ब्रेकिंग न्यूज़

मोनालिसा ने हमारी मर्जी के खिलाफ शादी की: परिजन

 खरगोन (मध्यप्रदेश). पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान चर्चा में आई मोनालिसा भोंसले द्वारा केरल में एक मुस्लिम युवक से शादी किए जाने के बाद बृहस्पतिवार को मध्यप्रदेश के खरगोन में रह रहे उसके परिजनों ने कहा कि यह शादी उनकी मर्जी के खिलाफ की गई है। भोंसले के परिवार के सदस्यों ने यहां संवाददाताओं को बताया कि महेश्वर की निवासी एवं घुमंतू पारधी समुदाय से संबंध रखने वाली मोनालिसा ने बुधवार को केरल के पूवर के अरुमानूर स्थित नैनार मंदिर में फरमान खान नामक युवक से विवाह किया। उन्होंने बताया कि दोनों की पहचान करीब छह महीने पहले फेसबुक के जरिए हुई थी।

मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले ने कहा, ''दो मार्च को केरल से कुछ लोग आए और हमसे कहा कि वे मेरी बेटी को फिल्मों में काम दिलाने और अभिनय का प्रशिक्षण देने में मदद करेंगे। मैं उसके साथ केरल गया था, लेकिन वहां उसने फरमान खान नाम के युवक से शादी कर ली।'' उन्होंने कहा, ''मैंने इस कदम का विरोध किया और उसे महेश्वर लौटने के लिए कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया।'' जयसिंह ने कहा कि उन्होंने केरल में पुलिस से संपर्क किया था, लेकिन उन्हें बताया गया कि मोनालिसा बालिग है और अपनी पसंद के व्यक्ति से शादी करने के लिए कानूनी रूप से स्वतंत्र है। मोनालिसा के चाचा विजय सिंह भोंसले ने बताया कि वह इस साल जनवरी में 18 वर्ष की हुई थी।
उन्होंने कहा, ''कुछ लोग उसे अभिनय के अवसरों के बहाने केरल ले गए थे। हम बहुत पढ़े-लिखे नहीं हैं और समझ नहीं पा रहे हैं कि यह सब कैसे हुआ। शायद किसी ने उसे प्रभावित किया है। परिवार के पास उसके फैसले को स्वीकार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।'' उन्होंने कहा, ''उसके भाग्य में जो लिखा है, वही होगा। हम केवल यह आशा करते हैं कि वह अपने करियर में सफल हो और जीवन में आगे बढ़े।'' परिवार के सदस्यों के अनुसार, मोनालिसा ने इससे पहले फिल्म निर्माता सनोज मिश्रा की 'द डायरी ऑफ मणिपुर' नामक फिल्म में लिया गया था और उसे मिला पारिश्रमिक उसकी यात्रा, ठहरने और प्रशिक्षण पर खर्च हुआ था। मोनालिसा के चचेरे भाई जय भोंसले ने बताया कि उसने एक बार अपने इलाके में एक स्कूल खोलने की इच्छा भी जताई थी। शादी की खबर फैलने के बाद महेश्वर में उसके घर पहुंचे पत्रकारों ने पाया कि परिवार इस मुद्दे पर ज्यादा बात करने से बच रहा है। मोनालिसा की दादी प्रमिला ने कहा कि वह फिल्म से जुड़े काम के सिलसिले में बाहर गई थी।
उन्होंने कहा, ''अगर वह शादी करना चाहती थी, तो हमें बता सकती थी। हम इसकी व्यवस्था कर देते।''
मोनालिसा के वीडियो वायरल होने के बाद उसकी पढ़ाई और अभिनय प्रशिक्षण में मदद कर रहे उज्जैन के महेंद्र लोधी ने बताया कि परिवार के फोन आने के बाद उन्होंने उससे बात की थी। लोधी ने कहा, ''उसने मुझे बताया कि उसका परिवार उसकी शादी कहीं और करना चाहता था, जबकि उसने पहले ही किसी को चुन लिया था, इसलिए उसने उससे शादी करने का फैसला किया।'' उन्होंने दावा किया कि मोनालिसा प्रशिक्षण के दौरान उज्जैन में किराये के मकान में रह रही थी और उसे 'लाइफ' नामक एक तेलुगू फिल्म में भी काम करने का मौका मिला था। महेश्वर थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने कहा कि परिवार ने उसके ठिकाने के बारे में कई बार पुलिस से संपर्क किया था। उन्होंने कहा, ''मुझे पहले पता नहीं था कि वह केरल में है। बाद में हमने संबंधित पुलिस थाने से संपर्क किया और उसकी लोकेशन प्राप्त कर परिवार की चिंता दूर की।'' इससे पहले दिन में मोनालिसा ने तिरुवनंतपुरम में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एक मुस्लिम युवक के साथ उसकी शादी उसकी अपनी पसंद से और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई है। उसने इन आरोपों को खारिज कर दिया कि यह 'लव जिहाद' का मामला है।
 
'लव जिहाद' शब्द का इस्तेमाल दक्षिणपंथी समूहों द्वारा मुस्लिम पुरुषों पर हिंदू महिलाओं को प्रेम के बहाने धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने के आरोपों के संदर्भ में किया जाता है। चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी मोनालिसा ने कहा कि उसके माता-पिता चाहते थे कि वह अपनी चाची के बेटे से शादी करे, लेकिन उसने इसका विरोध किया। मोनालिसा ने यह भी कहा कि उसके पिता उससे नाराज हैं।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english