- Home
- बिजनेस
- नई दिल्ली। टाटा और महिंद्रा जैसी देसी ऑटोमोबाइल कंपनियों ने लोगों की जरूरतों का ध्यान रखते हुए एक से बढ़कर एक कारें पेश की हैं, जो कि माइक्रो एसयूवी, सेडान और एसयूवी सेगमेंट में हैं। टाटा पंच, टाटा नेक्सॉन, टाटा अल्ट्रोज, महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन, महिंद्रा एक्सयूवी700 और महिंद्रा एक्सयूवी300 जैसी कारों में 5 स्टार सेफ्टी फीचर्स की भरमार है। ग्लोबल एनकैप ने इन कारों को क्रैश टेस्ट में 5 स्टार रेटिंग्स दी हैं।हाल ही में महिंद्रा एंड महिंद्रा की पॉपुलर एसयूवी स्कॉर्पियो-एन को ग्लोबल एनकैप कार क्रैश टेस्ट में 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग्स मिली हैं। इससे पहले महिंद्रा एक्सयूवी700 और महिंद्रा एक्सयूवी300 जैसी एसयूवी को भी 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली थी। ऐसे में महिंद्रा का फोकस है कि वह लोगों के सामने ऐसी-ऐसी कारें पेश करें, जो सेफ्टी के मामले में जबरदस्त हों और हादसे की स्थिति में उनकी जान बच सके। टाटा मोटर्स भी कारों में सेफ्टी फीचर्स पर अब खासा जोर दे रही है और ऐसे में टाटा नेक्सॉन, टाटा पंच और टाटा अल्ट्रोज जैसी कारों को ग्लोबल एनकैप ने 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग्स दी हैं।पिछले साल फॉक्सवैगन टाइगुन और स्कोडा कुशाक जैसी कॉम्पैक्ट एसयूवी को ग्लोबल एनकैप ने 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग्स दी हैं। मारुति सुजुकी, होंडा, टोयोटा, फॉक्सवैगन, रेनो और निसान समेत अन्य कंपनियों की कई कारों हैं, जिन्हें 4 स्टार सेफ्टी रेटिंग्स मिली हैं।
- नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कपंनी मारुति सुजुकी ने अब ग्रैंड विटारा को एस-सीएनजी टेक्नोलॉजी के साथ लॉन्च कर दिया है। ग्रैंड विटारा एस-सीएनजी की लॉन्चिंग का एलान करते हुए मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी, मार्केटिंग एंड सेल्स शशांक श्रीवास्तव ने कहा, "सितंबर 2022 में लॉन्च होने के बाद से, ग्रैंड विटारा को भारतीय उपभोक्ताओं से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। एसयूवी की अपील को भविष्य के लिए तैयार कई पावरट्रेन द्वारा कंप्लीमेंट किया गया है। एस-सीएनजी विकल्प की शुरूआत ने ग्रैंड विटारा की अपील को और बढ़ा दिया है। ग्रैंड विटारा एस-सीएनजी हमारी ग्रीन-पावरट्रेन पेशकशों को बड़ा करने की हमारी आक्रामक योजना में योगदान देगी, जिसका विस्तार 14 मॉडलों तक होगा।"मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा में नेक्स्ट-जेन के-सीरीज 1.5-लीटर, डुअल जेट, डुअल वीवीटी इंजन मिलता है। ग्रैंड विटारा एस-सीएनजी एसयूवी 5500 rpm पर 64.6kW का पीक पावर आउटपुट जेनरेट करता है और सीएनजी मोड में 4200 rpm पर 121.5 Nm का अधिकतम टॉर्क जेनरेट करता है। 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ पेश की गई ग्रैंड विटारा एस-सीएनजी में 26.6 किमी प्रति किलोग्राम के माइलेज का दावा किया गया है।ग्रैंड विटारा में कई पावरट्रेन ऑप्शंस, क्लास-लीडिंग फीचर्स हैं, और यह ड्राइविंग का एक शानदार एक्सपीरियंस देती है। यह ग्राहकों के लिए 6-एयरबैग वैरिएंट की पेशकश करने वाली एकमात्र प्रीमियम सीएनजी एसयूवी भी है। ग्रैंड विटारा नेक्स्ट-जेन टेक्नोलॉजी जैसे स्मार्टप्ले प्रो+ इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एपल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो, और इन-बिल्ट नेक्स्ट जेन सुजुकी कनेक्ट, 40+ कनेक्टेड फीचर्स के साथ पेश करेगी।कितनी है कीमतMaruti Suzuki Grand Vitara S-CNG को दो वैरिएंट्स - Delta (MT) और Zeta (MT) में पेश किया गया है। Delta (MT) वैरिएंट की कीमत 12.85 लाख रुपये रखी गई है। वहीं, Zeta (MT) वैरिएंट की कीमत 14.84 लाख रुपये तय की गई है। दोनों कीमत एक्स-शोरूम हैं।
-
भुवनेश्वर। सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल 2024 में 5जी सेवाएं शुरू करेगी। केंद्रीय दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को यह कहा। बीएसएनएल ने 4जी नेटवर्क शुरू करने के लिए टीसीएस और सी-डॉट के नेतृत्व वाले परिसंघ को चुना है, जिसे अनुबंध के तहत ऑर्डर देने के लगभग एक साल के भीतर 5जी में बदला जाएगा।
वैष्णव ने ओडिशा में जियो और एयरटेल की 5जी सेवाएं शुरू करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, ''बीएसएनएल 2024 में 5जी सेवाएं शुरू करेगा।'' दूरसंचार मंत्री ने कहा, ''पूरे ओडिशा में दो साल के भीतर 5जी सेवाएं शुरू की जाएंगी। आज भुवनेश्वर और कटक में ये सेवाएं शुरू की गई हैं।'' उन्होंने 26 जनवरी से पहले राज्य में 5जी सेवाएं शुरू करने का वादा किया था। -
भुवनेश्वर। दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों जियो और भारती एयरटेल ने बृहस्पतिवार से ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में अपनी 5जी सेवाएं शुरू कर दीं। केंद्रीय संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने यहां एक कार्यकम में दोनों कंपनियों की 5जी सेवा की शुरुआत की।
