जाने-माने अभिनेता जावेद खान अमरोही का निधन
-शबाना आजमी, सुनील शेट्टी सहित कई बॉलीवुड कलाकारों ने शोक व्यक्त किया
मुंबई। जाने- माने अभिनेता जावेद खान अमरोही का मंगलवार को निधन हो गया। 60 की उम्र में उन्होंने मुंबई सांताक्रूज के सूर्या नर्सिंग होम में आखिरी सांस ली। जावेद लंबे समय से सांस की बीमारी से जूझ रहे थे, वहीं पिछले एक साल से बेड रेस्ट पर थे। उनके दोनों फेफड़े फेल हो गए थे। जावेद के निधन की खबर चंद्रकांता एक्टर अखिलेंद्र मिश्रा ने अपने फेसबुक हैंडल पर दी। 14 फरवरी की शाम ही उन्हें ओशिवारा कब्रिस्तान में दफनाया गया।
लगान, सत्यम शिवम सुंदरम, वो सात दिन, राम तेरी गंगा मैली समेत कई फिल्मों में जावेद ने अपने अभिनय का जलवा बिखेरा। मुंबई में जन्में जावेद खान ने अपने करियर में कई बेहतरीन सपोर्टिंग और कैमियो किए थे। जावेद खान टीवी और सिनेमा जगत का जाना माना चेहरा थे। उन्होंने एकेडमी अवार्ड नॉमिनेट फिल्म लगान में भी सपोर्टिंग रोल निभाया था। इसके अलावा उन्हें चक दे इंडिया, अंदाज अपना अपना समेत कई फिल्मों के लिए खूब सराहा गया। एक्टिंग के अलावा जावेद इंडियन पीपल थिएटर एसोसिएशन के मेंबर भी थे।
टीवी जगत की बात करें तो जावेद खान ने मिर्जा गालिब में बेहतरीन काम किया था। इसके अलावा वो इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया आट्र्स में बतौर फैकल्टी भी रहे थे। उन्होंने करीब 150 हिंदी फिल्मों में काम किया था। जावेद अपनी कॉमेडी के लिए भी जाने जाते थे। उन्होंने फिल्म 'फिर हेरा फेरी' में कॉन्स्टेबल का कैरेक्टर प्ले किया था, जिसे फैंस ने खूब पसंद किया।
शबाना आजमी ने जावेद खान संग शेयर की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर
शबाना आजमी ने जावेद खान अमरोही के निधन के बाद उनको श्रद्धांजलि देते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर की है। ये फोटो किसी फिल्म की है, जिसमें ये दोनों बहु-प्रतिभाशाली एक्टर साथ में नजर आ रहे हैं।
जावेद खान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए शबाना आजमी ने लिखा, 'ये सुनकर बहुत ही ज्यादा झटका लगा कि जावेद खान अमरोही अब हमारे बीच नहीं रहें। वह इंडियन पीपल थिएटर एसोसिएशन (इप्टा) के सबसे मंझे हुए कलाकार में से एक थे। उनके परिवार और दोस्तों के साथ मेरी संवेदनाएं'।
सुनील शेट्टी ने भी दी श्रद्धांजलि
सुनील शेट्टी ने जावेद खान अमरोही के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट कर लिखा, 'सिनेमा की दुनिया के लिए ये बहुत ही बड़ा नुकसान है। जावेद खान अमरोही हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे, परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं '।
इसके अलावा उनके खास दोस्त और को-स्टार अखिलेंद्र मिश्रा ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, 'विनम्र श्रद्धांजलि जावेद खान साहब। बेहतरीन अभिनेता, वरिष्ठ रंगकर्मी, इप्टा के सक्रिय सदस्य। आपको बता दें कि बॉलीवुड के साथ-साथ जावेद खान अमरोही ने टेलीविजन और थिएटर में भी खूब काम किया।
Leave A Comment