ब्रेकिंग न्यूज़

 छत्तीसगढ़ के दो होनहार विद्यार्थी दक्षिण कोरिया में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व, मुख्यमंत्री ने बढ़ाया उत्साह

-रोबोटिक्स की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रायपुर के पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन
-राष्ट्रीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर बनाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान
-28 एवं 29 नवंबर को दक्षिण कोरिया में आयोजित रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल में दिखाएंगे अपनी प्रतिभा
-छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए हर अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री श्री साय
 रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो होनहार विद्यार्थी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे। रायपुर के वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा सातवीं के विद्यार्थी पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन दक्षिण कोरिया में 28 एवं 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थी इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से दोनों विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में रोबोटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज विज्ञान और तकनीक का युग है। हमारे बच्चों में नई तकनीक को सीखने, समझने और नवाचार करने की रुचि बढ़ रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों विद्यार्थी दक्षिण कोरिया में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने नेशनल चैंपियनशिप 2026 की LEGO Line Follower श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। इसी उपलब्धि के आधार पर उनका चयन रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल के लिए हुआ है।इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 16 से अधिक राज्यों के 7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता की नौ अलग-अलग श्रेणियों में 500 से अधिक रोबोट्स के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया। विभिन्न श्रेणियों से चयनित 36 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
LEGO Line Follower श्रेणी में विद्यार्थियों को ऐसा रोबोट तैयार करना होता है, जो निर्धारित ट्रैक पर बनी लाइन को पहचानकर उसके अनुसार आगे बढ़ सके। इसके लिए प्रोग्रामिंग, तार्किक सोच, तकनीकी समझ और समस्या समाधान की क्षमता आवश्यक होती है।
दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि में उनके अभिभावकों, शिक्षकों और तकनीकी मार्गदर्शकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान वेदिक इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य श्रीमती नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के सीईओ एवं चीफ मेंटर श्री रवि सिन्हा, मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीमती रीना सिन्हा तथा टीम कोच श्री शौर्य सिन्हा उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकों और मार्गदर्शकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में शिक्षकों और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
रायपुर के इन दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि ने यह साबित किया है कि लगन, परिश्रम और उचित मार्गदर्शन से कम उम्र में भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनकी भागीदारी प्रदेश के अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान, रोबोटिक्स और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english