जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन 02 नवंबर को, शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनी रहेगी आकर्षण का केंद्र
सीईओ श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी ने आयोजन स्थल का किया निरीक्षण, समय-सीमा में सभी तैयारियाँ पूरी करने के दिए निर्देश
बालोद/छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बालोद जिले में आगामी 02 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और परंपराओं के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जिले में हो रहे विकास कार्यों की झलक देखने को मिलेगी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, श्री नूतन कंवर एवं श्री हरिवंश सिंह मिरी सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
राज्योत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी ने कार्यक्रम स्थल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले प्रदर्शनी के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियाँ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएँ। कार्यक्रम में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने को भी कहा।
शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की दिखेगी झलक
राज्योत्सव में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुँचाने के लिए विभागीय प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। कृषि, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, वन, श्रम तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों द्वारा अपने कार्यों, उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
इन स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को शासकीय योजनाओं के लाभ, पात्रता और संबंधित विभागों की गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे आमजन शासन की योजनाओं से परिचित होने के साथ जिले में हुए विकास कार्यों को भी करीब से देख सकेंगे।
संस्कृति, कला और विकास का होगा संगम
जिला स्तरीय राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो और आम नागरिक उत्साहपूर्वक इसमें भाग ले सकें।












.jpg)
Leave A Comment