ब्रेकिंग न्यूज़

 टीसीडब्ल्यूए ने निःशक्त व असहाय जनों को स्वल्पाहार देकर मनाया स्थापना दिवस

टी सहदेव
भिलाई नगर। तेलुगु कम्युनिटी वेलफेयर एसोसिएशन (टीसीडब्ल्यूए) ने मंगलवार को सेक्टर 3 स्थित फील परमार्थम फाउंडेशन में अपना चौथा स्थापना दिवस समारोह केक काटकर और रंगबिरंगे गुब्बारे उड़ाकर मनाया। आतिशबाजी के बीच 'मानव सेवा ही माधव सेवा' की थीम पर मनाए गए स्थापना दिवस के अवसर पर एसोसिएशन ने 78 निःशक्त और असहाय जनों को स्वल्पाहार भी कराया। स्मरणीय है कि एसोसिएशन से संबद्ध अखिल भारतीय तेलुगु सेना राष्ट्रीय स्तर पर 18 राज्यों में सक्रिय है। समारोह में एसोसिएशन के शीर्ष पदाधिकारियों समेत चालीस से ज्यादा सक्रिय सदस्य मौजूद थे।
प्रदेशाध्यक्ष नीलम चन्ना केशवलु ने अपने संबोधन में कहा कि स्थापना दिवस केवल भिलाई में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में मनाया जा रहा है। नीलम चन्ना केशवलु ने तेलुगु सेना के संस्थापक पीएसएन मूर्ति के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने एसोसिएशन को देश भर में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई है। प्रदेश स्तर पर एसोसिएशन की बागडोर हमारे हाथों में है, जो उपाध्यक्ष पीवी राव, विष्णु कैमिकल के उपाध्यक्ष एमवी राव, जिलाध्यक्ष डी मोहन राव एवं सदस्यों की बदौलत और भी मजबूत होगा। उपाध्यक्ष पीवी राव ने इस बात पर अफसोस जताया कि भिलाई में आंध्र समाज से संबंधित कई संगठन होने के बावजूद उनमें एकता की कमी है। यहां एक लाख से ज्यादा आबादी तीन पीढ़ियों से रह रही है, फिर भी वह संगठित नहीं हो पा रही है, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है।
एमवी राव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हमें अगली पीढ़ी और महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रमों का सृजन करना होगा। उन्होंने युवा पीढ़ी को उलाहना दिया कि वह तेलुगु बोलने और सीखने में संकोच का अनुभव करती है। वहीं जिलाध्यक्ष डी मोहन राव ने एसोसिएशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारा एसोसिएशन तेलुगु समाज के कल्याण और उन्नति के लिए बना है। यह एसोसिएशन देश में रह रहे तेलुगुभाषियों के लिए ही नहीं, वरन सरहद से बाहर रहने वाले लोगों को संगठित करने के लिए भी स्थापित किया गया है। समारोह को महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष पेरी पद्मा, समाजसेविका बी पोलम्मा, जी माधवराव, के डिल्लीराव तथा वी शेखर ने भी संबोधित किया। समारोह की शुरुआत संयुक्त कोषाध्यक्ष ई आदि नारायण के स्वागत भाषण से हुई, जबकि मीडिया प्रभारी टी सहदेव ने आभार प्रकट किया।
 
 
 

 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english