ब्रेकिंग न्यूज़

 मुख्यमंत्री  ने धनोरा में दी 132.69 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास

-दूरस्थ वनांचल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ किसानों की समृद्धि और महिला सशक्तीकरण की नई पहल
-मुख्यमंत्री ने 2.50 करोड़ की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण, 56 गांवों के 56 हजार ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
-‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ का किया शुभारंभ, 730 किसानों की परंपरागत उपज को मिलेगी नई बाजार पहचान
-बिहान की दीदियां संभालेंगी धान के प्रसंस्करण से लेकर विपणन तक की जिम्मेदारी, ग्रामीण महिलाओं को मिलेंगे स्वरोजगार के नए अवसर
-84 गांवों की आस्था के केंद्र पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर मुख्यमंत्री ने की प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
-आदिवासी समाज ने पारंपरिक साफा बांधकर किया मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत
 रायपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में विकास कार्यों की सौगात देने के साथ ही किसानों की समृद्धि, महिलाओं की आत्मनिर्भरता और ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने जिले में 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया तथा सुदूर वनांचल के किसानों की उपज को नई बाजार पहचान दिलाने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों और वहां रहने वाले प्रत्येक परिवार तक पहुंचे। दूरस्थ वनांचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही किसानों की मेहनत को उचित मूल्य और ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों, परंपरागत कृषि पद्धतियों और ग्रामीण प्रतिभाओं को नए अवसरों से जोड़कर ही समृद्ध और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने धनोरा में 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस स्वास्थ्य केंद्र से धनोरा सहित आसपास के 56 गांवों के लगभग 56 हजार ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
अब क्षेत्र के लोगों को सामान्य बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।अब तक इस दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता था, जिससे उन्हें समय और धन दोनों की परेशानी उठानी पड़ती थी। नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन से स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ कर वनांचल के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की नई पहल की। इस ब्रांड के माध्यम से ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के लगभग 730 किसानों द्वारा परंपरागत तरीके से उत्पादित धान को संगठित बाजार से जोड़ा जाएगा।इन गांवों के किसान लंबे समय से बिना रासायनिक खाद के प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों के आधार पर धान की खेती करते आ रहे हैं। उनकी उपज की अपनी विशिष्टता है, लेकिन बाजार तक सीमित पहुंच के कारण किसानों को इसका अपेक्षित मूल्य नहीं मिल पाता था।
अब जिला प्रशासन की पहल पर किसानों के धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर उसे ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय धान को अलग पहचान मिलने के साथ किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने के अवसर बढ़ेंगे। बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी और मूल्य संवर्धन का लाभ भी किसानों तक पहुंच सकेगा।
‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ की विशेषता यह भी है कि इसके माध्यम से किसानों के साथ ग्रामीण महिलाओं को भी आर्थिक प्रगति के नए अवसर मिलेंगे। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी को धान के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बिहान से जुड़ी स्वसहायता समूह की महिलाएं इस पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएंगी। इससे उन्हें कृषि आधारित उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।इस प्रकार ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ किसानों की उपज को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता का भी माध्यम बनेगा। यह पहल कोण्डागांव की परंपरागत कृषि विरासत को नई पहचान दिलाने और स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
धनोरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के श्रद्धापूर्वक दर्शन-पूजन किए। उन्होंने आदिवासी समाज की पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं और रीति-रिवाजों के अनुरूप पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
पेन खण्डा मुदिया बस्तर अंचल के आदिवासी समाज की गहरी आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। कोनगुड़ परगना के अंतर्गत आने वाले 84 गांवों के ग्रामीण उन्हें अपना प्रमुख आराध्य मानते हैं। स्थानीय परंपरागत मान्यताओं के अनुसार पेन खण्डा मुदिया को ‘18 जिलों के राजा’ के रूप में भी श्रद्धा और सम्मान दिया जाता है।पेन खण्डा मुदिया के प्रति आदिवासी समाज की आस्था पीढ़ियों से चली आ रही है। यह आस्था समाज को अपने पुरखों, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करती है। मरई परिवार पेन खण्डा मुदिया के पारंपरिक सेवक हैं और क्षेत्र की बारा बानी बिरादरी के सदस्य उनकी सेवा-अर्जी में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ शामिल होते हैं।मुख्यमंत्री श्री साय ने आदिवासी समाज की धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की अनमोल धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के धनोरा पहुंचने पर आदिवासी समाज के लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मुख्यमंत्री के सिर पर साफा बांधकर उनका सम्मान किया। इस दौरान आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, आत्मीयता और अतिथि सत्कार की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, बस्तर आईजी श्री बी.एन. मीणा, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english