वैष्णव ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने ओडिशा में दूरसंचार सेवाओं के लिए कुल 5,600 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं, इसके अलावा विश्व स्तरीय संचार सेवाएं देने के लिए राज्यभर में 5,000 मोबाइल टॉवर लगाए जाएंगे। उन्होंने पहले यह वादा किया था कि राज्य में 5जी सेवाएं 26 जनवरी से पहले शुरू हो जाएंगी।
दूरसंचार सचिव के राजारमन ने कहा कि सरकार ने राज्य के ग्रामीण इलाकों में 4जी सेवाओं के लिए 100 टॉवर भी समर्पित किए हैं। उन्होंने ‘शिक्षा ओ अनुसंधान' विश्वविद्यालय में जियो के सहयोग से 5जी अनुसंधान प्रयोगशाला स्थापित करने की भी घोषणा की। -
नई दिल्ली। वाहन कलपुर्जा प्रदर्शनी-2023 में 800 से अधिक कंपनियां भाग लेंगी। भारतीय वाहन कलपुर्जा विनिर्माता संघ (एसीएमए) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। महामारी के कारण तीन साल के बाद इस प्रदर्शनी का आयोजन 12-15 जनवरी, 2023 के बीच राजधानी के प्रगति मैदान में किया जा रहा है।
प्रदर्शनी का आयोजन एसीएमए, भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) मिलकर करते हैं।
प्रदर्शनी में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इजराइल, इटली, जापान, पोलैंड, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, स्विट्जरलैंड, ताइवान, थाइलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका सहित 15 देशों की कंपनियां भाग ले रही हैं। एसीएमए के महानिदेशक विन्नी मेहता ने कहा कि इस बार प्रतिभागियों की संख्या 2020 में पिछले आयोजन की तुलना में 200 अधिक है।
उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जब प्रदर्शनी को अंतिम रूप दिया जा रहा था, तब चीन के लिए वीजा नहीं खुला था। इसलिए इस बार चीन से कोई भागीदारी नहीं होगी। इस प्रदर्शनी के पिछले आयोजन (2020) में महामारी के कारण कोई चीनी प्रतिभागी शामिल नहीं हुआ था।
एसीएमए के अध्यक्ष संजय कपूर ने कहा कि निर्यात के आंकड़ों से स्पष्ट है कि भारत में बने कलपुर्जों की मांग बढ़ रही है। पिछले साल निर्यात 43 प्रतिशत बढ़कर 19 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। - हैदराबाद। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के चेयरमैन विवेक देबरॉय ने बुधवार को कहा कि देश का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 2047 तक 20,000 अरब डॉलर तथा प्रति व्यक्ति आय अमेरिकी मुद्रा के वर्तमान मूल्य पर 10,000 डॉलर हो जाएगी। द इंडियन इकनॉमेट्रिक सोसायटी (टीआईईएस) के हैदराबाद विश्वविद्यालय में आयोजित 57वें सालाना सम्मेलन को ‘ऑनलाइन' संबोधित करते हुए देबरॉय ने कहा कि हालांकि कोविड-19 महामारी संभवत: खत्म हो गयी है, लेकिन चीन की स्थिति, रूस-यूक्रेन युद्ध, यूरोप तथा अमेरिका में आर्थिक वृद्धि की संभावनाएं जैसी चीजों को देखते हुए ऐसा लगता है कि अब भी वैश्विक स्तर पर कई अनिश्चितताएं हैं। देबरॉय के हवाले से आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘अमेरिकी मुद्रा के आज के मूल्य के हिसाब से वर्ष 2047 तक भारत की प्रति व्यक्ति आय 10,000 डॉलर होगी। जीडीपी का औसत आकार 20,000 अरब डॉलर होगा। यानी भारत एक परिवर्तित समाज होगा।'' उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों समेत लोगों को बुनियादी आवश्यकताएं प्रदान की गई हैं। भारत में कोविड बाद आर्थिक संकेतकों में सुधार हुआ है। हर कोई अब 2023-24 में वृद्धि दर और 2047 तक अर्थव्यवस्था की वृद्धि को देखना चाहता है। देबरॉय ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध, यूरोप तथा अमेरिका में आर्थिक वृद्धि की संभावना जैसी चीजों से वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता के कारण देश को विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार और पूंजी बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत कोई इनसे अलग-थलग नहीं है। ऐसे में हमें भी अस्थिरता का सामना करना होगा। विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार, पूंजी बाजार और विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ेगा। मुद्रास्फीति पर भी इन अनिश्चितताओं का असर होगा।'' देबरॉय ने कहा कि भारत को एक सरलीकृत माल एवं सेवा कर (जीएसटी) और प्रत्यक्ष कर की आवश्यकता है। ये ऐसे क्षेत्र हैं, जिन पर हर किसी को सोचना चाहिए।
-
भुवनेश्वर। केंद्रीय संचार, सूचना प्रौद्योगिकी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज ओडिशा में उच्च गति 5जी सेवाओं की शुरूआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अगस्त 2024 तक सम्पूर्ण ओडिशा में 5जी सेवाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी तथा प्रत्येक गांव में फाइबर इंटरनेट पहुंच जाएगा।श्री वैष्णव ने कहा कि सरकार की मदद से राज्य में 5जी का मजबूती से प्रसार होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने ओडिशा के सात हजार गांव में पांच हजार टावर लगाने के लिए पांच हजार छह सौ करोड रूपये आवंटित किये हैं।
