- Home
- बिजनेस
- नई दिल्ली। मारुति सिलेरियो के सीएनजी वर्जन की बुकिंग शुरू हो गई है। इस कार को पिछले साल ही कंपनी ने लांच किया था। यह कंपनी की सबसे ज्यादा माइलेज वाली कार है। अब कंपनी ने इसका सीएनजी वर्जन लांच कर दिया है।खबरों के अनुसार कुछ चुनिंदा मारुति सुजुकी डीलरशिप ने 11,000 रुपये टोकन अमाउंट पर इस कार की बुकिंग शुरू कर दी है। हालांकि, कंपनी ने आधिकारिक रूप से सिलेरियो सीएनजी लॉन्च डेट और बुकिंग की जानकारी नहीं दी है। मारुति सुजुकी ने अपनी नई सिलेरियो को मोस्ट फ्यूल एफिसिएंट कार बताया था और दावा किया था कि Celerio VXi AMT वेरिएंट की माइलेज 26.68 kmpl तक की है। माना जा रहा है कि नई मारुति सिलेरियो सीएनजी की माइलेज बाकी सीएनजी कारों के मुकाबले ज्यादा हो सकती है।अपकमिंग मारुति सिलेरियो सीएनजी में 1.0 लीटर का 3 सिलिंडर डुअलजेट पेट्रोल इंजन लगा होगा, जो कि फैक्ट्री फिटेज सीएनजी किट के साथ होगा। सिलेरियो सीएनजी को 5 स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ पेश किया जा सकता है। नई सिलेरियो की तरह ही इसके लुक और फीचर्स होंगे, जिनमें 7 इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, हाइट अडजस्टेबल ड्राइवर सीट, रियर पार्किंग सेंसर समेत अन्य स्टैंडर्ड और सेफ्टी से जुड़ीं खूबियां होंगी।खबरों के अनुसार कंपनी 6 लाख रुपये से ज्यादा प्राइस रेंज के साथ पेश कर सकती है। फिलहाल इसके पेट्रोल पावर्ड वेरिएंट की कीमत 4.99 लाख रुपये से लेकर 6.94 लाख रुपये (एक्स शोरूम) तक है।वैसे इस महीने टाटा मोटर्स भी टिएगो सीएनजी और टिगोर सीएनजी लॉन्च करने वाली है।-----
- नयी दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल को मंगलवार को चीन स्थित बहुपक्षीय संस्थान एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (एआईआईबी) में दक्षिण एशिया में निवेश परिचालन मामलों का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्होंने पूर्व नौकरशाह डी जे पांडियन का स्थान लिया है। एआईआईबी ने एक बयान में कहा कि उनकी नियुक्ति एक फरवरी से प्रभावी होगी।उन्होंने गुजरात कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी डी जे पांडियन का स्थान लिया है। वह छह साल पहले राज्य के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे। बयान के अनुसार, ‘‘एआईआईबी के निदेशक मंडल ने डॉ. उर्जित पटेल को निवेश परिचालन क्षेत्र 1-दक्षिण एशिया, प्रशांत द्वीप समूह और दक्षिण-पूर्व एशिया का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।'' एआईआईबी बहुपक्षीय विकास बैंक है जिसका मकसद एशिया में आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र में सुधार लाना है।
- नयी दिल्ली।केंद्र ने मंगलवार को कहा कि देशभर में खाद्य तेलों की खुदरा कीमतें वैश्विक बाजार के अनुरूप एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में ऊंची हैं लेकिन अक्टूबर, 2021 के बाद से इनमें गिरावट का रुझान है। 167 मूल्य संग्रह केंद्रों के रुझान के अनुसार, देशभर के प्रमुख खुदरा बाजारों में खाद्य तेलों की खुदरा कीमतों में 5-20 रुपये प्रति किलोग्राम की भारी गिरावट आई है। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को मूंगफली तेल का अखिल भारतीय औसत खुदरा मूल्य 180 रुपये प्रति किलो, सरसों तेल का 184.59 रुपये प्रति किलो, सोया तेल का 148.85 रुपये प्रति किलो, सूरजमुखी तेल का 162.4 रुपये प्रति किलो और पाम तेल का 128.5 रुपये प्रति किलो था। आंकड़ों में दर्शाया गया है कि एक अक्टूबर, 2021 को प्रचलित कीमतों की तुलना में, मूंगफली और सरसों के तेल की खुदरा कीमतों में 1.50-3 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट आई है, जबकि सोया और सूरजमुखी के तेल की कीमतें अब 7-8 रुपये प्रति किलोग्राम नीचे आ चुकी हैं। मंत्रालय के मुताबिक, अडाणी विल्मर और रुचि इंडस्ट्रीज समेत प्रमुख खाद्य तेल कंपनियों ने कीमतों में 15-20 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। जिन अन्य कंपनियों ने खाद्य तेलों की कीमतों में कमी की है, वे हैं जेमिनी एडिबल्स एंड फैट्स इंडिया, हैदराबाद, मोदी नैचुरल्स, दिल्ली, गोकुल री-फॉयल एंड सॉल्वेंट, विजय सॉल्वेक्स, गोकुल एग्रो रिसोर्सेज और एन के प्रोटीन्स। उसने कहा है, ‘‘अंतरराष्ट्रीय जिंस की कीमतें अधिक होने के बावजूद केंद्र सरकार द्वारा राज्य सरकारों की सक्रिय भागीदारी में साथ हस्तक्षेप से खाद्य तेलों की कीमतों में कमी आई है। खाद्य तेल की कीमतें एक साल पहले की अवधि की तुलना में