अफगानिस्तान में, विनाशकारी भूकंप में एक हजार से अधिक लोगों की मौत, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा भारत इस कठिन समय में अफगानिस्तान के लोगों के साथ
नई दिल्ली। अफगानिस्तान में तालिबान शासन ने भूकंप की आपदा से निपटने में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की अपील की है। अफगानिस्तान में कल खोस्त के निकट आये 6 दशमलव एक तीव्रता के भूकंप में एक हजार से अधिक लोग मारे गए हैं और डेढ़ हजार से अधिक घायल हुए हैं। दक्षिण पूर्व में पक्तिका प्रांत पर सबसे ज्यादा असर हुआ है। भूकंप के झटके पाकिस्तान और भारत में भी महसूस किए गए।
संयुक्त राष्ट्र इस आपदा से ग्रस्त लोगों को आपात शरण और खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रहा है। तेज वर्षा और ओलावृष्टि से राहत उपायों में बाधा आ रही है। पिछले दो दशक का यह सबसे विनाशकारी भूकंप पिछले वर्ष सत्ता हथियाने वाले तालिबान शासन के लिए बड़ी चुनौती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अफगानिस्तान में विनाशकारी भूकंप पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने जनहानि पर गहरी संवेदना वयक्त की है। श्री मोदी ने कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में अफगानिस्तान के लोगों के साथ है और जल्द से जल्द हर संभव आपदा राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।
Leave A Comment