शबरीमाला में अय्यप्पा के दर्शन करने 34 स्वामीगणों का जत्था केरल रवाना
टी सहदेव
-सहकरणा शबरीमाला यात्रा संघ के तत्वावधान में निकले स्वामीगण
भिलाई नगर। केरल स्थित विश्व के सबसे बड़े तीर्थस्थलों में से एक लगभग 800 साल पुराने शबरीमाला मंदिर में भगवान अय्यप्पा के दर्शन करने शनिवार को मध्य रात्रि दुर्ग रेलवे स्टेशन से स्वामीगणों का एक जत्था रवाना हुआ। यात्रा का यह 18 वां वर्ष है। 34 सदस्यों वाले जत्थे में पहली बार छह महिलाएं भी शामिल हुईं। एक हफ्ते बाद इनकी वापसी होगी। जत्थे में शामिल ज्यादातर स्वामीगण 41 दिनों का कठिन व्रत भी रख रहे हैं। नवंबर से जनवरी के बीच निकाली जाने वाली शबरीमाला यात्रा का बड़ा ही धार्मिक महत्व है। क्योंकि इस दौरान मंडला पूजा और मकरविलक्कू उत्सव के अवसर पर दो भव्य धार्मिक अनुष्ठान होते हैं, जिनमें दुनिया भर के लाखों श्रद्धालु हिस्सा लेते हैं।
*18 पावन सीढ़ियों के होते हैं अलग-अलग अर्थ*
सहकरणा शबरीमाला यात्रा संघ के तत्वावधान में स्वामिये शरणमय्यप्पा के जयकारे के बीच निकाली गई यात्रा में शामिल स्वामीगण काले वस्त्र पहने हुए इरुमुड़ी (गठरी) को शिरोधार्य करते हुए नंगे पैर ही शबरीमाला मंदिर की पंच धातुओं से निर्मित 18 पावन सीढ़ियां चढ़कर भगवान अय्यप्पा के दर्शन करेंगे। इन पावन सीढ़ियों के अलग-अलग अर्थ होते हैं। पहली पांच सीढ़ियां मनुष्य की पांच इंद्रियों का प्रतीक होती हैं, इसके बाद वाली आठ सीढ़ियों को मानवीय भावनाओं से जोड़ा जाता है। जबकि अगली तीन सीढ़ियां मानवीय गुण तथा अंतिम दो सीढ़ियां ज्ञान और अज्ञान का प्रतीक होती हैं। इरुमुड़ी में शुद्ध घी से भरा नारियल, श्रीफल एवं पूजा सामग्री होती है। घी से भगवान अय्यप्पा का अभिषेक करते हैं, जबकि पूजा सामग्री भगवान को अर्पित की जाती है।
*गुरुवायुर में दुर्लभ मिश्रण से बनी है कृष्ण की मूर्ति*
यात्रा संघ के अध्यक्ष प्रदीप मेनन ने बताया कि सबसे पहले हम गुरुवायुर में स्थित कृष्ण मंदिर में स्थापित दुर्लभ मिश्रण से बनी भगवान की सुंदर मूर्ति के दर्शन करेंगे। उसके बाद गले में माला धारण किए हुए इरुमुड़ी के साथ प्राचीन मंदिरों के दर्शन करके शबरीमाला पहुंचेंगे, जहां पंपा नदी में पवित्र स्नान करने के बाद भगवान अय्यप्पा के दर्शन करेंगे। जत्थे में उषा सैलेश, सजीश सुनील, आशा बंसल, वल्सला के सुरेंद्र नायर, वी राजेश्वरी, पद्मिनी, सुजीत नायर, नंद कुमार, विनोद नायर, केआरआर नायर, जीतेंद्र, राजश्री, दीपक चौरसिया, जी प्रदीप कुमार, आदित्य, वाई सोमशेखर, कार्तिक, सैलेश, उन्नीकृष्णन, राजीव श्रीवास्तव, अभिषेक मेनन, वेंकट सुब्रमण्यम, जीवनंदन देशमुख, श्रीकांत शर्मा, सूर्यकुमार सिंह, आदित्य बसोटिया, सुरेश कुमार पिल्लै, एस उन्नीकृष्णन नायर, एसजी नायर, आर सुनील कुमार, एस मोहन पिल्लै, शशि कुमार शर्मा, संजीव भास्कर तथा विनोद मरार शामिल हैं।







.jpg)

.jpg)

.jpg)


Leave A Comment