अधिक हैं लेकिन अक्टूबर से ये नीचे आ रही हैं।'' इसमें कहा गया है कि आयात शुल्क में कमी और जमाखोरी पर अंकुश को स्टॉक की सीमा लगाने जैसे अन्य कदमों से सभी खाद्य तेलों की घरेलू कीमतों को कम करने में मदद मिली है और उपभोक्ताओं को राहत मिली है। खाद्य तेलों के आयात पर भारी निर्भरता के कारण घरेलू उत्पादन को बढ़ाने के लिए प्रयास करना महत्वपूर्ण है। भारत खाद्य तेलों के सबसे बड़े आयातकों में से एक है क्योंकि इसका घरेलू उत्पादन इसकी घरेलू मांग को पूरा करने में असमर्थ है। देश में खाद्य तेलों की खपत का लगभग 56-60 प्रतिशत आयात के माध्यम से पूरा किया जाता है। मंत्रालय ने कहा कि वैश्विक उत्पादन में कमी और निर्यातक देशों द्वारा निर्यात कर/लेवी में वृद्धि के कारण खाद्य तेलों की अंतरराष्ट्रीय कीमतें दबाव में हैं। इसलिए खाद्य तेलों की घरेलू कीमतें आयातित तेलों की कीमतों से तय होती हैं।
- नयी दिल्ली। देश के सबसे बड़े ऋणदाता भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपने डिजिटल बैंकिंग प्रमुख पद के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करते हुए आवेदन आमंत्रित किए हैं। एसबीआई ने मंगलवार को जारी अपने विज्ञापन में डिजिटल बैंकिंग प्रमुख के पद के लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए। इच्छुक उम्मीदवार 28 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। बैंक ने कहा कि ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाली डिजिटल बैंकिंग सेवाएं मुहैया कराने के लिए यह नियुक्ति काफी अहम होगी। यह पद अनुबंध के आधार पर भरा जाएगा। चयनित व्यक्ति का कार्यकाल तीन साल का होगा जिसे बाद में आगे बढ़ाया जा सकता है।
- मुंबई। मैट्रिक्स पार्टनर के समर्थन वाली इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी ओए रिक्शा इस साल 1,00,000 से अधिक इलेक्ट्रिक रिक्शा (ई-रिक्शा) तैनात करने की योजना बना रही है। कंपनी का इरादा इस साल 25 नए शहरों में अपने कारोबार के विस्तार का है। ओए रिक्शा के पास वर्तमान में 10,000 ई-रिक्शा है और कंपनी दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश और हरियाणा में अपनी सेवाएं दे रही है। कंपनी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि ओए रिक्शा भविष्य के लिए तैयार इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर रही है। कंपनी ने कहा कि ओए रिक्शा 2022 तक 1,00,000 वाणिज्यिक ईवी तैनात करने के साथ-साथ 25 नए शहरों में अपना परिचालन शुरू करने के लिए तैयार है।
- नयी दिल्ली। युवाओं के नवाचार को समाज एवं उद्योग की समस्याओं के समाधान से जोड़ने के कार्यक्रम ‘स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2022' के महा-मुकाबला का आयोजन इस वर्ष जून में किया जायेगा। शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी । ‘स्टार्टअप भारत नवाचार सप्ताह' पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को शिक्षा राज्य मंत्री डा. राजकुमार रंजन सिंह ने स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2022 के लिये चयनित ‘समस्या' संबंधी बयानों का पहला बैच जारी किया । इस दौरान मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘ स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2022' के महा-मुकाबला का आयोजन इस वर्ष जून में होगा । तब तक सभी परीक्षाएं समाप्त हो जायेंगे और छात्र इसमें सहज रूप से हिस्सा ले सकेंगे ।'' उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिये पहले बैच में 302 समस्या संबंधी बयान जारी किए जा रहे हैं । एक सप्ताह में 152 समस्या संबंधी बयान का दूसरा बैच जारी किया जायेगा । हैकाथॉन में इन्हीं समस्या संबंधी बयान के आधार पर नवोन्मेषी समाधान तलाशे जाते हैं जिनका समाज एवं उद्योगों को लाभ मिल सके । इस अवसर पर शिक्षा राज्य मंत्री डा. राजकुमार रंजन सिंह ने कहा, ‘‘ हमारे देश की उच्च शिक्षा प्रणाली सबसे बड़ी है और दुनिया में तीसरी सबसे बड़ा स्टार्ट-अप पारिस्थितिकी है। उच्च शिक्षा संस्थानों में भारतीय नवाचार और स्टार्ट-अप पारिस्थितिकी के विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।'' उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों के फलस्वरूप देश में हैकाथॉन की संस्कृति को संस्थागत स्वरूप प्राप्त हुआ है। इस दिशा में खिलौनों से जुड़ा हैकाथॉन महत्वपूर्ण पहल है। मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास नवाचार और उद्योग के गठजोड़ में सहायता पहुंचना है ताकि इन्हें व्यावसायिक स्वरूप प्रदान किया जा सके जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नये भारत और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना है।