केन्द्रीय शिक्षा और कौशल विकास मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि 5जी तकनीक से शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन आयेंगे। उन्होंने कहा कि 5जी तकनीक स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्र में भी कई प्रकार से सहायक होगी।राज्य में उपभोक्ताओं को 5जी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए रिलायंस जियो और एयरटेल ने ने अलग-अलग शहरों में पांच सौ केंद्र स्थापित किए हैं। इस अवसर पर रिलायंस जियो और एयरटेल ने भुवनेश्वर के शिक्षा और अनुसंधान विश्वविद्यालय में 5जी तकनीक के इस्तेमाल का प्रदर्शन किया। -
नयी दिल्ली। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) की घरेलू बाजार में बिक्री दिसंबर, 2022 में 10.7 प्रतिशत बढ़कर 2,33,151 इकाई पर पहुंच गई। इससे पिछले साल के समान महीने में कंपनी ने 2,10,638 वाहन बेचे थे। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एचएमएसआई के प्रबंध निदेशक, अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अत्सुशी ओगाता ने कहा, ‘‘बाजार पिछले महीनों के अलावा सालाना आधार पर भी रफ्तार पकड़ रहा है। बेहतर त्योहारी सीजन, अपना वाहन रखने की इच्छा और मानसून बेहतर रहने की वजह से ग्राहकों की आवाजाही और पूछताछ बढ़ रही है।'' उन्होंने भरोसा जताया कि 2023 में भी ग्राहकों की धारणा मजबूत रहेगी। - नयी दिल्ली,। माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सत्या नडेला ने आर्थिक वृद्धि और प्रौद्योगिकी के जरिए समावेश और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के महत्व को रेखांकित करते हुए बुधवार को कहा कि कंपनी की ‘‘भारत के प्रति बहुत अधिक प्रतिबद्धता'' है। माइक्रोसॉफ्ट के ‘टेक फॉर गुड एंड एजुकेशन' कार्यक्रम में नडेला ने यह कहा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा और लोकोपकारी कार्य के क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी के प्रभावों को रेखांकित करना था। नडेला ने शिक्षकों, छात्रों और उन पेशेवरों के साथ बातचीत भी की जो माइक्रोसॉफ्ट के विभिन्न कार्यक्रमों, पहलों और उपकरणों की मदद से समाज में बदलाव ला रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी ने जो किया है, उसे देखते हुए कहना चाहता हूं कि आपकी लगन, कल्पना और सरलता वास्तव में प्रेरणादायक है। हमारे मिशन को बढ़ते देखना मुझे जमीन से जोड़े रखता है।'' उन्होंने आगे कहा कि बुधवार का कार्यक्रम यह रेखांकित करता है कि प्रौद्योगिकी और आर्थिक वृद्धि ‘अंत' नहीं बल्कि एक ऐसे अंत तक पहुंचने का साधन हैं जिसकी हम सभी को आकांक्षा है। उन्होंने प्रतिभागियों से अनुरोध किया कि वृद्धि को लेकर उनकी सोच सामाजिक समावेशन को ध्यान में रखते हुए हो। माइक्रोसॉफ्ट के प्रमुख ने प्रौद्योगिकी के जरिए समाज में बदलाव लाने की वकालत करते की।नडेला ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट की भारत के प्रति बहुत अधिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया' का जिक्र करते हुए कहा कि कंपनी देश में निवेश कर रही है।
-
नयी दिल्ली. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी के बीच राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतें मंगलवार को 506 रुपये चढ़कर 55,940 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गईं। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 55,434 रुपये प्रति दस ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमत भी 1,374 रुपये के उछाल के साथ 71,224 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के एक विश्लेषक ने कहा, ‘‘एशियाई कारोबार में मंगलवार की सुबह के कारोबार में कॉमेक्स में सोने की मजबूत शुरुआत हुई। सुरक्षित निवेश के विकल्प के रूप में सोने की मांग बढ़ने से इसमें तेजी आई।'' विदेशी बाजारों में सोना बढ़त के साथ 1,843 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था जबकि चांदी तेजी के साथ 24.37 डॉलर प्रति औंस पर थी। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (जिंस शोध) नवनीत दमानी ने कहा, ‘‘सोने की कीमत छह माह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। बाजार के निवेशकों का ध्यान इस सप्ताह आने वाले अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ताजा नीतिगत बैठक के ब्योरे पर है जो वहां के केन्द्रीय बैंक के ब्याज दरों में वृद्धि के संदर्भ में संकेत दे सकता है। -
नयी दिल्ली. सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी ने पाइप के जरिये घरों में आपूर्ति की जाने वाली रसोई गैस (पीएनजी) में हरित हाइड्रोजन के मिश्रण के लिये सूरत के कवास शहर में देश का पहला हरित हाइड्रोजन सम्मिश्रण परिचालन शुरू किया है। कंपनी ने मंगलवार को यान में कहा, ‘‘यह परियोजना एनटीपीसी और गुजरात गैस लिमिटेड (जीजीएल) का संयुक्त प्रयास है। एनटीपीसी कवास और जीजीएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कवास के परियोजना प्रमुख पी राम प्रसाद ने परियोजना से हरित हाइड्रोजन का पहला परिचालन शुरू किया।'' इसमें कहा गया है कि हरित हाइड्रोजन का मिश्रण सूरत में एनटीपीसी कवास के पीएनजी नेटवर्क में किया जाएगा। एनटीपीसी कवास ने ब्लेंडिंग परिचालन शुरू होने के बाद जीजीएल अधिकारियों की मदद से शहर के निवासियों के लिए जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया। एनटीपीसी और जीजीएल ने 30 जुलाई, 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शिलान्यास के बाद रिकॉर्ड समय में इस उपलब्धि को हासिल करने की दिशा में लगातार काम किया है। तेल एवं गैस नियामक पीएनजीआरबी ने शुरू में पीएनजी के साथ हरित हाइड्रोजन के पांच प्रतिशत मिश्रण को मंजूरी दे दी है। बाद में इसे चरणबद्ध तरीके से 20 प्रतिशत तक बढ़ाया जाएगा। प्राकृतिक गैस के साथ मिलाने पर हरित हाइड्रोजन कार्बन उत्सर्जन को कम करता है।
