नोनी सुरक्षा योजना से मालती निषाद को मिला बेटियों के उज्ज्वल भविष्य का भरोसा
महासमुंद / बसना विकासखंड के ग्राम सोनामुंडी की निवासी श्रीमती मालती निषाद के लिए छत्तीसगढ़ शासन की नोनी सुरक्षा योजना उम्मीद की नई किरण बनकर आई है। इस योजना का लाभ मिलने से अब उन्हें अपनी दोनों बेटियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर एक नया आत्मविश्वास मिला है।
मालती निषाद बताती हैं कि उन्हें इस योजना की जानकारी उनके गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से मिली। जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपनी दोनों बेटियों का पंजीकरण कराया। योजना से जुड़ने के बाद उन्हें यह भरोसा हुआ कि उनकी बेटियों का भविष्य अब पहले से अधिक सुरक्षित है।
मालती कहती हैं, पहले बेटियों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर चिंता रहती थी, लेकिन अब सरकार की इस योजना से मुझे हिम्मत मिली है। मैं अपनी दोनों बेटियों को अच्छी से अच्छी शिक्षा दिलाना चाहती हूं, ताकि वे आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। मालती निषाद जैसी कई माताओं के लिए नोनी सुरक्षा योजना किसी वरदान से कम नहीं है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से लगातार जागरूकता फैलने से ग्रामीण क्षेत्रों में भी अधिक से अधिक परिवार इस योजना से जुड़ रहे हैं और बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। मालती निषाद एवं अन्य लाभार्थियों ने बेटियों की भविष्य की सुरक्षा के लिए राज्य शासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है।
उल्लेखनीय है कि नोनी सुरक्षा योजना महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 1 अप्रैल 2014 से संचालित की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों की बेटियों को सुरक्षित भविष्य प्रदान करना, बालिका भ्रूण हत्या और बाल विवाह को रोकना तथा बालिकाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करना है।













Leave A Comment