ब्रेकिंग न्यूज़

कलेक्टर ने ‘अर्नब’ चक्रवात के संभावित प्रभाव को लेकर मनहोरा के ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

 सतर्कता बरतने की अपील
 ग्राम पैरी में बाढ़ चैनल पुनरुद्धार तथा ग्राम भाटागांव ‘बी’ में बालिका शौचालय निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
बालोद/कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज गुण्डरदेही विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्वीकृत निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया तथा ‘अर्नब’ चक्रवात के प्रभाव से निपटने हेतु मैदानी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
 ग्राम मनहोरा में ग्रामीणों से सीधा संवाद
 कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने संभावित प्राकृतिक आपदा ’अर्नब’ चक्रवात के प्रभावों और भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए संभावित बाढ़ प्रभावित ग्राम मनहोरा का दौरा किया। उन्होंने चौपाल  लगाकर स्थानीय ग्रामीणों एवं मैदानी अमले से सीधा संवाद स्थापित किया। कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा एडवाइजरी का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने अधिकारियों को डुबान व जलभराव वाले क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने, राहत केंद्रों को तैयार रखने, राशन, विद्युत आपूर्ति, शुद्ध पेयजल एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
 जिला प्रशासन की अपील- सतर्क रहें, सुरक्षित रहें
 जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे संभावित प्राकृतिक आपदा के दौरान सतर्क रहें, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें तथा नदी-नालों के जलस्तर पर विशेष ध्यान दें। किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने के लिए जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर तैनात है।
 ग्राम पैरी के नाला में बाढ़ चैनल पुनरुद्धार कार्य का अवलोकन
 कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने ग्राम पैरी के नाला में ’विकसित भारत-जी राम जी’ के अंतर्गत चल रहे बाढ़ चैनल पुनरुद्धार कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यस्थल पर श्रमिकों से सीधे बातचीत कर उनके कार्यों, दैनिक मजदूरी एवं सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों व तकनीकी अमले को निर्देशित किया कि जल संरक्षण व बाढ़ रोकथाम की दृष्टि से यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
 ग्राम भाटागांव ‘बी’ के स्कूल में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का निरीक्षण
 कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने ग्राम भाटागांव ‘बी’ के स्कूल में निर्माणाधीन बालिका शौचालय के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने संबंधितों को निर्देशित किया कि विद्यालयों व सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता, पर्याप्त जल आपूर्ति तथा गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं की व्यवस्था प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाए।
 इस दौरान अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, जनपद पंचायत गुण्डरदेही के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नितेश साहू, एसडीओ श्री घनश्याम सिन्हा, सहायक परियोजना अधिकारी श्री ओमप्रकाश साहू एवं श्री प्रभात साहू, कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती प्रतिज्ञा चंद्राकर सहित संबंधित विभागों के तकनीकी सहायक, अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english