ट्रांसमिशन कंपनी ने एक साल में बनाए 132 केवी के छह अतिउच्चदाब उपकेंद्र
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में मिली बड़ी सफलता
- दुर्ग में 132 केवी का नया सब-स्टेशन किया गया ऊर्जीकृत
रायपुर । प्रदेश में बिजली की बढ़ती मांग की आपूर्ति करने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी नई ट्रांसमिशन लाइनों के साथ ही नए सब-स्टेशन का निर्माण कर रही है। इसी कड़ी में ट्रांसमिशन कंपनी ने 132 केवी के एक और नए अतिउच्चदाब उपकेंद्र को ऊर्जीकृत करने में सफलता प्राप्त की। इस तरह प्रदेश में बीते एक साल में अतिउच्चदाब उपकेंद्रों की संख्या 135 से बढ़कर 141 हो गई है। एक साल के भीतर छह अतिउच्चदाब उपकेंद्रों को ऊर्जीकृत किया गया है। राज्य गठन के समय अतिउच्चदाब उपकेंद्रों की संख्या केवल 27 थी।
ट्रांसमिशन कंपनी ने आज दो बड़ी उपलब्धियां हासिल की, जिसमें पहला दुर्ग जिले के अंडा गांव में 132 केवी अतिउच्चदाब उपकेंद्र का निर्माण पूर्ण किया गया तथा दूसरा राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ स्थित 132 केवी अतिउच्चदाब उपकेंद्र में 63 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री राजेश कुमार शुक्ला ने बटन दबाकर इन्हें ऊर्जीकृत किया।
श्री शुक्ला ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के अध्यक्ष श्री सुबोध कुमार सिंह के निर्देशन में प्रदेश में पारेषण नेटवर्क को मजबूत बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
इसी के तहत ग्राम अंडा में 132/33 के.वी. के नए उपकेंद्र की स्थापना की गई है, जिसमें 40 एमवीए के दो पॉवर ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इसकी अनुमानित लागत लगभग 30 करोड़ 50 लाख रुपए है। इस उपकेंद्र से 33 केवी के 5 फीडर से बिजली सप्लाई होगी। इस उपकेंद्र के निर्माण से मुख्य रुप से अंडा, विनायकपुर, चंद्रखुरी, तिरगाझोला, कुथरेल, हनोदा, अंजोरा, मोहंदीपाट, निकुम, आलबरस, सकरौद, खप्परवाड़ा, रिसामा, चिंगरी, परसदा, ओटेबंद एवं देवरी सहित लगभग 38 ग्रामों को लाभ मिलेगा।
इसे साथ ही राजनांदगांव जिले के 132/33 केवी अतिउच्चदाब उपकेंद्र में 63 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत किया गया। इससे वहां की क्षमता 40 एमवीए से बढ़कर 103 एमवीए हो गई है। इस सब-स्टेशन से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 33 केवी के पांच फीडर मंडला, भैयाटोला, अतरिया, मुढ़ीपार और सिविल लाइन राजनांदगांव को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति हो सकेगी।
इस अवसर पर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक श्री केएस मनोठिया, डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के कार्यपालक निदेशकगण श्री शिरीष शैलेट राजनांदगांव, श्री संजय खंडेलवाल दुर्ग, ट्रांसमिशन कंपनी के मुख्य अभियंता सर्व श्री अब्राहम वर्गीस, श्री संजय तिवारी, प्रसन्ना गोसावी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री आरके तिवारी, अधीक्षण अभियंता श्री एस.के.भूआर्य, श्री एस कंवर, आर.के.मिश्रा, विक्रम मंधान, कार्यपालन अभियंता श्री छगन शर्मा, श्री सि़द्धार्थ भवसार, वीरेंद्र कुमार, श्री जेएल साहू, श्री एमआर शेरके, श्रीमती रूबी सारिका चंद्राकर, सहायक अभियंता भूषण वर्मा, प्रवीण शुक्ला एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












Leave A Comment