासिल की। हालांकि दो गलत फैसलों के कारण भरत ने वापसी की और गेम प्वाइंट भी हासिल किया। इसके बावजूद ऋत्विक ने संयम बनाए रखा और 39 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया। अन्य मुकाबलों में शिखा गौतम और अश्विनी भट्ट के की जोड़ी ने दूसरी वरीयता प्राप्त प्रिया देवी कोंजेंगबाम और श्रुति मिश्रा को 21-14, 21-18 से हराकर महिला युगल खिताब जीता। शीर्ष वरीयता प्राप्त हरिहरन अमसकरुनन और आर रुबन कुमार ने पुरुष युगल फाइनल में मिथिलेश पी कृष्णन और प्रेजन को 21-17, 21-12 से पराजित किया। मिश्रित युगल में दूसरी वरीयता प्राप्त सात्विक रेड्डी के और राधिका शर्मा की जोड़ी ने शीर्ष वरीयता प्राप्त आशिथ सूर्य और अमृता पी को 21-9, 21-15 से हराकर खिताब जीता। - मैनचेस्टर । आर्सेनल ने ब्राइटन के अंतिम समय में जोरदार पलटवार से बचकर 2-1 से जीत हासिल करके इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) फुटबॉल टूर्नामेंट में अपना पहला स्थान बरकरार रखा, लेकिन मैनचेस्टर सिटी और एस्टन विला भी उससे ज्यादा दूर नहीं हैं। शीर्ष स्थान के लिए इन तीन टीमों के बीच कड़ी टक्कर है। तालिका में पहले और तीसरे स्थान के बीच केवल तीन अंकों का अंतर है। नॉटिंघम फॉरेस्ट पर 2-1 से जीत के बाद मैनचेस्टर सिटी ने कुछ समय के लिए शीर्ष स्थान हासिल कर लिया था लेकिन इसके कुछ देर बाद आर्सेनल ने ब्राइटन को इसी अंतर से हराकर फिर से पहला स्थान हासिल कर दिया। वह मैनचेस्टर सिटी से दो अंक आगे है। एस्टन विला ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए चेल्सी के खिलाफ 2-1 से जीत हासिल की। इस तरह से उसने सभी प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज करने का अपना सिलसिला 11 मैच तक पहुंचा दिया है। आर्सेनल के अब 18 मैच में 42 जबकि मैनचेस्टर सिटी के इतने ही मैच में 40 और एस्टन विला की 39 अंक हैं। लिवरपूल चौथे स्थान पर है लेकिन उसके 32 अंक हैं। लिवरपूल ने आखिरी स्थान पर काबिज वॉल्वरहैम्प्टन के खिलाफ 2-1 से जीत हासिल करके अपनी शानदार वापसी जारी रखी जिससे वह चौथे स्थान पर पहुंच गया। वॉल्वरहैम्प्टन ने किसी एक सत्र की शुरुआत से सबसे लंबे समय तक बिना जीत के रहने का नया प्रीमियर लीग रिकॉर्ड बनाया।
- नयी दिल्ली,। भारतीय महिला हॉकी टीम के लिये यह साल मैदान के भीतर और बाहर भले ही अच्छा नहीं रहा हो लेकिन हॉकी इंडिया लीग के जरिये पांच महीने बाद मैदान पर वापसी को तैयार ड्रैग फ्लिकर दीपिका सेहरावत का मानना है कि नये साल में चीजें अच्छे के लिये बदलेंगी । अगस्त में एशिया कप के लिये रवानगी से एक दिन पहले आखिरी अभ्यास सत्र में पैर फिसलने के कारण टीम से बाहर हुई दीपिका ने स्वीकार किया कि बीते साल टीम अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाई लेकिन यह भी कहा कि नया साल नयी उम्मीदें लेकर आयेगा ।हॉकी इंडिया लीग के जरिये वापसी कर रही 22 वर्ष की इस फॉरवर्ड ने कहा ,‘‘ नये साल में नयी चीजें शुरू होंगी तो काफी कुछ बदलेगा । अगला साल काफी अहम है जिसमें विश्व कप के लिये क्वालीफाई करना सबसे पहली चुनौती है और 2026 में एशियाई खेल भी हैं ।'' प्रो लीग में आखिरी स्थान पर रहने के अलावा एशिया कप के फाइनल में चीन से 1 . 