सिनेमा जगत के सुपरस्टार राजेश खन्ना की ये शानदार 5 फिल्में जरूर देखें ...ओटीटी पर भी उपलब्ध हैं
मुंबई। हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार के नाम से मशहूर दिवंगत अभिनेता राजेश खन्ना की आज जयंती है। राजेश खन्ना ने कई दशकों तक हिंदी सिनेमा पर राज किया। इस फिल्म स्टार ने बहुत सी हिट फिल्में दी हैं। उनके अभिनय की भी तारीफ हुई। आज हम उनकी जयंती पर उनकी 5 सदाबहार और शानदार फिल्मों का जिक्र कर रहे हैं, जो ओटीटी प्लेटफार्म पर भी उपलब्ध है।
अमर प्रेम
राजेश खन्ना और शर्मिला टैगौर की मुख्य भूमिका वाली ये फिल्म गुजरे वक्त की क्लासिक हिट है। दूसरी शादी करने के बाद, पुष्पा यानी शर्मिला टैगोर का पति उसे घर से बाहर निकाल देता है। वह अपने मायके जाती है, जहां उसकी मां उसका तिरस्कार करती है और उसका चाचा उसे कोलकाता के कोठे पर बेच देता है। राजेश खन्ना रईस और प्यार की तलाश में भटकते तन्हा पति के किरदार में थे। फिल्म की कहानी शर्मिला टैगोर का राजेश खन्ना और पड़ोस के एक छोटे लड़के से मां के रिश्ते की कहानी बयां करती है। 1972 में शक्ति सामंत के निर्देशन में बनी और आर. डी. बर्मन की संगीतबद्ध इस फिल्म के गाने आज तक लोगों को याद है। ये फिल्म अमेजॉन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।
आनंद
1971 में सिल्वर स्क्रीन पहुंची सुपरस्टार राजेश खन्ना और अमिताभ बच्चन स्टारर ये फिल्म दिल छू लेने वाली है। लाइलाज़ बीमारी से पीडि़त, आनंद यानी राजेश खन्ना अपने आखिऱी दिनों को जी भर कर जीता है। जीवन के प्रति, आनंद का आशावाद देखकर उसके डॉक्टर, भास्कर (अमिताभ बच्चन) में बदलाव आता है और वह आनंद के जीवन पर किताब लिखने का फैसला करता है। राजेश खन्ना स्टारर ये फिल्म आप अमेजॉन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं। फिल्म ऋषिकेश मुखर्जी ने बनाई थी और संगीत सलिल चौधरी का था जो आज भी लोकप्रिय है।
बावर्ची
1972 में बनी ऋषिकेश मुखर्जी की इस फिल्म में संगीत मदनमोहन ने दिया था। फिल्म में राजेश खन्ना ने एक बावर्ची का किरदार निभाया था जो मतभेदों से भरे एक मध्यम वर्गीय परिवार को एकजुट करता है। ये फिल्म भी आप अमेजॉन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
आराधना
1969 में निर्देशक शक्ति सामंत ने शर्मिला टैगोर और राजेश खन्ना को लेकर ऑल टाइम क्लासिक फिल्म आराधना बनाई जो एक बेहद खूबसूरत फिल्म है। जिसमें राजेश खन्ना ने डबल रोल निभाया था। इस फिल्म का गाना 'मेरे सपनों की रानी उस दौर का चार्ट बस्टर रहा था। फिल्म में आर. डी. बर्मन और उनके पिता एस. डी. बर्मन ने संगीत दिया था। इस फिल्म को आप यू-ट्यूब पर मुफ्त या फिर अमेजॉन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं। राजेश खन्ना ने आराधना के बाद हिन्दी फि़ल्मों के पहले सुपरस्टार का खिताब अपने नाम किया।
इत्तेफाक
इत्तेफ़ाक़ बी. आर. चोपड़ा द्वारा सन् 1969 में निर्मित और उन्हीं के भाई यश चोपड़ा द्वारा निर्देशित भारतीय रहस्यमय रोमांटिक फिल्म है। फिल्म में राजेश खन्ना ने मुख्य भूमिका तथा नन्दा , बिन्दू , मदन पुरी और इफि़्तखार ने सहायक भूमिका निभायी है। सलिल चौधरी संगीतकार हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर "सेमी-हिट" रही। यह फिल्म 1965 की अमेरिकी फिल्म 'साइनपोस्ट टू मर्डर' की रीमेक है। यह चौथी बॉलीवुड फिल्म (नौजवान , मुन्ना और कानून के बाद ) थी जिसमें कोई गाना नहीं था। ये फिल्म भी अमेजॉन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।
Leave A Comment