*सड़क हादसे में एनआईटी भोपाल की छात्रा की मौत, युवक गंभीर*
फॉरेस्ट एवेन्यू रोड पर जवाहर उद्यान के पास स्कूटी और कार की आमने-सामने टक्कर; गरबा देखकर लौट रहे थे दोनों स्कूटी सवार, परिवार की खुशियां मातम में बदलीं
भिलाई नगर। गरबा की रौनक और उत्सव की खुशियों के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने भिलाई के तालपुरी क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। सेक्टर 05 की नई पानी टंकी के सामने फॉरेस्ट एवेन्यू रोड पर जवाहर उद्यान के पास मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे स्कूटी और कार के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एनआईटी भोपाल की प्रथम वर्ष की छात्रा अक्षिता अवचट (19) की जान चली गई, जबकि स्कूटी पर सवार 18 वर्षीय आयुष कुमार साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, पूरे तालपुरी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। भिलाई नगर कोतवाली थाने में मर्ग कायम कर लिया गया है।
*गरबा देखकर घर लौट रहे थे दोनों*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अक्षिता अवचट और आयुष कुमार साहू सेक्टर-05 में गरबा देखने के बाद स्कूटी से तालपुरी स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बीएसपी की ओर जाने वाले फॉरेस्ट एवेन्यू रोड पर जवाहर उद्यान के पास विपरीत दिशा से रफ्तार में आ रही होंडा अमेज कार से उनकी स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में स्कूटी और कार के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल अक्षिता को सेक्टर-09 अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, आयुष कुमार साहू को पहले दुर्ग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसकी नाजुक हालत को देखते हुए नेहरू नगर के हाईटेक अस्पताल शिफ्ट किया गया है, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
*बेटी की मौत से घर में मातम छाया*
अक्षिता अवचट तालपुरी के बी-ब्लॉक स्थित ऑर्किड अपार्टमेंट में अपने माता-पिता और बड़ी बहन के साथ रहती थी। वह भोपाल स्थित एनआईटी में प्रथम वर्ष की छात्रा थी। उसके पिता गजानन अवचट रेलवे में दुर्ग में पदस्थ हैं। कम उम्र में होनहार बेटी को खोने का दर्द परिवार के लिए असहनीय है। जिस बेटी से परिवार को भविष्य की अनगिनत उम्मीदें थीं, उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे की खबर फैलते ही परिचितों और क्षेत्रवासियों में भी शोक व्याप्त हो गया।
*कार में पत्नी और आठ वर्षीय बेटी भी थी सवार*
जानकारी के मुताबिक, दूसरी ओर से रफ्तार में आ रही होंडा अमेज कार (क्रमांक सीजी 07 सीएचसी 2321) को करीब 40 वर्षीय अभिजीत धर चला रहे थे। वह अपनी पत्नी और आठ वर्षीय बेटी के साथ सेक्टर-04 में गरबा देखने जा रहे थे। दुर्घटना में कार चालक को हल्की खरोंच आई, जबकि उनकी बेटी भी मामूली रूप से घायल हुई। एक ओर जहां इस हादसे में एक परिवार ने अपनी बेटी को हमेशा के लिए खो दिया, वहीं दूसरे घायल युवक के परिवार की निगाहें उसके शीघ्र स्वस्थ होने की उम्मीद पर टिकी हैं। गरबा देखकर घर लौट रहे युवाओं के लिए यह रात जिंदगी का सबसे दर्दनाक मोड़ बन गई। तालपुरी में अक्षिता की असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है। जिस घर में बेटी के सपनों और भविष्य की उम्मीदें थीं, वहां अब गहरा सन्नाटा और अपनों को खोने का असहनीय दुख है।
टी सहदेव
-----



.jpeg)






.jpeg)

.jpg)
Leave A Comment