-
नयी दिल्ली. खाना ऑर्डर करने का ऑनलाइन मंच जोमैटो लिमिटेड के सह-संस्थापक और मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी गुंजन पाटीदार ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि पाटीदार जोमैटो के शुरूआती कुछ कर्मचारियों में शामिल थे और उन्होंने कंपनी के लिए मूल प्रौद्योगिकी प्रणाली का निर्माण किया था। जोमैटो ने कहा, ‘‘कंपनी को आगे बढ़ाने में उनका योगदान अमूल्य रहा है।''
हालांकि, कंपनी ने उनके इस्तीफे के कारणों के बारे में जानकारी नहीं दी।
पिछले साल नवंबर में कंपनी के एक और सह-संस्थापक, मोहित गुप्ता ने इस्तीफा दे दिया था। गुप्ता साढ़े चार साल पहले ज़ोमैटो में शामिल हुए थे। उन्हें 2020 में कंपनी के खाद्य वितरण व्यवसाय के सीईओ (मुख्य कार्यपालक अधिकारी) पद से पदोन्नति देकर सह-संस्थापक बनाया गया था। -
नयी दिल्ली. देश की सबसे बड़ी लौह अयस्क खनन कंपनी एनएमडीसी ने लौह अयस्क लंप के दाम 200 रुपये बढ़ाकर 4,300 रुपये प्रति टन करने की सोमवार को घोषणा की। एनएमडीसी ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा कि लौह अयस्क फाइंस के दाम भी 500 रुपये बढ़ाकर 3,410 रुपये प्रति टन किए गए हैं। कंपनी ने कहा कि नए दाम एक जनवरी से प्रभाव में आ गए हैं और इनमें अन्य प्रकार के कर एवं शुल्क शामिल नहीं हैं। लंप अयस्क और उच्च ग्रेड वाले लोहे में 65.53 प्रतिशत लौह होता है जबकि फाइंस में यह 64 फीसदी या इससे भी कम होता है। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनएमडीसी ने इससे पहले 30 नवंबर को लौह अयस्क ‘लंप' एवं ‘फाइंस' के दाम में तत्काल प्रभाव से 300 रुपये प्रति टन तक की बढ़ोतरी करने की घोषणा की थी। जिसके बाद उच्च गुणवत्ता वाले लंप श्रेणी के अयस्क की कीमत 4,100 रुपये प्रति टन निर्धारित कर दी गई जबकि कमतर गुणवत्ता वाले अयस्क की कीमत 2,910 रुपये प्रति टन रखी गई।
- बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने राज्य के लोकप्रिय डेयरी ब्रांड नंदिनी का अमूल में विलय किए जाने की आशंका को गलत बताते हुए रविवार को कहा कि एक अलग ब्रांड के तौर पर नंदिनी की पहचान हमेशा बनी रहेगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राज्य की दुग्ध सहकारी समिति नंदिनी के अमूल के साथ भागीदारी को लेकर हाल ही में टिप्पणी की थी। उसके बाद से ही विपक्षी दल इस पर राज्य सरकार पर निशाना साध रहे थे। शाह ने मांड्या में स्थित नंदिनी की डेयरी का दौरा किया था। उसके बाद कर्नाटक में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने अंदेशा जताया था कि नंदिनी का गुजरात की दुग्ध विक्रेता फर्म अमूल के साथ विलय किया जा सकता है। इस आशंका को खारिज करते हुए बोम्मई ने यहां संवाददाताओं से कहा कि नंदिनी की आने वाले सैकड़ों वर्षों तक अलग पहचान कायम रहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘नंदिनी का अमूल के साथ विलय किए जाने की कल्पना ही गलत है। शाह ने स्पष्ट रूप से कहा था कि नंदिनी और अमूल प्रौद्योगिकी और विपणन के क्षेत्र में सहयोग करेंगी।'' बोम्मई ने कहा, "शाह ने कहा था कि इन दो बड़ी दुग्ध विक्रेता कंपनियों को एक दूसरे की पूरक बनकर काम करना चाहिए। लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि उन दोनों का विलय होगा। नंदिनी ब्रांड सैकड़ों वर्षों तक एक अलग संस्थान बना रहेगा।" उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्री के बयान को गलत नहीं समझा जाना चाहिए और न ही इसका राजनीतिकरण होना चाहिए। मुख्यमंत्री होने के नाते मैं कह रहा हूं कि नंदिनी ब्रांड की हमेशा एक अलग पहचान रहेगी।
- नई दिल्ली। भारत में टाटा मोटर्स ने इस साल टिएगो ईवी लॉन्च की है, जो 10 लाख रुपये से कम दाम में भी अच्छी बैटरी रेंज देती है। अब टाटा मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी देसी कंपनियां साल 2023 में टाटा अल्ट्रोज ईवी और महिंद्रा केयूवी100 जैसी बजट इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च करने की तैयारियों में लगी हैं। टाटा और महिंद्रा की इन अपकमिंग इलेक्ट्रिक कारों का लोगों को बेसब्री से इंतजार है।महिंद्रा इस साल जुलाई में अपनी 3 नई इलेक्ट्रिक कारों के कॉन्सेप्ट मॉडल को अनवील करने वाली है। इसके साथ ही यह देसी कंपनी इस साल टाटा मोटर्स को कड़ी टक्कर देने के लिए किफायती इलेक्ट्रिक कार महिंद्रा केयूवी100 इलेक्ट्रिक लॉन्च कर सकती है। महिंद्रा ई-केयूवी100 को भी ऑटो एक्सपो 2020 में शोकेस किया गया था। जल्द ही इस कार के प्रोडक्शन रेडी मॉडल को दुनिया के सामने पेश किया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो केयूवी100 इलेक्ट्रिक में 15.9kWh का बैटरी पैक होगा और इसकी रेंज सिंगल चार्ज पर 150 किलोमीटर तक की हो सकती है। महिंद्रा की इलेक्ट्रिक कार लुक और फीचर्स में भी अच्छी होगी।