महंगी ऊर्जा और वित्तपोषण लागत से 2027 में वैश्विक ऋण परिस्थितियां होंगी कमजोरः मूडीज
नयी दिल्ली. रेटिंग एजेंसी मूडीज ने मंगलवार को कहा कि वित्तपोषण की ऊंची लागत और ऊर्जा की ऊंची कीमतों के कारण 2027 में वैश्विक ऋण परिस्थितियां कमजोर पड़ने की आशंका है। मूडीज रेटिंग्स की 2027 की वैश्विक ऋण परिस्थितियों पर जारी रिपोर्ट के मुताबिक, कृत्रिम मेधा (एआई) में निवेश बड़े पैमाने पर जारी रहेगा, लेकिन निवेशक इस बात पर अधिक ध्यान देंगे कि इससे होने वाली आय और उत्पादकता में बढ़ोतरी निवेश के अनुपात में है या नहीं। मूडीज ने कहा, "एआई के कारण कारोबारी मॉडल में बदलाव अधिक स्पष्ट होगा। कुछ कंपनियों को बढ़ती मांग और उत्पादकता से फायदा होगा, जबकि अन्य को बढ़ती प्रतिस्पर्धा और कीमतें तय करने की सीमित क्षमता का सामना करना पड़ेगा।" रिपोर्ट में कहा गया है कि सीमा शुल्क, नियमन, निर्यात नियंत्रण और रणनीतिक निवेश के जरिये सरकारों का हस्तक्षेप भी कंपनियों की ऋण स्थिति को अधिक प्रभावित करेगा। इनमें से कई उपाय कार्यपालिका के फैसलों से लागू या वापस लिए जा सकते हैं, जिससे नीतियों में तेजी से बदलाव संभव है। इसका असर 2027 में व्यापार, पूंजी आवंटन और प्रतिस्पर्धा पर पड़ेगा। मूडीज ने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा और जलवायु संबंधी चुनौतियों से निपटने पर बढ़ता खर्च कुछ क्षेत्रों के लिए अवसर पैदा करेगा, जबकि अन्य क्षेत्रों की लागत बढ़ाएगा। इसके अलावा, कर्ज के पुनर्वित्त की बढ़ती लागत से अधिक कर्ज वाली कंपनियों और निकट भविष्य में बड़ी राशि का कर्ज चुकाने वाले कर्जदारों पर दबाव बढ़ेगा। रेटिंग एजेंसी ने कहा कि वर्ष 2027 में प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में आर्थिक वृद्धि जारी रहने के बावजूद वित्तपोषण की ऊंची लागत और ऊर्जा की महंगी कीमतों से वैश्विक ऋण परिस्थितियों में दबाव के कुछ क्षेत्र उभरेंगे।




.jpeg)




Leave A Comment