पर्यटन पर जी-20 की बैठक 19 जून से गोवा में शुरू होगी
पणजी. जी-20 की पर्यटन कार्यसमूह और पर्यटन मंत्रियों की चौथी एवं अंतिम बैठक सोमवार को गोवा में शुरू होगी। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की सचिव वी.विद्यावती ने रविवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि कार्यसमूह पर्यटन के लिए गोवा रोडमैप पारित करेगा जो सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) प्राप्त करने का वाहक बनेगा। उन्होंने बताया कि जी-20 पर्यटन मंत्रियों की बैठक में घोषणापत्र जारी किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि पर्यटन मंत्रालय ने पर्यटन कार्य समूह के दो अहम उद्देश्यों को अंतिम रूप देने के लिए सकारात्मक प्रगति की है। विद्यावती ने कहा कि कार्य समूह की पहले ही तीन बैठकें हो चुकी हैं।
पर्यटन सचिव ने बताया कि गोवा में 19 जून से 22 जून तक यह बैठक होगी। उन्होंने कहा, ‘‘भारत के जी-20 पयर्टन पथ के तहत कार्यसमूह पांच अंतर संबंधित प्राथमिक क्षेत्रों पर काम कर रहा है जिनमें हरित पर्यटन, डिजिटलीकरण, कौशल, पर्यटन एमएसएमई और स्थान प्रबंधन शामिल है।'' विद्यावती ने बताया कि ये प्राथमिकताएं पर्यटन क्षेत्र में बदलाव और 2030 सतत विकास लक्ष्य का अहम आधार हैं। उन्होंने बताया कि इससे इतर भी क्रूज पर्यटन और अन्य मुद्दों पर चर्चा करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पर्यटन मंत्रालय के अपर सचिव राकेश वर्मा ने बताया कि बैठक में शामिल होने के लिए आठ देशों के 150 प्रतिनिधियों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी जिनमें से एक बैठक भारत और अमेरिका के बीच होगी। अधिकारी ने बताया कि समापन बैठक में जी-20 के सदस्य देश, आमंत्रित देश और अंतरराष्ट्रीय संगठन लगभग तैयार हो चुके गोवा रोडमैप और पर्यटन मंत्रियों के घोषणापत्र का स्वागत एवं समर्थन करेंगे।


.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpg)
Leave A Comment