आकांक्षी विकासखंड पिथौरा के ग्राम भुरकोनी में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित
महासमुंद / जिले के आकांक्षी विकासखंड पिथौरा अंतर्गत ग्राम भुरकोनी में संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उनका लाभ लिया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा ने की। इस अवसर पर जनपद सभापति दिनेश कुमार अग्रवाल, सरपंच सरिता राज सिंह दीवान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल ने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और योजनाओं की जानकारी अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से कार्य किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके और इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
सीईओ जनपद पंचायत पिथौरा श्रीमती योगेश्वरी बर्मन के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड निर्माण, कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित जानकारी व समस्याओं का निराकरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषित बच्चों की जांच, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। वहीं शिक्षा विभाग द्वारा नई शिक्षा नीति के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई।













Leave A Comment