ब्रेकिंग न्यूज़

सुशासन और जनकल्याण के संकल्प से छत्तीसगढ़ में विकास का नया अध्याय : मुख्यमंत्री

-प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में तेजी से बढ़ रही सरकार
-महतारी वंदन योजना से महिला सशक्तीकरण, किसान हितैषी निर्णयों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती
-शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और आधुनिक तकनीक के विस्तार से युवाओं के लिए खुल रहे प्रगति के नए अवसर
-बस्तर में शांति और विकास के साथ लौट रहा विश्वास, जनजातीय अंचलों में समृद्धि की नई संभावनाएं
 रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सुशासन, जनकल्याण और समृद्धि के नए संकल्पों के साथ विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने बीते तीन वर्षों में किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और जनजातीय समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इन निर्णयों से जहां प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली है, वहीं शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग और अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में नई संभावनाओं का विस्तार हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाते हुए प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाना है।
मुख्यमंत्री श्री साय आज आईएनडी-24 न्यूज चैनल के विशेष कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री जी से संवाद – छत्तीसगढ़ के विकास का विजन’ में प्रदेश के विकास और भविष्य की कार्ययोजना पर अपने विचार साझा कर रहे थे। उन्होंने सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियों, प्रधानमंत्री की गारंटियों के क्रियान्वयन, औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन, महिला सशक्तीकरण, कृषि विकास, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा बस्तर में शांति और विकास के नए दौर सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दिसंबर 2023 में सरकार गठन के साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने का कार्य प्रारंभ किया गया। पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति देने का निर्णय लिया गया। किसानों को दो वर्षों का लंबित धान बोनस प्रदान किया गया और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था लागू की गई। तेंदूपत्ता संग्राहकों की पारिश्रमिक दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की गई। महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना प्रारंभ की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर जैसे दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। गीदम में मेडिकल कॉलेज और जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का संचालन प्रारंभ हुआ है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से सुदूर गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब खनिज आधारित पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और रोजगार आधारित उद्योगों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश को 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।  लगभग 50 प्रतिशत निवेश परियोजनाएं आधुनिक तकनीक और अधिक रोजगार देने वाले क्षेत्रों से संबंधित हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में निवेश और कारोबार को सुगम बनाने के लिए 450 से अधिक सुधार किए गए हैं। दो जनविश्वास अधिनियमों के माध्यम से दंडात्मक प्रावधानों में संशोधन किया गया है। छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026 और वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 से उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है।
नवा रायपुर में  सेमीकंडक्टर इकाई तथा देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त फार्मा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और रेडीमेड गारमेंट पार्क विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें उद्यमी और रोजगार प्रदाता बनाने की दिशा में भी कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के अंतर्गत पांच हजार स्टार्टअप प्रारंभ करने का लक्ष्य रखा गया है। 
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बदलते औद्योगिक परिवेश और तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को तैयार करने के लिए शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रधानमंत्री सेतु योजना के अंतर्गत प्रदेश की 30 आईटीआई का उन्नयन किया जा रहा है। छह शासकीय इंजीनियरिंग एवं पॉलीटेक्निक कॉलेजों को सीजीआईटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री एआई मिशन के माध्यम से 14 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रदेश में 273 करोड़ रुपये की स्वीकृति से 38 नालंदा लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। नवा रायपुर में 200 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना की जा रही है, जहां प्रतिवर्ष चार हजार युवाओं को आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा। नाइलिट, निफ्ट, नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट और राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं की स्थापना की दिशा में भी पहल की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत आधारशिला है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। नवंबर 2026 तक 33 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है।उन्होंने बताया कि प्रदेश की 14 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। यह उपलब्धि केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य का 179 प्रतिशत है। महिलाओं के नाम अचल संपत्ति की रजिस्ट्री पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत तथा स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट दी जा रही है। रेडी-टू-ईट का कार्य पुनः महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपा गया है, जिससे महिलाओं की आजीविका के अवसर बढ़ेंगे।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति ऐप, महिला हेल्पलाइन 181, सखी वन स्टॉप सेंटर और डायल-112 नेक्स्ट जेन सेवा को सुदृढ़ किया गया है। सभी 33 जिलों में सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को सुरक्षित वातावरण और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान के अंतर्गत 6,671 शासकीय विद्यालयों में शौचालय निर्माण की पहल की गई है। सरस्वती साइकिल योजना से 1.62 लाख बालिकाओं को लाभान्वित किया गया है। दो हजार विद्यालयों में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं।बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वर्षों से बंद  विद्यालयों को पुनः प्रारंभ किया गया है। अबूझमाड़ के ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 200 की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का यह विस्तार दूरस्थ अंचलों के बच्चों और युवाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान करेगा।
 
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलताएं मिली हैं। बस्तर अब हिंसा और भय के दौर से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की नई पहचान की ओर बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने बस्तर को देश के अग्रणी जनजातीय संभाग के रूप में विकसित करने के लिए बस्तर रोडमैप 2.0 तैयार किया है। सुरक्षा शिविरों को शहीद गुंडाधुर ‘सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में सुरक्षा के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और आजीविका के अवसरों का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्धि का आधार हमारे किसान हैं। सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। किसान हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी 21 क्विंटल के बराबर पूरी इनपुट सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है। इससे विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के छोटे और सीमांत किसानों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर और समृद्ध जनजातीय संस्कृति प्रदेश की अमूल्य संपदा हैं। पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने के साथ मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन प्रारंभ किया गया है। छत्तीसगढ़ होमस्टे नीति 2025-30 से स्थानीय रोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण सरकार की विशेष प्राथमिकता है। बस्तर पंडुम के माध्यम से लोक कला, नृत्य, संगीत, पारंपरिक खान-पान और जनजातीय विरासत को व्यापक मंच मिला है। अखरा विकास योजना से जनजातीय आस्था स्थलों का विकास किया जा रहा है। नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय की स्थापना की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन प्रारंभ किया गया है। 
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सड़क, रेल, आवास, पेयजल, ऊर्जा और आधुनिक शहरी अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 1.38 लाख सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का विकास विजन केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने से जुड़ा है। एक ओर किसानों और महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत की जा रही है, वहीं दूसरी ओर युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। बस्तर और सरगुजा जैसे जनजातीय अंचलों से लेकर प्रदेश के औद्योगिक और शहरी क्षेत्रों तक विकास की समान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, सामाजिक न्याय, आधुनिक तकनीक, नवाचार और जनभागीदारी के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों में स्थान दिलाना सरकार का संकल्प है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हमारा प्रयास है कि विकास की इस यात्रा में कोई भी व्यक्ति, परिवार या क्षेत्र पीछे न छूटे और समृद्धि के नए अवसर प्रदेश के हर गांव और हर घर तक पहुंचें।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक श्री रोहित साहू, आईएनडी-24 के प्रमुख श्री नवीन पुरोहित, स्टेट हेड श्रीमती निधि प्रसाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english