- नयी दिल्ली।जर्मनी की लक्जरी कार विनिर्माता कंपनी ऑडी इंडिया ने अगली पीढ़ी की अपनी प्रीमियम एसयूवी क्यू7 के लिए बुकिंग शुरू कर दी है। कंपनी ने मंगलवार को कहा कि 3,000सीसी के शक्तिशाली इंजन से लैस नयी पीढ़ी की क्यू7 को पांच लाख रुपये के अग्रिम भुगतान के साथ बुक किया जा सकता है। ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लों ने एक बयान में कहा, "वर्ष 2021 में नौ उत्पाद पेश करने के बाद हम एक और अविश्वसनीय पेशकश के साथ नए साल में कदम रखने के लिए उत्साहित हैं। इसी के साथ हम ऑडी क्यू7 के लिए आज से बुकिंग शुरू कर रहे हैं।" उन्होंने कहा, "ऑडी क्यू7 को ग्राहकों ने हमेशा सड़क पर अपनी शानदार उपस्थिति और बहुमुखी प्रदर्शन के लिए पसंद किया है। ऑडी क्यू7 के साथ, कंपनी अब इसे नए डिजाइन और विशेषताओं के साथ एक पायदान ऊपर ले जा रही है।" ऑडी इंडिया ने कहा कि क्यू7 प्रीमियम प्लस और टेक्नोलॉजी जैसे दो अलग-अलग मॉडल में उपलब्ध होगी।
- नयी दिल्ली । रियल्टी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी डीएलएफ लिमिटेड ने दिल्ली के मोती नगर में अपनी नयी आवासीय परियोजना में 1,500 करोड़ रुपये की संपत्तियां बेची हैं, जो लग्जरी अपार्टमेंट की मजबूत मांग को दर्शाता है। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। डीएलएफ ने शुक्रवार को मोती नगर के शिवाजी मार्ग पर तीन करोड़ रुपये की शुरुआती कीमत के साथ 913 इकाइयों वाली अपनी लग्जरी आवासीय परियोजना ‘वन मिडटाउन' पेश की थी। डीएलएफ इस परियोजना को सिंगापुर सॉवरेन वेल्थ फंड जीआईसी के साथ मिलकर विकसित कर रही है।डीएलएफ लिमिटेड ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने ‘‘नयी लग्जरी आवासीय परियोजना- वन मिडटाउन के पहले चरण में लगभग 1,500 करोड़ रुपये की बिक्री हुई है।'' कंपनी ने हालांकि यह नहीं बताया कि उसने कितनी इकाइयां बेची है।इस परियोजना में चार टावर हैं और प्रत्येक में 39 मंजिलें हैं। इनमें दो, तीन या चार बैडरूम के 913 अपार्टमेंट हैं। कंपनी इन 913 इकाइयों को चरणबद्ध ढंग से बेचेगी। बिक्री बुकिंग पर टिप्पणी करते हुए डीएलएफ होम डेवलपर्स लिमिटेड के समूह कार्यकारी निदेशक और मुख्य कारोबार अधिकारी आकाश ओहरी ने कहा, ‘‘पूरी दुनिया जिस चुनौतीपूर्ण वक्त से गुजर रही है, उसके मद्देनजर हम खुश हैं कि इस पेशकश की ऐसी शुरुआत हुई है।'' उन्होंने कहा कि ये आंकड़े प्रभावशाली हैं और इस परियोजना के निहित मूल्य को दर्शाते हैं।
- नयी दिल्ली। देश भर में खुदरा बिक्री दिसंबर 2021 में सात प्रतिशत बढ़कर कोरोना वायरस महामारी के पूर्व स्तर (दिसंबर 2019) पर पहुंच गई। खुदरी बिकी की गति हालांकि समीक्षाधीन महीने के अंतिम सप्ताह में घट गई। भारतीय खुदरा विक्रेता संघ (आरएआई) ने मंगलवार को अपने ताजा खुदरा व्यापार सर्वेक्षण में कहा कि दिसंबर 2021 में देखी गई वृद्धि दिसंबर 2020 की तुलना में 26 प्रतिशत अधिक है। आरएआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कुमार राजगोपालन ने एक बयान में कहा, "दिसंबर 2021 में ज्यादातर समय खुदरा कारोबार स्थिर विकास पथ पर था लेकिन महीने के अंतिम सप्ताह में कोरोना वायरस की तीसरी लहर के कारण इसमें गिरावट देखी गई।" सर्वेक्षण के अनुसार दिसंबर 2019 की तुलना में सौंदर्य, स्वास्थ्य और व्यक्तिगत देखभाल जैसे श्रेणी में दिसंबर 2021 के दौरान खुदरा बिक्री सात प्रतिशत घट गई। ये श्रेणियां सबसे अधिक प्रभावित हुई है। वही इस दौरान फर्नीचर और साज-सामान की खुदरा बिक्री में भी पांच फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
- नयी दिल्ली। बहुमूल्य धातुओं के अंतरराष्ट्रीय मूल्य में तेजी के अनुरूप राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 104 रुपये बढ़कर 46,606 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। चांदी की कीमत भी 408 रुपये के लाभ के साथ 59,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 59,292 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव तेजी के साथ 1,809 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 22.63 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ‘‘न्यूयॉर्क स्थित जिंस एक्सचेंज कॉमेक्स में मंगलवार को सोने का हाजिर भाव आधा प्रतिशत की तेजी के साथ 1,809 डॉलर प्रति औंस चल रहा था। इससे यहां सोने की कीमतों में मजबूती आयी। अमेरिकी बांड प्रतिफल में गिरावट और डॉलर के कमजोर होने के कारण सोने की कीमतों में तेजी रही।''
