ब्रेकिंग न्यूज़

 कंवर समाज की समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली परंपराएं छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर : मुख्यमंत्री

-गहिरा गुरु जी के आदर्श और शिक्षाएं समाज को सदाचार, एकता एवं संस्कारों के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं : मुख्यमंत्री श्री साय
-मुख्यमंत्री संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार में हुए शामिल, समाजजनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से किया आत्मीय स्वागत
-कंवर समाज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए मुख्यमंत्री ने की बड़ी घोषणाएं
-सरगुजा में संभागीय कंवर समाज भवन के लिए 75 लाख, सूरजपुर, बलरामपुर और चेंद्रा में समाज भवनों के लिए 50-50 लाख रुपये की घोषणा
-प्रत्येक करमा दल को प्रोत्साहन स्वरूप मिलेंगे 20 हजार रुपये
 रायपुर।  मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि कंवर समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराएं और सामाजिक मूल्य छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर हैं। समाज ने अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है। सामाजिक एकजुटता, शिक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के साथ समाज को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार कंवर समाज सहित सभी समाजों के सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री श्री साय आज अंबिकापुर के राजमोहनी देवी ऑडिटोरियम में आयोजित संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पहुंचने पर समाजजनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार मुख्यमंत्री के पांव पखारकर उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने इस स्नेह और सम्मान के लिए समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कंवर समाज के आध्यात्मिक एवं सामाजिक उत्थान में पूज्य गहिरा गुरु जी का अविस्मरणीय योगदान रहा है। उन्होंने समाज को अच्छाई, सदाचार, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट रहने और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा देती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कंवर समाज सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त समाज है। समाज के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद से ही उन्हें प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला है।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाना है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों का पक्के घर का सपना साकार किया जा रहा है। महतारी वंदन योजना से माताओं-बहनों को आर्थिक संबल मिल रहा है। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में पारिश्रमिक बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। चरण पादुका योजना, श्री रामलला दर्शन योजना और तीर्थ यात्रा योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से भी प्रदेशवासियों को लाभान्वित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ है कि शासन की सेवाएं आम नागरिकों तक आसानी से पहुंचें और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नागरिक घर बैठे विभिन्न प्रमाणपत्र एवं अन्य शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से बैंकिंग सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ अंचलों के नागरिकों को भी शासकीय सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सम्मेलन में कंवर समाज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने सरगुजा में संभागीय कंवर समाज भवन के निर्माण के लिए 75 लाख रुपये, सूरजपुर एवं बलरामपुर जिलों में कंवर समाज के सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए 50-50 लाख रुपये तथा चेंद्रा में कंवर समाज भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने पारंपरिक करमा नृत्य और लोकसंस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रत्येक करमा दल को 20-20 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि करमा तिहार हमारी लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामुदायिक एकता का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करते हैं। उन्होंने समाजजनों से अपनी समृद्ध परंपराओं को सहेजने तथा युवाओं को शिक्षा और प्रगति के नए अवसरों से जोड़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के प्रमुखों एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का आधार शिक्षा, जागरूकता और एकजुटता है। कंवर समाज अपनी समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए विकास की मुख्यधारा में निरंतर आगे बढ़े। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर समाज एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा ने कहा कि सामाजिक एकता ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। अपनी परंपराओं, संस्कृति और रीति-रिवाजों को सहेजते हुए संगठित प्रयासों से ही समाज के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सरगुजा की अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, जिला पंचायत सूरजपुर की अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सभापति श्री हरमिंदर टिन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कंवर समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठ समाजजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english