बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा और सशक्तिकरण के प्रति किया जागरूक
0- अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर खोपली स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
दुर्ग. अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शहीद तरुण देशमुख शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, खोपली में बालिकाओं की सामाजिक भूमिका, अधिकारों और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अशोक कुमार पाण्डेय एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री अजय कुमार साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कुल 185 प्रतिभागी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए समाज में समान अवसरों के महत्व को समझाया। साथ ही लैंगिक भेदभाव, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और प्रत्येक बालिका को शिक्षा एवं विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। जागरूकता कार्यक्रम में विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना एवं नोनी सुरक्षा योजना के उद्देश्यों, लाभ और पात्रता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि इन योजनाओं का लाभ लेकर बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और भविष्य को बेहतर बनाने में सहायता मिल सकती है।
कार्यक्रम में बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 की उपयोगिता समझाई गई। बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके अधिकारों से संबंधित योजनाओं एवं कानूनों के बारे में भी बताया गया।
स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता पर विशेष मार्गदर्शन
इस दौरान किशोरियों को उचित पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई तथा एनीमिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बालिकाओं को बिना किसी भेदभाव के शिक्षा और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण का ध्यान रखने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मिशन समन्वयक सुश्री जया चंद्राकर, परियोजना समन्वयक श्री चंद्रप्रकाश पटेल, चाइल्ड हेल्पलाइन श्रीमती लोकमणी साहू, सामाजिक कार्यकर्ता, आईसीपीएस श्रीमती सीता कन्नौजे, आउटरीच वर्कर, विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












.jpg)
Leave A Comment