-
नयी दिल्ली । डिजिटल भुगतान मंच पेटीएम ने सोमवार को कहा कि दिसंबर तिमाही में उसके मंच से वितरित कर्जों की संख्या एवं कर्ज की रकम दोनों चार गुने से भी अधिक बढ़ गई। पेटीएम ने शेयर बाजारों को दी गई सूचना में कहा कि अक्टूबर-दिसंबर 2021 में उसने 2,180 करोड़ रुपये मूल्य के 44 लाख कर्ज बांटे जबकि वर्ष 2020 की समान अवधि में यह आंकड़ा 8.81 लाख कर्जों एवं 470 करोड़ रुपये के कर्ज का था। कंपनी के मुताबिक इस तिमाही में उसका सकल कारोबार मूल्य (जीएमवी) दोगुने से भी अधिक होकर 2.5 लाख करोड़ रुपये हो गया। यह आंकड़ा अक्टूबर-दिसंबर 2020 में 1.12 लाख करोड़ रुपये रहा था। पेटीएम ने अपनी सूचना में कहा, "हमारे मासिक लेनदेन उपयोगकर्ता (एमटीयू) में वर्ष 2020-21 और फिर 2021-22 की पहली दो तिमाहियों में भी लगातार बढ़त देखी गई है। यह सिलसिला तीसरी तिमाही में भी बरकरार है। इस दौरान 6.44 करोड़ औसत एमटीयू जुड़े हैं।
-
नयी दिल्ली। रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लि. (आरसीआईएल) ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए चुकता शेयर पूंजी पर 17.5 प्रतिशत की दर से अंतरिम लाभांश देने की घोषणा की है। रेल मंत्रालय के तहत आने वाले केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम ने कहा कि लाभांश का कुल भुगतान करीब 56 करोड़ रुपये बैठेगा। आरसीआईएल के निदेशक मंडल की सोमवार को हुई बैठक में अंतरिम लाभांश देने का फैसला किया गया। निदेशक मंडल ने अंतरिम लाभांश भुगतान के लिए 21 जनवरी, 2022 की ‘रिकॉर्ड तिथि' तय की है। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राज्य संबंधित समस्याओं के वैज्ञानिक और तकनीकी समाधान के लिए सोमवार को केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय की अपील की। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश के साथ अलग-अलग व्यापक प्रयास किया जा रहा है। इस प्रयास का मकसद राज्यों में उन क्षेत्रों की पहचान करना है, जहां प्रौद्योगिकी के जरिये कई प्रकार की समस्याओं का समाधान करके आम लोगों के जीवन को आसान बनाया जा सके। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक सिंह ने उदाहरण देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में बर्फ हटाने वाली प्रौद्योगिकी से लोगों की मदद की जा सकती है, जबकि पुडुचेरी और तमिलनाडु में लोगों को समुद्र तट के रखरखाव और नवीनीकरण से मदद मिल सकती है। केंद्रशासित प्रदेशों और राज्यों के सभी विज्ञान मंत्रालयों और विज्ञान विभाग के साथ उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए सिंह ने अपनी बात रखी। मंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र-राज्य के बीच समन्वय को लेकर अगले हफ्ते से राज्य सरकारों के साथ उनकी कई बैठकें प्रस्तावित हैं। इस समन्वय का मकसद समस्याओं की पहचान और उनके समाधान से लेकर राज्य और स्थानीय सरकार के स्तर पर विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवप्रवर्तन (एसटीआई) का इस्तेमाल करना है। मंत्री ने कहा कि उनका मंत्रालय जल्द ही राज्यों के सभी मुख्य सचिवों को राज्य सरकार के विशेष प्रस्ताव या जरूरत को लेकर पत्र लिखेगा और इसके लिए एक नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा ताकि समन्वय सुचारु रूप से चलता रहे। मंत्री ने कहा कि वह भारत के सामने आने वाली समस्याओं और उसके प्रभावी समाधानों पर विचार-विमर्श करने के लिए एक राष्ट्रीय विज्ञान सम्मेलन की योजना बना रहे हैं, लेकिन यह सम्मेलन केंद्र और सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विज्ञान मंत्रालयों और विभागों के साथ उनकी बैठकों के पूरा होने के बाद किया जाएगा। सिंह ने कहा कि यह कदम केंद्र स्तर के मंत्रालयों और विभागों के साथ एक प्रयोग की सफलता के मद्देनजर उठाया गया है, जिसके तहत तकनीकी समाधान और सहायता के लिए 33 मंत्रालयों से 168 प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। प्रस्ताव देने वालों में अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा विभाग भी शामिल थे।
- -
