ब्रेकिंग न्यूज़

 सेंट्रल लाइब्रेरी का विधायक राजेश मूणत ने किया दो घंटे विस्तृत निरीक्षण

रायपुर। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और अध्ययन के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सेंट्रल लाइब्रेरी का विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेश मूणत ने लगभग दो घंटे तक विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राउंड फ्लोर, प्रथम तल और द्वितीय तल का भ्रमण कर वहाँ अध्ययनरत विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई इस सुविधा पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सेंट्रल लाइब्रेरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए उपयोगी साबित हो रही है। साथ ही उन्होंने कुछ अतिरिक्त सुविधाएँ विकसित करने की आवश्यकता भी बताई, ताकि अध्ययन के लिए आने वाले विद्यार्थियों को और बेहतर वातावरण मिल सके।
कैंटीन की सुविधा की माँग पर शीघ्र निराकरण का आश्वासन
विद्यार्थियों ने लाइब्रेरी परिसर में कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराने की माँग प्रमुखता से रखी। उनका कहना था कि लंबे समय तक अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए परिसर में ही जलपान एवं खानपान की व्यवस्था होना आवश्यक है। इस पर श्री मूणत ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी इस आवश्यकता का शीघ्र निराकरण कराने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
प्लंबिंग और इलेक्ट्रिक पैनल में सुधार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थी श्री राठौर ने प्लंबिंग व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता बताते हुए कहा कि परिसर में कई स्थानों पर पाइप बदलने और मरम्मत किए जाने की जरूरत है। कुछ स्थानों पर पानी के रुकने और निकासी की समस्या भी सामने आती है। उन्होंने इलेक्ट्रिक पैनल की व्यवस्था में भी आवश्यक सुधार कराने का सुझाव दिया।
विधायक श्री मूणत ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों पर भी दिया ध्यान
विद्यार्थियों ने परिसर में नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे आकांक्षी शौचालय का कार्य शीघ्र पूर्ण कर उसे प्रारंभ कराने की माँग रखी। इस पर विधायक ने श्री विनोद पांडे को शेष कार्य शीघ्र पूरा कराकर शौचालय प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विद्यार्थियों ने परिसर में प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने तथा सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने का सुझाव भी दिया। विधायक श्री मूणत ने इन आवश्यकताओं पर सहमति जताते हुए अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि इन सुविधाओं के विकास में बजट की कमी आती है तो उन्हें अवगत कराया जाए। विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े आवश्यक कार्यों के लिए विधायक निधि से भी राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
साफ-सफाई और नियमित निरीक्षण के निर्देश
विधायक श्री मूणत ने जोन अधिकारी श्रीमती तृप्ति पाणिग्रही को लाइब्रेरी परिसर में नियमित एवं बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर की स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और अन्य बुनियादी सुविधाओं का नियमित ध्यान रखा जाना चाहिए। जोन अधिकारी को समय-समय पर स्वयं परिसर का भ्रमण करने तथा छोटी-मोटी समस्याओं का तत्काल निराकरण कराने के लिए भी कहा।
विद्यार्थियों के अनुशासन और अध्ययन के प्रति लगन की सराहना
विद्यार्थियों से संवाद के दौरान श्री मूणत ने उनके अनुशासित व्यवहार और पढ़ाई के प्रति रुचि की सराहना की। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा विद्यार्थियों के लिए ऐसी सुविधाएँ उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें बेहतर अध्ययन का अवसर देना है। विद्यार्थी इस सुविधा का अधिकतम उपयोग करें, अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित रखें और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करें।
उन्होंने कहा कि सेंट्रल लाइब्रेरी जैसी सुविधाएँ युवाओं के सपनों को साकार करने में सहायक बन सकती हैं। विद्यार्थियों को यहाँ अध्ययन का अच्छा वातावरण मिल रहा है, इसलिए यह आवश्यक है कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएँ और अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।
श्री मूणत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यार्थियों द्वारा बताई गई समस्याओं को केवल निरीक्षण तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन पर समयबद्ध कार्रवाई कर सुविधाओं में वास्तविक सुधार सुनिश्चित किया जाए।
-- 
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english