ब्रेकिंग न्यूज़

 भारत की आत्मा, इसकी भावना को सुरक्षित रखने के लिए एक प्रतिबद्धता था जम्मू कश्मीर का विलय: राजनाथ सिंह

जम्मू. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को जम्मू कश्मीर को भारत का 'मुकुट मणि' बताते हुए कहा कि इसका देश में विलय महज एक भौगोलिक क्षेत्र के एकीकरण का मामला नहीं था बल्कि यह भारत की आत्मा, भावना, एकता और अखंडता को संरक्षित करने की प्रतिबद्धता था। सिंह ने यहां लोक भवन के पास पंजतीर्थी चौक से परेड चौक स्थित ब्राह्मण सभा तक करीब एक किलोमीटर लंबी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का नेतृत्व करने के बाद एक रैली को संबोधित किया और 'वोट चोरी' के आरोपों को लेकर कांग्रेस की आलोचना की। 
उन्होंने पार्टी के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह अपने आरोपों को साबित करने के लिए कोई विश्वसनीय साक्ष्य पेश करने में विफल रही है। सिंह ने कहा, "जम्मू कश्मीर भारत का 'मुकुट मणि' होने के साथ-साथ देश की शान एवं गौरव है। इसलिए, भारत में इसका विलय महज एक भौगोलिक क्षेत्र के एकीकरण का सवाल नहीं था, बल्कि यह भारत की आत्मा, भावना, एकता और अखंडता को संरक्षित करने की प्रतिबद्धता था।" रक्षा मंत्री ने भाजपा की राजनीतिक यात्रा में जम्मू कश्मीर के ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए क्षेत्र के भारत में पूर्ण विलय के लिए संघर्ष करने वाले पंडित प्रेमनाथ डोगरा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने क्षेत्र से श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा दिए गए नारे 'एक देश, एक विधान, एक निशान' का भी उल्लेख किया। सिंह ने कहा कि बड़ी संख्या में जम्मू कश्मीर के लोगों ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया है। उन्होंने सर्वोच्च बलिदान देने वाले लोगों को श्रद्धांजलि भी दी। उन्होंने कहा, "जहां पूरा देश चौतरफा विकास देख रहा है, वहीं जम्मू कश्मीर भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।" सिंह ने कहा कि क्षेत्र को विकास, अधिकारों और अवसरों में उसका उचित हिस्सा मिलना चाहिए।
इससे पहले, जम्मू हवाई अड्डे पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और भाजपा नेताओं ने राजनाथ सिंह का स्वागत किया। भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य सत शर्मा तथा केंद्र शासित प्रदेश के सांसदों और विधायकों के साथ सिंह ने बाद में राष्ट्रीय ध्वज हाथ में लेकर पंजतीर्थी चौक से ब्राह्मण सभा की ओर पदयात्रा का नेतृत्व किया। उन्होंने पदयात्रा में शामिल लोगों के साथ नारे लगाए। इसके बाद वह पास के एक चौराहे पर वाहन में सवार होकर रैली स्थल के लिए रवाना हो गए। पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। जम्मू-कश्मीर भाजपा ने 'महापदयात्रा' का आयोजन कर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने और लोगों को गुमराह करने की कोशिश का आरोप लगाया।
 

 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english