4 से हारकर भारतीय महिला टीम ने बेल्जियम और नीदरलैंड में अगले साल अगस्त में होने वाले विश्व कप के लिये सीधे क्वालीफाई करने का मौका गंवा दिया । अब उसे मार्च में हैदराबाद में क्वालीफायर खेलना है जिसमें इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, कोरिया, इटली, उरूग्वे, वेल्स और आस्ट्रिया भी भाग लेंगे और शीर्ष तीन टीमें विश्व कप का टिकट कटायेंगी । वर्ष 2025 में हॉकी इंडिया के सर्वश्रेष्ठ उदीयमान खिलाड़ी का पुरस्कार जीतने वाली दीपिका ने कहा ,‘‘ हॉकी से दूर ये पांच महीने मेरे लिये बहुत कठिन थे । मुझे गुस्सा आता था और मैं रोती थी कि टीम से बाहर क्यो हूं क्योंकि एशिया कप के लिये मेरी तैयारी अच्छी थी । अब पूरी तरह फिट होकर वापसी कर रही हूं और अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़नी है ।''उन्होंने कहा ,‘‘ हमें दिखाना है कि भारत की महिला हॉकी टीम भी किसी से कम नहीं है । तोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने के बाद महिला हॉकी का ग्राफ जो ऊपर गया था , उसे फिर लौटाना है । पिछला साल अच्छा नहीं रहा लेकिन अगला साल नयी सुबह लेकर आयेगा ।'' भुवनेश्वर में 2022 में एफआईएच प्रो लीग के जरिये सीनियर टीम में पदार्पण करने वाली इस खिलाड़ी ने कहा कि गलतियों का दोहराव टीम के खराब प्रदर्शन का कारण रहा और बेहतर संवाद भी जरूरी था । उन्होंने कहा ,‘‘ बार बार हो रही गलतियों को सुधारने पर अधिक फोकस करना चाहिये था । प्रो लीग से जिन गलतियों के कारण बाहर हुए, एशिया कप में वही दोहराते दिखे । इसके अलावा टीम के भीतर संवाद बेहतर होना चाहिये था ।'' दीपिका ने यह भी कहा कि एक खिलाड़ी के लिये शारीरिक के साथ मानसिक फिटनेस भी बहुत जरूरी है और एचआईएल में उनकी टीम एसजी पाइपर्स ने इसमें उनकी काफी मदद की । उन्होंने कहा ,‘‘ खिलाड़ी अगर मानसिक तौर पर रिलैक्स हो तो शारीरिक फिटनेस आ ही जाती है । हम खुश रहते हैं तो प्रदर्शन भी अच्छा होता है। मैं हॉकी इंडिया लीग के जरिये वापसी करना चाहती थी तो राष्ट्रीय टीम का शिविर खत्म होने के बाद एसजी पाइपर्स ने मेरे लिये जयपुर में 15 दिन के विशेष शिविर का इंतजाम किया और मुझ पर भरोसा जताया । इसी की वजह से मैं फिट होकर वापसी कर सकी हूं ।'' उन्होंने कहा कि अब चोट से पहले वाले फॉर्म में लौटकर उन्होंने ड्रैग फ्लिक भी शुरू कर दी है और शरीर पहले से मजबूत लग रहा है । दीपिका ने कहा ,‘‘ लीग में भी हमारी टीम में काफी बदलाव हुए हैं लेकिन खिलाडि़यों में बहुत अच्छा तालमेल है और विदेशी खिलाड़ियों से काफी कुछ सीखने को मिलता है । उम्मीद है कि इस साल प्रदर्शन बेहतर होगा ।'' पहलवानों के परिवार से निकली दीपिका के पिता चाहते थे कि वह अपने दादा और चाचा की तरह अखाड़े में नाम रोशन करे लेकिन उसे शुरू ही से हॉकी स्टिक थामने का मन था । उन्होंने कहा ,‘‘ मैं भी शुरू में अपने भाई के साथ कुश्ती खेलने जाती थी लेकिन बीच में हॉकी का मैदान पड़ता था और मेरा मन वहीं खिंचता था। मेरा परिवार चाहता था कि कुश्ती चुनूं लेकिन मैने हॉकी स्टिक थामी और अब अपने प्रदर्शन से इस फैसले को सही साबित करने की ललक है ।'



.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)





.jpg)


.jpg)
.jpg)