टाटा मोटर्स की इस इलेक्ट्रिक कार का लोगों को लंबे समय से इंतजार है। सबसे पहले ऑटो एक्सपो 2020 में इस कार को देखा गया था। अल्ट्रोज ईवी को टाटा की धांसू Ziptron टेक्नॉलजी के साथ पेश किया जा सकता है, जो कि मैग्नेट एसी मोटर और लिथियम आयन बैटरी पैक के लैस है। अल्ट्रोज ईवी की बैटरी रेंज 250 किलोमीटर से लेकर 300 किलोमीटर तक की हो सकती है। वहीं, अल्ट्रोज ईवी के लुक और फीचर्स की बात करें तो इसमें ब्लू एक्सेंट के साथ ही ढेर सारे लेटेस्ट फीचर्स देखने को मिल सकते हैं, जो कि मौजूदा समय में कारों के लिए बेहद जरूरी हैं। टाटा अल्ट्रोज इलेक्ट्रिक को भारत में 10 लाख रुपये से ज्यादा की शुरुआती कीमत के साथ पेश किया जा सकता है।
- हैदराबाद। खानपान के सामान की आपूर्ति करने वाले मंच स्विगी ने नए साल की पूर्व-संध्या पर शनिवार को देश भर में 3.50 लाख बिरयानी और 2.5 लाख से अधिक पिज्जा के ऑर्डर पहुंचाए। कंपनी के सूत्रों ने यह जानकारी दी। स्विगी ने यह भी कहा कि ट्विटर पर किए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार हैदराबादी बिरयानी के लिए 75.4 प्रतिशत ऑर्डर आए। उसके बाद लखनवी बिरयानी के 14.2 प्रतिशत और कोलकाता बिरयानी के 10.4 प्रतिशत ऑर्डर आए। सूत्रों ने कहा, ”इस दिन 3.50 लाख ऑर्डर के साथ सबसे ज्यादा बिरयानी पहुंचाई गई।”हैदराबाद के प्रमुख रेस्तरां बावर्ची ने नए साल की पूर्व-संध्या पर प्रति मिनट औसतन दो बिरयानी की आपूर्ति की। इस भारी मांग को पूरा करने के लिए इस रेस्तरां ने 15 टन बिरयानी बनाई थी।स्विगी ने शनिवार रात साढ़े 10 बजे अपने एक ट्वीट में कहा, ”डॉमिनोज इंडिया को 61,287 पिज्जा ऑर्डर मिले हैं। आप कल्पना कर सकते हैं कि उनके साथ ऑरेगेनो के कितने पैकेट गए होंगे।” कंपनी सूत्रों ने बताया कि कुल 2.5 लाख से अधिक पिज्जा ग्राहकों तक पहुंचाए गए।
- नयी दिल्ली । वाहन विनिर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर ‘विडा वी1’ की ग्राहकों को आपूर्ति शुरू कर दी है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि ब्रांड के पहले इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) की बेंगलुरु में आपूर्ति की गई। इसके बाद जयपुर और दिल्ली में आपूर्ति शुरू होगी। हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमैन और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पवन मुंजाल ने कहा, ”विडा के साथ हमारा उद्देश्य भविष्य के लिए अत्यधिक रुझान स्थापित करना है जो ग्राहकों के लिए लाभ के साथ ही वातानुकूलित है। ग्राहकों को मॉडल की आपूर्ति शुरू करने के साथ ही हम अपने लक्ष्य को साकार करने लगे हैं।”कंपनी ने इस साल अक्टूबर में विडा वी1 की पेशकश के साथ ईवी खंड में कदम रखा। यह मॉडल दो संस्करण…विडा वी1 प्लस और विडा वी1 प्रो में उपलब्ध है। इनकी दिल्ली में कीमतें क्रमश: 1,35,705 रुपये और 1,46,880 रुपये हैं।
-
नई दिल्ली। नवम्बर माह में आठ प्रमुख उद्योगों के सूचकांक की वृद्धि दर बढ़कर 5.4 प्रतिशत पहुंच गयी है। पिछले वर्ष नवम्बर माह में यह 3.2 प्रतिशत थी। इस वर्ष अक्टूबर में प्रमुख क्षेत्रों के सूचकांक की वृद्धि दर 0.9 प्रतिशत थी। इस वित्त वर्ष अप्रैल से अक्तूबर के दौरान आठ प्रमुख उद्योगों- कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक, स्टील, सीमेंट और बिजली की उत्पादन वृद्धि आठ प्रतिशत थी। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 13.9 प्रतिशत थी।
- नई दिल्ली। सरकार ने छोटी जमा योजनाओं पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। इनमें पोस्ट ऑफिस सावधि जमा, एनएससी (नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट) और वरिष्ठ नागरिक बचत योजना शामिल हैं। अर्थव्यवस्था में ब्याज दरों में मजबूती के तहत एक जनवरी से इन जमा योजनाओं की ब्याज दर 1.1 प्रतिशत तक बढ़ाने की घोषणा की गई है। हालांकि, पब्लिक प्रॉविडेंट फंड (पीपीएफ) और बालिका बचत योजना सुकन्या समृद्धि पर ब्याज दरों में बदलाव नहीं किया गया है। राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (एनएससी) पर एक जनवरी से सात फीसदी ब्याज मिलेगा फिलहाल यह 6.8 फीसदी है। इसी तरह, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना पर वर्तमान के 7.6 प्रतिशत के मुकाबले 8 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।एक से पांच साल की अवधि की पोस्ट ऑफिस टर्म डिपॉजिट स्कीम्स पर ब्याज दरें एक जनवरी 2023 से 1.1 प्रतिशत तक बढ़ जाएंगी। मासिक आय योजना में भी ब्याज दर 6.7 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.1 प्रतिशत कर दी गई है। मोदी सरकार की ओर से छोटी जमा बचत योजनाओं की ब्याज दरों में बढ़ोतरी को नए साल के तोहफे के रूप में देखा जा रहा है। फिलहाल यह इजाफा जनवरी से मार्च तिमाही के लिए किया गया है।सरकार ने पोस्ट ऑफिस की एक साल की सेविंग्स स्कीम पर ब्याज दर बढ़ाकर 6.6% कर दी है जो पहले 5.5 प्रतिशत थी। जबकि 2 साल की स्कीम पर 6.8% की दर से ब्याज मिलेगा, जो पहले 5.7 प्रतिशत था। 3 साल की स्कीम पर ब्याज दर बढ़कर 6.9% कर दी गई है, जो पहले 5.8 प्रतिशत थी। वहीं, पांच साल की स्कीम पर 7% की दर से ब्याज मिलेगा, यह पहले 6.7 प्रतिशत था।केंद्र सरकार तिमाही आधार पर छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों की समीक्षा करती है। छोटी बजत योजनाओं के लिए ब्याज दर निकालने का फॉर्मूला श्यामला गोपीनाथ कमेटी ने दिया था। समिति के सुझावों के अनुसार विभिन्न योजनाओं की ब्याज दरें समन मैच्यरोरिटी वाले केंद्र सरकार के बॉन्ड प्रतफिलों से 25 से 100 बीपीएस अधिक होनीं चाहिए।
