प्रधानमंत्री ने ओडिसा में आठ हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई रेल परियोजनाओं की आधारशिला रखी और लोकार्पण किया
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज ओडिसा में आठ हजार करोड़ रुपए से अधिक लागत की रेल परियोजनाओं का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान श्री मोदी ने पुरी और हावड़ा के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ी को रवाना किया। यह रेलगाड़ी पांच सौ से अधिक किलोमीटर की दूरी तय करते हुए ओडिसा में खोर्धा, कटक, जाजपुर, भद्रक, बालासोर जिलों और पश्चिम बंगाल में मेदनीपुर और पूरबा जिलों से होकर गुजरेगी। यह रेलगाड़ी यात्रियों को तीव्र, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराएगी और यात्रियों को सुगम यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी। यह पर्यटन और आर्थिक विकास को बढ़ावा देगी। यह रेलगाड़ी 20 मई से नियमित रूप से चला करेगी। यह वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलेगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस आधुनिक भारत और लोगों की आकांक्षाओं का प्रतीक बन गई है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत से देश की गति और प्रगति प्रदर्शित होती है। प्रधानमंत्री ने पुरी और कटक रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए शिलान्यास किया। पुनर्विकसित स्टेशनों पर सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी और यहां रेलयात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिलेगा। श्री मोदी ने ओडिसा में रेल नेटवर्क के शत-प्रतिशत विद्युतीकृत खंड का लोकार्पण किया। उन्होंने संबलपुर-तितलागढ़ रेललाइन के दोहरीकरण, मनोहरपुर-राउरकेला-झारसुगुड़ा-जांगा के बीच नई ब्रॉडगेज रेललाइन तथा बिच्छुपली-झारतरभा के बीच नई बॉ़र्डगेज रेललाइन का भी लोकार्पण किया। इनसे यातायात की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सकेगा। ओडिसा में इस्पात, विद्युत और खनन क्षेत्र में तीव्र औद्योगिक विकास के कारण यातायात बढ़ रहा है। इन रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ के कारण दबाव में कमी लाने में मदद मिलेगी।




.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
Leave A Comment