छात्रावास, आश्रमों में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम एवं स्वीकृत सीटों पर विद्यार्थियों का शत प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित कराएं: कलेक्टर
आदिम जाति कल्याण विभाग के समीक्षा बैठक में अधिकारी-कर्मचारियों को दिए निर्देश
अध्ययन-अध्यापन की बेहतर व्यवस्था के अलावा बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु
अनुकूल परिवेश एवं संसाधन उपलब्ध कराने को कहा
बालोद/कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने कहा कि छात्रावास एवं आश्रम समाज के जरूरमंद विद्यार्थियों के लिए संरक्षण स्थली एवं संस्कार भूमि है। उन्होंने कहा कि हम सभी का प्रयास होना चाहिए कि छात्रावास, आश्रमों में निवासरत सभी विद्यार्थियों को छात्रावास की व्यवस्था का समुचित लाभ मिले। श्री चन्द्रवाल ने आदिम जाति कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को जिले के छात्रावास एवं आश्रमों का उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के अलावा स्वीकृत सभी सीटों पर विद्यार्थियों को शत प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए हैं। श्री चन्द्रवाल आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित आदिम जाति कल्याण विभाग के समीक्षा बैठक में सभी छात्रावास, आश्रमों के अधीक्षक-अधीक्षिकाओं के अलावा विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने जिले के प्रत्येक छात्रावासों में आवासीय, भोजन, पेयजल, साफ-सफाई, स्वच्छता, स्वास्थ्य परीक्षण, भवन, विद्युत व्यवस्था आदि सभी व्यवस्थाओं की बारी-बारी से समीक्षा की। श्री चन्द्रवाल ने विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को जिले के छात्रावास, आश्रमों में अध्ययन-अध्यापन की बेहतर व्यवस्था के अलावा बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु अनुकूल परिवेश एवं संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सहित विभाग के अन्य अधिकारियों के अलावा छात्रावास, आश्रमों के अधीक्षक-अधीक्षिका उपस्थित थे।
बैठक में श्री चन्द्रवाल ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के आधार पर सभी अधीक्षक-अधीक्षिकाओं से छात्रावास एवं आश्रमों के व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु स्वयं के द्वारा किए गए प्रयासों के संबंध में बारी-बारी से जानकारी ली। इसके अंतर्गत उन्होंने विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम को बेहतर एवं उत्कृष्ट बनाने हेतु किए गए उपायों के अलावा शासन के द्वारा निर्धारित मेन्यू के आधार पर समुचित मात्रा में भोजन एवं नाश्ता प्रदान करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उपायों के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने बच्चों के अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था के अलावा खेलकुद एवं मनोरंजन की समुचित व्यवस्था तथा छात्रावास, आश्रमों की स्वीकृत सीटों में बच्चों की शत प्रतिशत प्रवेश दिलाने हेतु किए गए उपायों के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास, आश्रमों के स्वीकृत सीट के आधार पर बच्चों की शत प्रतिशत प्रवेश हेतु समुचित प्रचार-प्रसार के अलावा बच्चों एवं पालकों से मुलाकात कर उन्हें छात्रावास एवं आश्रमों में प्रवेश के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने कहा कि जिन अधीक्षक-अधीक्षिकाओं के पास एक से अधिक छात्रावास एवं आश्रमों का प्रभार है इन छात्रावास, आश्रमों की व्यवस्था बेहतर ढंग से संचालित हो सके। इसके लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक मे श्री चन्द्रवाल ने एकलव्य आवासीय विद्यालय डौण्डी के प्राचार्य से विद्यालय एवं छात्रावास व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु निर्धारित कार्य योजना के संबंध में जानकारी ली। एकलव्य आवासीय विद्यालय के प्राचार्य के द्वारा विद्यालय के बोर्ड परीक्षाओं का शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित करने की जानकारी दी गई। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने क्रीडा परिसर डौण्डी के व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। श्री चन्द्रवाल ने उनके द्वारा पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के आधार पर अधीक्षक-अधीक्षिकाओं के द्वारा छात्रावास एवं आश्रमों के व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु किए गए उपायों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमें व्यवस्था को उत्कृष्ट बनाने हेतु अपने प्रयासों में निरंतरता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। श्री चन्द्रवाल ने सभी अधीक्षक-अधीक्षिकाओं को व्यवस्था को और बेहतर एवं उत्कृष्ट बनाए रखने के लिए सतत प्रयास जारी रखने के निर्देश भी दिए। श्री चन्द्रवाल ने कहा कि आगामी शिक्षा सत्र में जिले के छात्रावास एवं आश्रमों की व्यवस्था को बेहतर एवं उत्कृष्ट बनाकर विद्यार्थियों को अध्ययन-अध्यापन के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल परिवेश एवं संसाधन उपलब्ध कराने हेतु हम सभी को समवेत प्रयास करना होगा। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने छात्रावास एवं आश्रमों के अलावा आदिम जाति कल्याण विभाग के अन्य निर्माणाधीन कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

.jpg)


.jpg)


.jpg)

.jpg)
.jpg)
Leave A Comment