नयी दिल्ली। साधारण बीमा कंपनियों का सकल प्रत्यक्ष लिखित प्रीमियम दिसंबर, 2021 में 7.3 प्रतिशत बढ़कर 18,953.09 करोड़ रुपये हो गया। बीमा क्षेत्र के नियामक इरडा ने सोमवार को दिसंबर के आंकड़े जारी करते हुए कहा कि एक साल पहले दिसंबर, 2020 में साधारण बीमा कंपनियों का सकल प्रीमियम 17,662.32 करोड़ रुपये रहा था। भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) के मुताबिक, दिसंबर, 2021 में देश में सक्रिय 24 सामान्य बीमा कंपनियों का सकल प्रीमियम 16,109.62 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले की समान अवधि के 15,463.51 करोड़ रुपये से 4.2 फीसदी अधिक है। रिपोर्ट के मुताबिक, पांच एकल स्वास्थ्य बीमा कंपनियों का दिसंबर, 2021 में सकल प्रीमियम 1,740.15 करोड़ रुपये रहा जो दिसंबर, 2020 के 1,325.03 करोड़ रुपये की तुलना में 31.3 प्रतिशत अधिक है। दो विशेषीकृत सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों भारतीय कृषि बीमा कंपनी और ईसीजीसी लिमिटेड के सकल प्रीमियम में पिछले महीने 26.3 फीसदी का उछाल देखा गया। यह एक साल पहले के 873.78 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,103.33 करोड़ रुपये रहा। साधारण बीमा क्षेत्र की सभी 31 कंपनियों का सम्मिलित सकल प्रीमियम अप्रैल-दिसंबर, 2021 के दौरान 1,61,081.60 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले की समान अवधि के 1,44,879.54 करोड़ रुपये की तुलना में 11.18 प्रतिशत अधिक है।
-
नयी दिल्ली। इक्विटी म्यूचुअल फंड में पूंजी प्रवाह दिसंबर में दोगुना से अधिक होकर 25,000 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसका कारण नियमित तौर पर निवेश की योजना यानी एसआईपी के प्रति बढ़ता रुझान और मल्टी-कैप कोष श्रेणी में पूंजी प्रवाह का बढ़ना है। म्यूचुअल फंड कंपनियों के निकाय एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार यह लगातार 10वां महीना है जब शुद्ध रूप से मासिक प्रवाह बढ़ा है। इससे पहले, नवंबर में शुद्ध रूप से 11,615 करोड़ रुपये, अक्टूबर मे 5,215 करोड़ रुपये, सितंबर में 8,677 करोड़ रुपये और अगस्त में 8,666 करोड़ रुपये का पूंजी प्रवाह हुआ था। आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर में शुद्ध रूप से 25,077 करोड़ रुपये का पूंजी प्रवाह हुआ जो जुलाई के बाद सर्वाधिक है। जुलाई महीने में इक्विटी म्यूचुअल फंड में शुद्ध रूप से 25,002 करोड़ रुपये का निवेश हुआ था। इक्विटी यानी शेयर बाजार में निवेश से जुड़ी योजनाओं में शुद्ध रूप से प्रवाह मार्च, 2021 से जारी है और इस दौरान शुद्ध रूप से 1.1 लाख करोड़ रुपये का पूंजी निवेश हुआ। यह म्यूचुअल फंड की इक्विटी से जुड़ी योजनाओं के प्रति निवेशकों के सकारात्मक रुझान को दर्शाता है। आंकड़ों के अनुसार, प्रबंधन अधीन परिसंपत्ति दिसंबर के अंत में 37.72 लाख करोड़ रुपये रही, जो नवंबर के अंत में 37.34 लाख करोड़ रुपये थी। मासिक एसआईपी योगदान दिसंबर में 11,305 करोड़ रुपये रहा, जो नवंबर में 11,005 करोड़ रुपये था। साथ ही एसआईपी या सिप खातों की संख्या 4.78 करोड़ से बढ़कर 4.91 करोड़ पहुंच गयी। एम्फी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन एस वेंकटेश ने कहा, ‘‘एसआईपी आम आदमी के लिये निरंतर निवेश और बचत के अनुशासित तरीके का पसंदीदा माध्यम रहा है। यह बढ़ते खातों की संख्या से स्पष्ट है।
- दुबई। खाड़ी क्षेत्र के सबसे बड़े व्यापारिक मेले दुबई एक्सपो-2020 में स्थित ‘इंडिया पवेलियन' के सोमवार को 100 दिन पूरे हो गए। इस दौरान 7.40 लाख से अधिक लोग भारतीय पवेलियन में सांस्कृतिक और भौगोलिक विविधता को देखने के लिए पहुंचे। एक्सपो स्थित भारतीय पवेलियन के 100 दिन पूरे होने के मौके पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने एक ट्वीट में कहा कि पूरी दुनिया इसे नवाचार, वृद्धि एवं अवसरों के केंद्र के तौर पर देख रही है। उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय प्रगति की कहानी के महान उत्सव को अनुभव करने के लिए पवेलियन में पहुंचे।'' इस पवेलियन का उद्घाटन गोयल ने ही गत वर्ष एक अक्टूबर को किया था। एक्सपो में आने वाले दर्शकों के बीच इंडिया पवेलियन खासा आकर्षण का केंद्र रहा है। गत आठ जनवरी तक 7,40,356 लोग इस पवेलियन में पहुंच चुके हैं। दुबई एक्सपो 31 मार्च, 2022 तक चलेगा। इंडिया पवेलियन में इस सप्ताह जम्मू-कश्मीर सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान पर्यटन गतिविधियों पर खासा जोर दिया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने 2.5 अरब डॉलर का निवेश जुटाने के लिए छह समझौते भी किए हैं। इंडिया पवेलियन में भारत के कई वरिष्ठ मंत्री भी शिरकत कर चुके हैं। गोयल के अलावा विदेश मंत्री एस जयशंकर, शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, बिजली मंत्री आर के सिंह और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर भी दुबई एक्सपो में शामिल हो चुके हैं।
