प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला पक्का आशियाना
0- सेवा की कहानी- श्याम बाई और फिरतराम के परिवारों को मिली सुरक्षा
रायपुर. कच्चे मकान में रहने की चिंता, बारिश के दिनों में पानी भरने की परेशानी और परिवार के लिए पर्याप्त जगह का अभाव—ये चुनौतियां महात्मा गांधी नगर निवासी श्रीमती श्याम बाई साहू और सतनामी पारा निवासी श्री फिरतराम बेरैया के परिवारों के जीवन का हिस्सा थीं। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी 2.0) के तहत पक्का मकान मिलने से दोनों परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का सहारा मिला है।
श्रीमती श्याम बाई साहू मजदूरी और घरों में काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। बारिश के मौसम में घर की स्थिति को लेकर चिंता बनी रहती थी। पक्का मकान मिलने से अब उनका परिवार सुरक्षित आवास में रह रहा है और लंबे समय से बनी यह चिंता दूर हुई है।
श्री फिरतराम बेरैया स्वयं मकान निर्माण का काम करते हैं, लेकिन सीमित संसाधनों के कारण अपने परिवार के लिए पक्का घर बनाना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा था। उनका परिवार पहले झोपड़पट्टी में रहता था, जहां बारिश के दौरान पानी भरने से परेशानी होती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी 2.0) के अंतर्गत उनका तीन कमरों, हॉल, रसोईघर, शौचालय और स्नानघर से युक्त पक्का मकान तैयार हुआ है। अब परिवार के सदस्यों के साथ मेहमानों के लिए भी पर्याप्त जगह उपलब्ध है।
दोनों परिवारों के लिए पक्का मकान केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की नई शुरुआत है। योजना से मिले आवास ने उनके जीवन में स्थायित्व और संतोष का भाव बढ़ाया है।
--












.jpg)
Leave A Comment