ब्रेकिंग न्यूज़

 पूर्व विधायक रजनी ताई के निधन पर भाजपा में शोक की लहर

- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव , क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल , प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय , सांसद संतोष पांडेय सहित पदाधिकारियों ने  शोक व्यक्त किया
 रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने रायपुर की पूर्व प्रथम महिला विधायक के रूप में ख्यातिलब्ध रजनीताई उपासने के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। विदित रहे, बुधवार देर शाम अस्वस्थता के चलते अस्पताल में उपचार के दौरान रजनीताई का निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही भाजपा-परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
 प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने शोक संदेश में रजनीताई को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका निधन हम सबके लिए उनके आत्मीय व ममत्वपूर्ण स्नेह की शीतल छाँह की अपूरणीय क्षति है। आपातकाल के दौरान अपने तीन बेटों की मीसा में हुई गिरफ्तारी के बावजूद उन्होंने जिस धैर्य, साहस और मुखरता के साथ उन प्रतिकूल परिस्थितियों का मुकाबला किया, वह एक प्रेरणास्पद अध्याय है।
 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव ने कहा कि रजनीताई के देहावसान का दु:खद समाचार हृदय को विदीर्ण करने वाला है। उन्होंने जिस मुखर व्यक्तित्व के साथ आपातकाल के दिनों और उसके बाद भी संगठन कौशल की मिसाल पेश की, वह भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरित करेगी। परमपिता परमेश्वर उनकी पावन आत्मा को चिरशांति व परिजनों को यह गहन दु:ख सहने का धैर्य व सम्बल प्रदान करें।
 भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने रजनीताई के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में रजनीताई को महिलाओं के राजनीतिक सशक्तीकरण के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। अपने विधायक कार्यकाल में उन्होंने जिस विनम्रता और दृढ़ता के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन कर जनता के दिलों में अमिट छाप छोड़ी, वह जनप्रतिनिधियों के लिए सीख है।
 भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने रजनीताई के निधन को पार्टी की अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि रजनीताई ने संगठन को खड़ा करने के लिए जो संघर्ष किया और आपातकाल के दिनों में जो कष्ट उठाए, उनसे उनके व्यक्तित्व की दृढ़ता और संगठन के प्रति उनके समर्पण की झलक हम सबने अनुभव की है।
 भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रय यशवंत जैन, अखिलेश सोनी व डॉ. नवीन मार्कण्डेय सहित भाजपा व मोर्चा-प्रकोष्ठों के सभी पदाधिकारियों व कार्यकताओं ने उन्हें अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है।
 सांसद और मुख्य प्रवक्ता छत्तीसगढ़ भाजपा संतोष पाण्डेय ने अफने शोक संदेश में कहा कि रायपुर की पहली महिला विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री सच्चिदानंद उपासने जी तथा वरिष्ठ पत्रकार श्री जगदीश उपासने जी की पूज्य माताजी श्रीमती रजनी ताई उपासने जी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। जनसेवा एवं समाजहित में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। इस दुख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएँ उपासने परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। 
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english