-
नयी दिल्ली. सार्वजनिक क्षेत्र की एनटीपीसी को उसकी एक संयुक्त उद्यम कंपनी से वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 100.11 करोड़ रुपये का अंतरिम लाभांश मिला है। बिजली क्षेत्र की दिग्गज कंपनी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि उसे 2022-23 के लिए एनटीपीसी तमिलनाडु एनर्जी कंपनी लिमिटेड (एनटीईसीएल) से उसके 50 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए 100.11 करोड़ रुपये का दूसरी अंतरिम लाभांश मिला है। एनटीईसीएल एक संयुक्त उद्यम कंपनी है जिसमें एनटीपीसी और तमिलनाडु जेनरेशन एंड डिस्ट्रिब्यूशन कॉरपोरेशन लिमिटेड की समान यानी 50:50 अनुपात में हिस्सेदारी है। एनटीईसीएल के चेयरमैन और एनटीपीसी के निदेशक (परिचालन) रमेश बाबू वी ने एनटीपीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक गुरदीप सिंह को इस राशि का चेक सौंपा।
-
नयी दिल्ली. उद्योगपति मुकेश अंबानी ने अपने तीनों बच्चों के लिए लक्ष्य तय किए हैं जिन्हें वह दूरसंचार, खुदरा और नवीन ऊर्जा कारोबार की जिम्मेदारी देने वाले हैं। धीरूभाई अंबानी की जयंती पर मनाए जाने वाले रिलायंस फैमेली डे के अवसर पर मुकेश अंबानी ने कहा कि तेल से लेकर दूरसंचार और खुदरा तक का कारोबार करने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड आत्म परिवर्तन की विस्तृत यात्रा पर चल पड़ी है। बुधवार शाम को अपने संबोधन में अंबानी ने कहा, ‘‘वर्ष 2022 के अंत में रिलायंस अपने स्वर्णिम दशक की आधी दूरी तय कर चुकी होगी। अब से पांच साल बाद, रिलायंस की स्थापना को 50 वर्ष पूरे हो जाएंगे।'' उनका संबोधन मीडिया के लिए बृहस्पतिवार को जारी किया गया। इसमें उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सभी व्यवसायों और पहलों के नेताओं और कर्मचारियों से मेरी जो उम्मीदें हैं, उनका मैं यहां जिक्र कर रहा हूं।'' मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश दूरसंचार व्यवसाय की कमान संभालेंगे, बेटी ईशा खुदरा कारोबार संभाल रही हैं। छोटे बेटे अनंत नवीन ऊर्जा कारोबार की जिम्मेदारी संभालेंगे। अंबानी ने कहा, ‘‘आकाश की अध्यक्षता में जियो भारतभर में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ 5जी नेटवर्क शुरू कर रहा है और जिस रफ्तार से इस सेवा की शुरुआत की जा रही है वह दुनियाभर में सबसे तेज है।'' उन्होंने यह भी बताया कि जियो 5जी की सेवा 2023 में पूरी तरह से शुरू हो जाएगी। उद्योगपति ने कहा कि ईशा के नेतृत्व में खुदरा व्यवसाय बहुत तेजी से बढ़ा है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा खुदरा व्यवसाय, सभी श्रेणी के उत्पादों में, भारत में बहुत ही व्यापक और गहरी पहुंच वाले कारोबार में रूप में उभरा है।'' नवीन ऊर्जा व्यवसाय के बारे में अंबानी ने कहा, ‘‘रिलायंस का सबसे नया स्टार्टअप कारोबार है नवीन ऊर्जा जिसमें न केवल कंपनी या देश बल्कि पूरी दुनिया को बदलने की ताकत है।'' उन्होंने कहा, ‘‘अनंत इस आगामी एवं अगली पीढ़ी के व्यवसाय से जुड़ रहे हैं और इसके साथ ही हमने जामनगर में अपने गीगा कारखानों को तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।'' उन्होंने कहा कि भारत का सबसे बड़ा और मूल्यवान कॉरपोरेट समूह रिलायंस भारत का सबसे ‘हरित' कॉरपोरेट समूह भी बनने जा रहा है। मुकेश अंबानी ने कहा, ‘‘हमारी नवीन ऊर्जा टीम के लक्ष्य बिलकुल स्पष्ट हैं। भारत की निर्भरता आयात पर कम करके ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सुरक्षा हासिल करना है। याद रहे, ऐसा आप मुस्तैद और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में आगे रहते हुए ही कर सकते हैं।
- - जिंदल पैंथर सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड के नए सीमेंट संयंत्र की स्थापना के लिए हुई पर्यावरणीय जनसुनवाई- हजारों की संख्या में उमड़े ग्रामीणों ने किया परियोजना का समर्थन- जिंदल समूह द्वारा किए गए विकास कार्यों को सभी ने सराहा- क्षेत्र के औद्योगिक विकास एवं अंचल के समग्र विकास को मिलेगी तेजीरायगढ़। जिंदल स्टील एंड पॉवर समूह की कंपनी जिंदल पैंथर सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित एकीकृत सीमेंट संयंत्र परियोजना के लिए कोसमपाली में गुरूवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों ने परियोजना का अभूतपूर्व समर्थन किया। हजारों की संख्या में उमड़े लोगों ने विश्वास जताया कि इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी और यह प्रोजेक्ट रायगढ़ ही नहीं, छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।