- नयी दिल्ली। सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने सोमवार को कहा कि उसने गुरुग्राम स्थित अपने विनिर्माण संयंत्र में 60 लाखवां वाहन तैयार किया है। कंपनी एक्सेस-125, जिक्सर-250 और 150 सीरीज, बर्गमैन स्ट्रीट और हाल ही में पेश की गई एवेनिस-125 जैसे उत्पाद बेचती है। सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया के प्रबंध निदेशक सतोशी उचिदा ने कहा, ‘‘इस साल देश में सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया के 15 साल पूरे हो रहे हैं। इसके साथ ही भारत में हमारे गुरुग्राम संयंत्र से हमारा उत्पादन 60 लाख वाहन हो गया है।'' उन्होंने कहा कि यह मील का पत्थर भारत में ग्राहकों को बेहतर उत्पाद देने के लिए कंपनी की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
- नयी दिल्ली। वाहन विनिर्माता कंपनी स्कोडा ने सोमवार को अपनी प्रीमियम श्रेणी की एसयूवी कोडिएक का नया संस्करण घरेलू बाजार में उतार दिया। दिल्ली में इसकी शोरूम कीमत 34.99 से 37.49 लाख रुपये के बीच है। स्कोडा के अनुसार नयी कोडिएक में 2,000 सीसी के इंजन के साथ सात गियर दिए गए हैं, जो सभी चार पहियों को शक्ति प्रदान करते है। कंपनी ने कहा कि यह सात सीटर कार कई लक्जरी सुविधाओं के साथ आती है और 7.8 सेकंड में शून्य से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। स्कोडा ने कहा कि नयी कोडिएक को तीन अलग-अलग मॉडल में पेश किया गया है। स्पोर्ट्लाइन मॉडल की कीमत 34.99 लाख, लौरीन की 35.99 लाख और क्लेमेंट की कीमत 37.49 लाख रुपये रखी गई है। स्कोडा ऑटो इंडिया के ब्रांड निदेशक जैक हॉलिस ने एक बयान में कहा, "कोडिएक के पास हमारे एसयूवी अभियान का अग्रणी मॉडल होने की एक समृद्ध, अंतरराष्ट्रीय विरासत है। इस एसयूवी में पर्याप्त जगह के साथ-साथ उपकरणों की व्यापक श्रेणी है।
- नयी दिल्ली। बीते साल भारतीय बाजार में सबसे ज्यादा बिकने वाले दस यात्री वाहन मॉडलों में से आठ सिर्फ मारुति सुजुकी के रहे हैं। मारुति सुजुकी इंडिया ने सोमवार को एक बयान में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह पहली बार हुआ है कि शीर्ष 10 की सूची में उसके आठ मॉडल शामिल हैं। बीते साल यानी 2021 में 10 सबसे अधिक बिकने वाले मॉडलों में से आठ मॉडल...वैगन आर, स्विफ्ट, बलेनो, आल्टो 800, डिजायर, विटारा ब्रेजा, ईको और एर्टिगा मारुति के ही उत्पाद हैं। मारुति सुजुकी के वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक शशांक श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘हम अपने ग्राहकों के आभारी हैं कि उन्होंने अपना सबसे पसंदीदा यात्री वाहन मारुति का चुना है। हम ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप उत्पादों और सेवाओं की पेशकश की कोशिश जारी रखेंगे।'' इस सूची में 1.83 लाख इकाइयों की बिक्री के साथ वैगन आर शीर्ष पर रही। उसके बाद क्रमश: स्विफ्ट, बलेनो और आल्टो 800 का स्थान रहा। सबसे ज्यादा बिकने वाले शीर्ष 10 वाहनों की कुल बिक्री में मारुति के आठ मॉडलों का हिस्सा 83 प्रतिशत का रहा। वहीं बीते साल कुल यात्री वाहन बिक्री में मारुति की हिस्सेदारी 38 प्रतिशत रही।
- नयी दिल्ली। बहुमूल्य धातुओं के अंतरराष्ट्रीय मूल्य में गिरावट और रुपये के मूल्य में हुए सुधार के साथ राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 54 रुपये टूटकर 46,448 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 46,502 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।चांदी की कीमत भी 178 रुपये की गिरावट के साथ 59,217 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 59,395 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार के आरंभिक कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 18 पैसे मजबूत होकर 74.16 रुपये प्रति डॉलर हो गया था। बाद में रुपया 31 पैसे की तेजी के साथ 74.03 (अस्थायी) रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव नुकसान के साथ 1,794 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी 22.28 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ‘‘न्यूयॉर्क स्थित जिंस एक्सचेंज कॉमेक्स में सोमवार को सोने का हाजिर भाव 1,794 डॉलर प्रति औंस पर था। इससे यहां सोने की कीमतों में गिरावट आयी। अमेरिकी बांड प्रतिफल में वृद्धि और डॉलर के मजबूत होने के कारण सोने की कीमतों पर दबाव रहा।''
