मतदाता जागरूकता क्लब (ELC) के नोडल अधिकारियों एवं कैंपस एंबेसडर को दिया गया प्रशिक्षण
-ECINET पोर्टल और चार अर्हता तिथियों की दी गई विस्तृत जानकारी
रायपुर । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला स्वीप नोडल अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन के मार्गदर्शन में शासकीय नागार्जुन विज्ञान महाविद्यालय, रायपुर में जिले के सभी महाविद्यालयों के मतदाता साक्षरता क्लब (ELC) के नोडल अधिकारियों एवं कैंपस एंबेसडर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का संचालन डॉ. कामिनी बावनकर, सहायक स्वीप नोडल अधिकारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर शासकीय नागार्जुन विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमिताभ बनर्जी एवं डॉ. रवि बंजारे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से वर्षभर आयोजित की जाने वाली मतदाता जागरूकता गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें ECINET One Stop Digital Platform और मोबाइल एप की उपयोगिता तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं के बारे में बताया गया। प्रशिक्षण में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु निर्धारित चार अर्हता तिथियों - 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका, दायित्वों एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।
नोडल अधिकारियों एवं कैंपस एंबेसडर्स को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने महाविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों तक निर्वाचन संबंधी सही एवं प्रामाणिक जानकारी पहुंचाएं। उन्हें कहा गया कि वे अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, मतदान के प्रति जागरूक करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करें।









.jpg)

Leave A Comment