जिंदल स्टील एंड पॉवर समूह की कंपनी जिंदल पैंथर सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा रायगढ़ तहसील के ग्राम कोसमपाली, बरमुडा, धनागर एवं सराईपाली में प्रस्तावित एकीकृत सीमेंट संयंत्र परियोजना की पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए जनसुनवाई का आवेदन छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल में दिया गया था। प्रस्तावित परियोजना की जनसुनवाई के लिए मंडल द्वारा 29 दिसंबर 2022 की तारीख तय की गई थी। गुरूवार को ग्राम कोसमपाली में सुबह 11 बजे से जनसुनवाई शुरू हुई। इसमें आसपास के सभी गांवों के ग्रामीण और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सीईसीबी द्वारा जनसुनवाई के दौरान कोविड प्रोटोकॉल के पालन का पूरा ध्यान रखा गया था। जनसुनवाई शुरू होने से पहले पूरे पांडाल और आसपास के क्षेत्र को सैनेटाइज किया गया। परिसर में प्रवेश से पहले सभी की थर्मल स्कैनिंग की गई। हाथों को सैनिटाइज करने के बाद मास्क के साथ ही लोगों ने पांडाल के अंदर प्रवेश किया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था रखी थी। अतिरिक्त कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े व क्षेत्रीय अधिकारी-छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल अंकुर साहू के पर्यवेक्षण में तय समय पर जनसुनवाई शुरू हुई। रायगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय महादेवा, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव उपाध्याय, कोतरा रोड थाना प्रभारी गिरधारी साव पुलिस के जवानों के साथ कानून-व्यवस्था की कमान संभाल रहे थे। जनसुनवाई के दौरान अपने विचार व्यक्त करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि जिंदल समूह ने रायगढ़ के समग्र विकास में पूरा योगदान दिया है। कंपनी ने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत कई विकास कार्य कराए हैं। इनमें ग्रामीणांे की मूलभूत जरूरतों से लेकर अधोसंरचना विकास के कार्य तक शामिल हैं। इससे बड़ी संख्या मंे ग्रामीणों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार मिला है और पूरा क्षेत्र इससे लाभान्वित हो रहा है। कंपनी ने पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी बेहतर प्रयास किए हैं। सीमेंट संयंत्र शुरू होने से इसमें और भी इजाफा होगा। जनसुनवाई के दौरान सभी प्रभावित गांवों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखते हुए एक स्वर में इस परियोजना का समर्थन किया। जनसुनवाई की यह प्रक्रिया शाम तक जारी रही। इससे पहले जिंदल पैंथर सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से कंसलटेंट ने परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि किस तरह इसके पूर्ण होने से औद्योगिक विकास और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने परियोजना के फायदों के बारे में ग्रामीणों को पूरी जानकारी दी। इस दौरान परियोजना प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी परियोजना का समर्थन किया। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में जनसुनवाई शाांतिपूर्ण तरीके से जबर्दस्त जनसमर्थन के साथ सफल रही। जिंदल स्टील एंड पॉवर के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट संजीव चौहान ने इस अवसर पर क्षेत्र के सभी ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष सहयोग की वजह से ही यह संभव हो सका। उन्होंने कहा कि जिंदल समूह अंचल के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और यह प्रोजेक्ट सफल होने से निश्चित तौर पर क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।देर शाम तक चलता रहा समर्थनजिंदल पैंथर सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड के नए प्लांट की स्थापना के प्रोजेक्ट के लिए स्थानीय जनता के समर्थन का यह आलम था कि शाम तक लोगों की कतार अपने विचार व्यक्त करने के लिए लगी रही। ये सभी स्थानीय ग्रामीण थे, जो इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर क्षेत्र का विकास होने का विश्वास जताते हुए परियोजना का समर्थन करने के लिए पहुंचे थे। यह अपने आप में ऐतिहासिक अवसर रहा, जब किसी परियोजना को लेकर ग्रामीणों ने इतना विश्वास और उत्साह जताया हो।
- नयी दिल्ली। दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना 21 रुपये के नुकसान के साथ 54,963 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले सत्र में सोने का भाव 54,984 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 464 रुपये की गिरावट दर्शाती 69,117 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज में जिंस शोध विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत दमानी ने कहा, ‘‘बैंक ऑफ जापान सहित प्रमुख केंद्रीय बैंकों ने मुद्रास्फीति के बारे में चिंता व्यक्त की है और अगले साल ब्याज दरों में और बढ़ोतरी होने की आशंका जताई है। आज निवेशकों की निगाह, अमेरिका के साप्ताहिक बेरोजगारी दावों के आंकड़ों पर होगी।अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,809 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी नुकसान के साथ 23.65 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। एचडीएफसी के एक विश्लेषक ने कहा, ‘‘चीन से मांग में सुधार को लेकर उम्मीद बढ़ने के कारण, एशियाई कारोबार में कॉमेक्स में सोने की कीमतों में मामूली तेजी आई।’’
- मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और एमडी मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी उद्योगपति वीरेन मर्चेंट की बेटी राधिका मर्चेंट से जल्द ही विवाह के बंधन में बंधेंगे। परिवार ने गुरुवार को यह ऐलान किया। राजस्थान के नाथद्वारा में श्रीनाथजी मंदिर में गुरुवार को परिवार के सदस्यों और दोस्तों की मौजूदगी में शैला और वीरेन मर्चेंट की बेटी राधिका और अनंत का ‘रोका’ (सगाई) समारोह किया गया।न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी से स्नातक राधिका एनकोर हेल्थकेयर के बोर्ड में निदेशक के रूप में काम करती हैं। राधिका मूल रूप से गुजरात के कच्छ से हैं लेकिन वह पिछले काफी समय से मुंबई में ही रह रही हैं। राधिका ने मुंबई में ही अपनी पढ़ाई की है। उन्होंने मुंबई के प्रतिष्ठित कैथेड्रल और जॉन कॉनन स्कूल और जुहू स्थित इकोले मोंडियल वर्ल्ड स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की है। इसके बाद उन्होंने बीडी सोमानी इंटरनेशनल स्कूल से एक इंटरनेशनल लेवल का डिप्लोमा हासिल किया। अनंत ने जहां अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है, वहीं राधिका न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी से स्नातक हैं।राधिका ने न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय से राजनीति और अर्थशास्त्र में स्नातक की डिग्री हासिल की। जिसके बाद वह लग्जरी होम डेवलपर इस्प्रवा ग्रुप में शामिल हो गईं। वर्तमान में राधिका एनकोर हेल्थकेयर के बोर्ड में शामिल डायरेक्टर्स में से एक हैं। इसके साथ ही साथ राधिका प्रशिक्षित भरतनाट्यम डांसर हैं और उन्होंने श्री निभा आर्ट्स में गुरु भावना ठाकर से नृत्य की शिक्षा ली है।मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता ने इस साल जून में मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में राधिका के लिए एक भव्य ‘अरंगेत्रम’ समारोह आयोजित किया था। यह प्रशिक्षित भारतीय शास्त्रीय नृत्य कलाकार राधिका की पहली मंचीय नृत्य प्रस्तुति या ‘अरंगेत्रम’ थी। राधिका एनकोर हेल्थकेयर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीरेन मर्चेंट और शैला मर्चेंट की बेटी हैं। इस साल की शुरुआत में, राधिका और मुकेश अंबानी ने पूजा करने के लिए देश भर के कई मंदिरों का दौरा किया। सितंबर में, राधिका और मुकेश अंबानी ने आरआईएल के निदेशक मनोज मोदी के साथ श्रीनाथजी मंदिर का दौरा किया था। इसके बाद उन्होंने केरल में गुरुवायूर श्री कृष्ण मंदिर और आंध्र प्रदेश में तिरुपति बालाजी मंदिर का दौरा किया था।
-
नयी दिल्ली. सरकार ने बुधवार को रिफाइंड पाम तेल के अंकुश-मुक्त आयात की सुविधा को 31 दिसंबर, 2022 से अगले आदेश तक आगे बढ़ा दिया है। इसका उद्देश्य खाद्य तेल की घरेलू आपूर्ति बढ़ाना और इस तेल की कीमत को कम करना है। पिछले साल जून में सरकार ने 31 दिसंबर, 2021 तक रिफाइंड पाम तेल पर आयात प्रतिबंध हटा दिया था, जब खाद्य तेलों की कीमतें तेजी से बढ़ी थीं। बाद में इसे 31 दिसंबर, 2022 तक बढ़ा दिया गया था। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने एक अधिसूचना में कहा, ‘‘जिंसों (खाद्यतेल) की मुक्त आयात नीति (रिफाइंड ब्लीच्ड डिओडोराइज्ड पाम ऑयल या आरबीडी पामतेल, रिफाइंड ब्लीच्ड डिओडोराइज्ड पामोलिन या आरबीडी-पामोलीन) को अगले आदेश तक 31 दिसंबर, 2022 से आगे बढ़ाया जाता है।'' हालांकि, इसने कहा कि केरल में किसी भी बंदरगाह के माध्यम से आयात की अनुमति नहीं है।
इससे पहले, ये आयात प्रतिबंधित श्रेणी के तहत थे, जिसमें एक आयातक को आयात की खेप के लिए डीजीएफटी से लाइसेंस या अनुमति की आवश्यकता होती थी। उद्योग निकाय सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) के अनुसार, इंडोनेशिया में कम कीमतों के कारण पिछले 11 महीनों में भारत में रिफाइंड पाम तेल का आयात ढाई गुना से अधिक बढ़कर 17.12 लाख टन हो गया। भारत दुनिया का प्रमुख वनस्पति तेल खरीदार देश है। भारत ने चालू 2021-22 तेल वर्ष की नवंबर-सितंबर अवधि के दौरान 130.1 लाख टन वनस्पति तेलों का आयात किया, जो कि एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में चार प्रतिशत अधिक है। पाम तेल के आयात की हिस्सेदारी कुल वनस्पति तेल के आयात में 50 प्रतिशत की है।
भारत मुख्य रूप से इंडोनेशिया और मलेशिया से पामतेल का आयात करता है, और अर्जेंटीना से सोयाबीन तेल सहित कच्चे नरम तेल की एक छोटी मात्रा का आयात करता है। सूरजमुखी का तेल यूक्रेन और रूस से आयात किया जाता है। एक अलग अधिसूचना में डीजीएफटी ने कहा कि उड़द और तुअर की मुफ्त आयात नीति को 31 मार्च, 2024 तक बढ़ा दिया गया है। पहले यह सुविधा 31 मार्च, 2023 को खत्म होने वाली थी।

.jpg)











.jpg)