- नयी दिल्ली। इलेक्ट्रिक दोपहिया कंपनी एएमओ इलेक्ट्रिक अगले वित्त वर्ष में करीब 10 करोड़ डॉलर जुटाने की योजना बना रही है। कंपनी इलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए शोध एवं विकास (आरएंडडी) पर विशेष ध्यान दे रही है, जिससे वह बाजार में नए उत्पादों की पेशकश कर सकेगी। इसके अलावा कंपनी का इरादा अपनी विनिर्माण क्षमता का विस्तार करने और देशभर में अपने बिक्री ढांचे को मजबूत करने का भी है। नोएडा की कंपनी फिलहाल में देशभर में अपने 150 से अधिक आउटलेट्स के बिक्री नेटवर्क के जरिये चार इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचती है। एएमओ इलेक्ट्रिक के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक सुशांत कुमार ने से कहा, ‘‘इलेक्ट्रिक दोपहिया खंड अगले कुछ वर्षों में जबर्दस्त वृद्धि की ओर अग्रसर है। अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए हम अगले वित्त वर्ष में लगभग 10 करोड़ डॉलर जुटाने पर विचार कर रहे हैं। इससे हमारे शोध एवं विकास प्रयासों को गति मिलेगी और हम उद्योग में शीर्ष तीन खिलाड़ियों में शामिल होने की राह पर अग्रसर हो सकेंगे।'' उन्होंने कहा कि कंपनी पूंजी जुटाने के लिए विभिन्न वित्तीय संस्थानों से बातचीत कर रही है।कुमार ने बताया कि कंपनी की चालू तिमाही में दो नए उत्पाद और अगले वित्त वर्ष में एक इलेक्ट्रिक बाइक सहित चार नए तेज रफ्तार वाले उत्पाद पेश करने की योजना है। उन्होंने कहा, ''सभी नए मॉडलों की गति सीमा 50 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी। इनमें बैटरी अदला-बदली का विकल्प भी होगा।'' बिक्री नेटवर्क के संदर्भ में उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य देशभर में लगभग 650 डीलरशिप का है। कुमार ने कहा, अगले वित्त वर्ष में हमारी लगभग 1.2 लाख इकाइयां बेचने की योजना है। वर्तमान में, लगभग 13 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में हमारी मौजूदगी है। अगले वित्त वर्ष में हम 25 राज्यों और छह केंद्र शासित प्रदेशों में विस्तार करने की योजना बना रहे हैं।
- बीजिंग। भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल को बीजिंग स्थित बहुपक्षीय वित्तपोषण संस्थान एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (एआईआईबी) का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बैंक के सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। भारत एआईआईबी के संस्थापक सदस्यों में से है। बैंक में चीन के बाद भारत का सबसे अधिक वोटिंग हिस्सा है। बैंक के प्रमुख चीन के पूर्व उप-वित्त मंत्री जिन लिक्यून हैं। पटेल (58) का कार्यकाल तीन साल का होगा। वह एआईआईबी के पांच में से एक उपाध्यक्ष होंगे। उनके अगले महीने पदभार संभालने की उम्मीद है। एआईआईबी के सूत्रों ने बताया कि वह डी जे पांडियन का स्थान लेंगे। पांडियन दक्षिण एशिया में एआईआईबी के सॉवरेन और गैर-सॉवरेन वित्तपोषण के प्रमुख हैं। पांडियन इस महीने भारत लौटेंगे। वह पूर्व में गुजरात के मुख्य सचिव भी रहे हैं।पटेल ने पांच सितंबर, 2016 को रिजर्व बैंक के 24वें गवर्नर का पद संभाला था। उन्होंने रघुराम राजन का स्थान लिया था। पटेल ने दिसंबर, 2018 में ‘व्यक्तिगत कारणों' से गवर्नर पद से इस्तीफा दे दिया था। गवर्नर बनने से पहले वह केंद्रीय बैंक के डिप्टी-गवर्नर थे और उनके पास मौद्रिक नीति विभाग का प्रभार था। पटेल पूर्व में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ), बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप और रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ भी काम कर चुके हैं।
- मुंबई। जीप इंडिया ने पिछले वर्ष उतार-चढ़ाव वाले दौर के बावजूद वाहन बिक्री के मामले में 130 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। कंपनी इस साल भी घरेलू वाहन उद्योग को लेकर सकारात्मक है और नए उत्पाद उतारने की तैयारी कर रही है। घरेलू वाहन उद्योग के परिदृश्य को लेकर उम्मीदों से भरे जीप इंडिया के प्रमुख निपुण महाजन ने अनुमान जताया कि कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप को लेकर उपजी चिंताओं के बावजूद बाजार और बढ़ेगा। जीप इंडिया ने 2020 में 5,282 वाहन बेचे थे और 2021 में 130 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 12,136 वाहन बेचे। भारत में विनिर्मित होने वाले उसके दो उत्पाद कम्पास और रैंगलर हैं। कम्पास का विनिर्माण जून 2017 से पुणे के नजदीक रंजनगांव कारखाने में होता है और पिछले वर्ष मार्च माह के मध्य से यहीं पर रैंगलर की स्थानीय स्तर पर असेंबलिंग शुरू हो गई है।
