ब्रेकिंग न्यूज़

कर्नाटक में कांग्रेस की पहली चुनावी गारंटी लागू, महिलाएं सरकारी बसों में मुफ्त कर सकती हैं यात्रा

बेंगलुरु.  कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस की पांच गारंटी में शामिल ‘शक्ति' योजना को लागू किये जाने के बाद अब महिलाएं रविवार से सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकती हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस मुफ्त यात्रा सुविधा से प्रतिदिन 41.8 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ होगा और सरकारी खजाने पर सालाना 4,051.56 करोड़ रुपये का भार पड़ेगा। यह योजना, राज्य की मूल निवासी महिलाओं के लिए आज अपराह्न एक बजे से प्रदेश की सीमा के अंदर लागू हो गई। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने यहां विधानसौध की सीढ़ियों से इस योजना की शुरुआत की। इस योजना से महिलाओं एवं छात्राओं को लाभ होगा। राज्य विधानमंडल और सचिवालय को संयुक्त रूप से विधानसौध कहा जाता है। उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार, परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी कार्यक्रम में मौजूद थे, जहां ‘शक्ति' योजना के प्रतीक चिह्न का अनावरण किया गया तथा प्रतीकात्मक रूप से पांच महिलाओं को ‘शक्ति स्मार्ट कार्ड' जारी किये गये। महिलाएं इस योजना का लाभ उठाने के लिए सरकारी पोर्टल ‘सेवा सिंधु' पर पंजीकरण कराकर ‘शक्ति स्मार्टकार्ड' के लिए आवेदन कर सकती हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, जिले के प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिले में इस योजना की शुरुआत करेंगे।
राज्य सरकार ने कहा है कि इस योजना से गरीब एवं निम्न मध्यम वर्ग की कामकाजी महिलाओं का यात्रा किराया खर्च घटेगा और इस बचत का उपयोग वे घरेलू खर्च में कर सकती हैं। सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘हमने आज शक्ति योजना को लागू किया।'' उन्होंने पांच ‘गारंटी' के क्रियान्वयन के सिलसिले में उनकी सरकार की निंदा करने को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा और उस पर लोगों के बीच ‘भ्रम' पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और आर्थिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।'' इस योजना की शुरुआत किये जाने के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि घोषित समय सीमा के अनुसार अन्य गारंटी भी लागू की जाएंगी। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस द्वारा घोषित पांच गारंटी में से ‘शक्ति' सबसे पहले शुरू की गई है।
कांग्रेस की अन्य चार चुनावी गारंटी में सभी परिवारों को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली (गृहज्योति), हर परिवार की महिला प्रमुख को प्रतिमाह 2,000 रुपये की सहायता (गृहलक्ष्मी), गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) के परिवार के हर सदस्य के लिए 10 किलोग्राम मुफ्त चावल (अन्न भाग्य), और बेरोजगार स्नातकों को प्रतिमाह 3,000 रुपये तथा बेरोजगार डिप्लोमाधारकों को 1,500 रुपये (युवानिधि) शामिल हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘शक्ति' योजना की शुरुआत के मौके पर ट्वीट किया, ‘‘आज से कर्नाटक में हर महिला के लिए बस यात्रा निशुल्क - एक और गारंटी हुई पूरी! महिलाओं का सशक्तीकरण और आर्थिक बचत - हमारी जिम्मेदारी, उनका अधिकार, पूरा करेगी कांग्रेस सरकार।'' कर्नाटक में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की गारंटी की घोषणा गांधी ने मेंगलुरु में एक चुनाव प्रचार रैली के दौरान की थी। उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस की विशेषता यह है कि वह अपने सभी वादों को पूरा करती है।
अधिकारियों के मुताबिक, छात्राओं समेत सभी महिलाएं जाति, धर्म के आधार पर बिना किसी भेदभाव के इस सुविधा का लाभ उठा सकती हैं। उन्होंने कहा कि साधारण और एक्सप्रेस बसों में मुफ्त यात्रा सेवा का लाभ उठाया जा सकता है।
अधिकारियों ने कहा कि योजना में शामिल बसों पर ‘‘महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा'' स्टिकर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सेवा लक्जरी और अंतरराज्यीय बसों के लिए नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी महिला यात्री को सरकारी बस से कर्नाटक के बाहर जाना होगा तो उससे भी किराया नहीं लिया जाएगा, लेकिन यह सुविधा सीमावर्ती राज्यों में 20 किलोमीटर तक ही मिलेगी। बस टर्मिनल पर ‘महिला दिवस' जैसा नजारा था, जिसमें महिला यात्रियों का फूल और मिठाइयों से स्वागत किया जा रहा था। सुमित्रा सिद्धारमैया से स्मार्ट कार्ड प्राप्त करने वाली महिलाओं में शामिल थीं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बहुत खुशी है कि मुझे मुख्यमंत्री से स्मार्ट कार्ड मिला। इस योजना से महिलाओं, विशेष रूप से गरीब और मध्यम वर्ग को मदद मिलेगी।'' एक महिला बस कंडक्टर ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन ऐसा आएगा जब महिलाएं उनकी सेवा अवधि के दौरान सरकारी बसों में मुफ्त में यात्रा करेंगी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं एक महिला के रूप में बहुत खुश हूं क्योंकि इस योजना से महिलाओं को मदद मिलेगी।'' सरकार ने सड़क परिवहन निगमों को अपनी बसों में पुरुषों के लिए 50 प्रतिशत सीट आरक्षित करने को कहा है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english