सूरज पंचोली अभिनेत्री जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप से बरी
नई दिल्ली। मुंबई की एक विशेष सीबीआई अदालत ने शुक्रवार को फिल्म अभिनेता सूरज पंचोली को अभिनेत्री जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप से बरी कर दिया है। जिया खान तीन जून 2013 को अपने घर में मृत पाई गई थीं। सबूतों की कमी के कारण अदालत ने उनको दोषी नहीं ठहराया। सूरज पंचोली को छह पन्नों के जिया खान के कथित पत्र के आधार पर आरोप लगाया गया था। सीबीआई ने दावा किया था कि पत्र में, पंचोली के हाथों जिया के शारीरिक और मानसिक शोषण तथा शारीरिक प्रताड़ना के बारे में बताया गया था। तीन जून 2013 को अभिनेत्री जिया खान अपने फ्लैट में मृत पाई गई थीं। जिया ने कथित तौर पर आत्महत्या की थी। हालांकि, दुनिया को अलविदा कहने वाली जिया अपने पीछे छह पन्नों का सुसाइड नोट छोड़कर गई थीं। मामले में उनके बॉयफ्रेंड सूरज पंचोली को आरोपी बनाया गया। उन पर जिया को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा, लेकिन 10 साल बाद सीबीआई की विशेष अदालत ने इन आरोपों को दरकिनार कर दिया है। सूरज पंचोली बरी हो गए हैं।
सूरज पंचोली बॉलीवुड के जाने माने एक्टर आदित्य पंचोली और एक्ट्रेस जरीना वहाब के बेटे हैं। सूरज पंचोली आज बॉलीवुड के एक्टर हैं। एक्टर ने अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत साल 2015 में आई फिल्म हीरो से की थी। इस फिल्म में उनके साथ सुनील शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी नजर आई थीं। आथिया ने भी इस फिल्म के जरिए अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत की थी।
Leave A Comment