महाराजा अग्रसेन सम्मान के लिए 12 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित
-समाज सेवा और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले होंगे सम्मानित
बिलासपुर /छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महाराजा अग्रसेन सम्मान वर्ष 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सामाजिक समरसता तथा सभी वर्गों में सद्भाव, साहित्य, समाज सेवा एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्ति इस सम्मान के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संबंधित जिले के कलेक्टर कार्यालय में 12 अक्टूबर को शाम 5.30 बजे तक जमा किए जा सकते हैं।
महाराजा अग्रसेन सम्मान के तहत चयनित व्यक्ति को दो लाख रुपए की राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। सम्मान के लिए ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनसे समाज में सद्भाव और एकता को बढ़ावा मिला हो तथा सामाजिक चेतना का अच्छा वातावरण विकसित करने में योगदान दिया गया हो। विगत पांच वर्षों में यह सम्मान प्राप्त कर चुके व्यक्ति चयन के लिए पात्र नहीं होंगे।
आवेदन के साथ आवेदक का पूर्ण परिचय तथा सामाजिक समरसता, सद्भाव, साहित्य और समाज सेवा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों का विवरण देना होगा। इन कार्यों के समर्थन में प्रमाणित दस्तावेज, प्रकाशित साहित्य, छायाचित्र तथा समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं में प्रकाशित सामग्री भी संलग्न करनी होगी। पूर्व में कोई अन्य पुरस्कार प्राप्त हुआ हो तो उसका विवरण भी प्रस्तुत करना होगा।
सम्मान ग्रहण करने के संबंध में आवेदक की लिखित सहमति आवश्यक है। राज्य अथवा केंद्र शासन के किसी विभाग, निगम या मंडल में सेवारत आवेदकों को इसकी जानकारी आवेदन में देनी होगी। आवेदक जिस जिले के निवासी हैं, उन्हें उसी जिले के कलेक्टर कार्यालय में अपनी प्रविष्टि जमा करनी होगी। सामान्य प्रशासन विभाग को सीधे भेजी गई प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

.jpg)










Leave A Comment