मुख्यमंत्री साय ने बालोद वासियों को दी 233 करोड़ रूपए लागत के 103 विकास कार्यों की सौगात
युवा दिवस पर लोकार्पित विकास से युवाओं के लिए खुलेंगे स्वरोजगार के द्वार - मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
- प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री साय राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कर रहे कार्य - सासंद श्री भोजराज नाग
- ग्रामीण व शहरी अधोसंरचना को मिलेगी मजबूती, आमजन को मिलेगा सीधा लाभ
- गुण्डरदेही में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन हेतु एक करोड़ और प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य हेतु एक करोड़ की घोषणा
बालोद/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिले के नगर पंचायत मुख्यालय गुण्डरदेही में 233 करोड़ रूपए की लागत के 103 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर जनता को विकास की बड़ी सौगात दी। इन कार्यों में 16,388.83 लाख रूपए के 61 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 6,982.45 लाख रूपए के 42 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने यहां पर गुण्डरदेही में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन हेतु एक करोड़ और प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य हेतु एक करोड़ रूपए की घोषणा की। उन्होंने गुण्डरदेही में एसटीपी निर्माण का भी भरोसा दिलाया।
समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज कुल 233 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इसके अंतर्गत 1 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले व्यावसायिक परिसर के भूमिपूजन से युवाओं को स्वरोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर प्राप्त होंगे। वहीं सड़क एवं पुल के निर्माण से जनसामान्य को यातायात में सुगमता मिलेगी।
उन्हांेने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना का सफल संचालन किया जा रहा है। इसी तरह तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को तेंदूपत्ता का उच्चतम समर्थन मूल्य प्रदान किया जा रहा है तथा चरण पादुका योजना को पुनः प्रारंभ किया गया है। वनोपज का मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) कर स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस प्रकार सभी वर्ग को ध्यान में रख कर योजनाओं का सफल संचालन किया जा रहा हैं।
राम लाल दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री दर्शन योजना के माध्यम से जनता को प्रदेश की संस्कृति एवं विरासत से जोड़ा जा रहा है। प्रदेश में लाल आतंक को समाप्त करने के लिए प्रभावी पुनर्वास नीति अपनाई गई है, जिससे न केवल नक्सलवाद पर नियंत्रण पाया जा रहा है, बल्कि विकास को भी गति मिल रही है। इससे बस्तर अंचल में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और लोगों के जीवन स्तर में सुधार आ रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर हम सभी युवा दिवस मना रहे हैं, जिसकी सभी को हार्दिक बधाई। स्वामी विवेकानंद जी ने अल्पायु में ही अपने विचारों और सनातन संस्कृति के माध्यम से पूरे विश्व में भारत को गौरवान्वित किया।
उन्होंने कहा कि आज हमारा छत्तीसगढ़ राज्य रजत जयंती वर्ष मना रहा है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सौगात के रूप में रायपुर में डिजिटल आदिवासी संग्रहालय का निर्माण किया गया है, जहां आदिवासी महानायकों के संघर्ष, इतिहास एवं जीवन गाथा को संजोकर रखा गया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य समावेशी विकास है, जिससे गांव, गरीब, किसान और आम नागरिक को सीधे लाभ मिले। इन विकास कार्यों से जिले में आवागमन सुगम होगा, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा जनजीवन की गुणवत्ता में सुधार आएगा। इन कार्यों का लाभ गुंडरदेही, डौंडी लोहारा एवं संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्रों के नागरिकों को मिलेगा। राज्य सरकार निरंतर आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करते हुए छत्तीसगढ़ को विकास के नए आयामों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सांसद श्री भोजराज नाग ने जनसामान्य को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़ संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जो बस्तर अंचल कभी लाल आतंक के नाम से जाना जाता था, वह आज नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। इससे बस्तर क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी तथा आम नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। बस्तर अब शांति, प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वीबी जी राम जी के तहत अब ग्राम स्तर पर विकास संभव हो पाएगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का स्थानीय व्यापारियों ने लड्डुओं से तौलकर स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने विभिन्न विभागीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को योजनांतर्गत सामग्री, पात्रता प्रमाण पत्र वितरित किए। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले की विकास प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम में बहुमूल्य उपस्थिति के लिए मुख्यमंत्री साय एवं अतिथियों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर उन्होंने मुख्यमंत्री साय के प्रेरणा एवं मार्गदर्शन बालोद जिले को मिल रहे निरंतर उपलब्धियों के संबंध में भी प्रकाश डाला।नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन ने स्वागत उद्बोधन में नगर के विकास हेतु विभिन्न मांगों की ओर मुख्यमंत्री जी का ध्यान आकृष्ट किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद श्री मोहन मंडावी, गुण्डरदेही पूर्व विधायक श्री राजेंद्र राय, कंवर समाज के संरक्षक श्री वीरेंद्र शेखर कंवर, श्री पीआर कंवर, लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष श्री यज्ञदत्त शर्मा, जिला पंचायत बालोद अध्यक्ष श्रीमती तारिणी चंद्राकर, नगर पंचायत गुण्डरदेही अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के उपाध्यक्ष श्री नरेश यदु सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा संभाग आयुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, आईजी श्री आरजी गर्ग पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल, सी ई ओ जिलापंचायत श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर क्लेक्टर श्री चन्द्रकान्त कौशिक सहित अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।




.jpg)





.jpg)
Leave A Comment