- नयी दिल्ली। कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन का असर हवाई यातायात क्षेत्र पर पड़ना शुरू हो गया है। इंडिगो ने रविवार को कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर करीब 20 प्रतिशत उड़ानें रद्द करने का फैसला किया है। एयरलाइन ने इसके साथ ही यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए 31 मार्च तक बदलाव शुल्क समाप्त करने की घोषणा की है। बदलाव शुल्क यात्रियों को यात्रा की तारीख बदलने पर देना होता है।इंडिगो ने एक बयान में कहा कि संक्रमण के बढ़ते मामलों की वजह से एयरलाइन के यात्री बड़ी संख्या में अपने यात्रा कार्यक्रम में बदलाव कर रहे हैं। इसी के मद्देनजर एयरलाइन ने सभी 31 जनवरी तक सभी मौजूदा और नई बुकिंग पर बदलाव शुल्क को समाप्त करने का फैसला किया है। 31 मार्च तक की यात्रा के लिए बदलाव शुल्क नहीं लिया जाएगा। किफायती सेवाएं देने वाली एयरलाइन ने कहा कि मांग घटने की वजह से वह कुछ उड़ानों को सेवाओं से हटाएगी। इंडिगो ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि करीब 20 प्रतिशत उड़ानों को रद्द किया जाएगा। एयरलाइन ने कहा कि जहां तक संभव हो, उड़ानों को रवानगी से कम से कम 72 घंटे पहले रद्द किया जाएगा और यात्रियों को अगली उपलब्ध उड़ान में यात्रा का मौका दिया जाए। ‘‘इसके अलावा यात्री हमारी वेबसाइट के खंड प्लान बी का इस्तेमाल कर अपनी यात्रा में बदलाव कर सकेंगे।
- नयी दिल्ली। टिकाऊ उपभोक्ता सामान कंपनियों द्वारा कच्चे माल और ढुलाई भाड़े में बढ़ोतरी का बोझ ग्राहकों पर डालने के बाद नए साल में एयर कंडीशनर (एसी) और रेफ्रिजरेटर की कीमतें बढ़ गई हैं। इसके अलावा वॉशिंग मशीन के दाम इस महीने बाद में या मार्च तक पांच से 10 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं। पैनासोनिक, एलजी, हायर सहित कई कंपनियां पहले ही कीमतों में बढ़ोतरी कर चुकी हैं, जबकि सोनी, हिताची, गोदरेज अप्लायंसेज इस तिमाही के अंत तक मूल्यवृद्धि पर निर्णय ले सकती हैं। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स एंड अप्लायंसेज मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (सिएमा) के मुताबिक, उद्योग जनवरी से मार्च तक कीमतों में 5-7 फीसदी की बढ़ोतरी करेगा। हायर अप्लायंसेज इंडिया के अध्यक्ष सतीश एन एस ने कहा, ''जिंस कीमतों, वैश्विक ढुलाई भाड़े और कच्चे माल की लागत में अभूतपूर्व वृद्धि के बाद हमने रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन और एयर कंडीशनर श्रेणियों में अपने उत्पादों की कीमतों में तीन से पांच प्रतिशत तक की वृद्धि करने के लिए कदम उठाए हैं।'' पैनासोनिक पहले ही अपने एसी की कीमतों में आठ प्रतिशत तक की वृद्धि कर चुकी है। पैनासोनिक इंडिया के डिविजनल निदेशक (उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स) फुमियासु फूजिमोरी ने कहा कि जिंसों के दाम और बढऩे तथा आपूर्ति श्रृंखला की वजह से एसी कीमतों में और बढ़ोतरी को सकती है। दक्षिण कोरिया की उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी एलजी ने घरेलू उपकरणों की श्रेणी में कीमतों में वृद्धि की है। एलजी ने कहा कि कच्चे माल और लॉजिस्टिक्स की लागत में बढ़ोतरी चिंता का विषय है। एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के उपाध्यक्ष, घरेलू उपकरण और एयर कंडीशनर कारोबार दीपक बंसल ने कहा, ''हमने नवेन्मेषी उपायों के जरिये लागत का बोझ खुद उठाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन कारोबार को टिकाऊ बनाए रखने के लिए कीमत वृद्धि जरूरी है।'' जॉनसन के नियंत्रण वाली हिताची एयर कंडीशनिंग इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक गुरमीत सिंह ने कीमतों में बढ़ोतरी को अपरिहार्य करार देते हुए कहा कि कच्चे माल, करों और परिवहन सहित उत्पादन की लागत बढ़ी है। ऐसे में ब्रांड अप्रैल तक कीमतों में 10 प्रतिशत तक की वृद्धि करेगा। उन्होंने कहा कि हम चरणबद्ध तरीके से अप्रैल तक दाम कम से कम आठ से 10 प्रतिशत बढ़ाएंगे। सिएमा के अध्यक्ष एरिक ब्रागांजा ने कहा, ''त्योहारी सीजन की वजह से उद्योग ने मूल्यवृद्धि को टाल दिया था। लेकिन अब विनिर्माताओं के पास कीमत वृद्धि का बोझ ग्राहकों पर डालने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। जनवरी से मार्च तक उद्योग कीमतों में पांच से सात प्रतिशत की वृद्धि करेगा।


.jpg)
























