भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रभात झा का निधन, मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस
भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता प्रभात झा का आज सुबह तड़के दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे 67 वर्ष के थे। प्रभात झा कुछ समय से बीमार चल रहे थे। हाल ही में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उनका इलाज चल रहा था। मेदांता से पहले उनको राजधानी भोपाल स्थित बंसल अस्पताल में एडमिट कराया गया था। जिसके दो दिन बाद प्रभात झा को एयरलिफ्ट कर दिल्ली के मेदांता अस्पताल में लाया गया था।
सीएम और पूर्व सीएम पहुंचे थे मिलने
प्रभात झा का दिमागी बुखार के चलते न्यूरोलॉजिकल परेशानियां आ रही थी। जिसके चलते उनको कुछ दिन पहले भोपाल के बंसल अस्पताल में भर्ती किया गया था। जिसके बाद उनका हालचाल जानने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री पहुंचे थे।
मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति: शिवराज सिंह
केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी झा के निधन पर दुख जताया। उन्होंने एक्स कर लिखा- भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और साथी प्रभात झा के निधन का समाचार सुनकर स्तब्ध और दु:खी हूं। लोक कल्याण और जनता के हित के लिए उन्होंने सदैव कार्य किया। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर से दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि
भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता आदरणीय श्री प्रभात झा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। बाबा महाकाल दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस भीषण वज्रपात को सहने की शक्ति दें। मध्यप्रदेश के विकास में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका सदैव हमे प्रेरित करेगी। आपका निधन राजनैतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।ॐ शांति!
मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री तुलसी राम सिलावट ने एक्स पर लिखते हुए कहा कि
मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष,वरिष्ठ भाजपा नेता आदरणीय श्री प्रभात झा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस भीषण वज्रपात को सहने की शक्ति दें।
पार्टी में रहे कई महत्वपूर्ण पदों पर
प्रभात झा मूल रूप से बिहार के दरभंगा के हरिहरपुर गांव रहने वाले थे। उनका जन्म 4 जून 1957 को बिहार में हुआ था। वह बिहार से मध्य प्रदेश के ग्वालियर आ गए थे। यहां पर उनकी प्रारंभिक शिक्षा हुई। उन्होंने ग्वालियर के पीजीवी कॉलेज से बीएससी, माध्व कॉलेज से राजनीति शास्त्र में एमए और एमएलबी कॉलेज से एलएलबी की। प्रभात झा के परिवार में पत्नी रंजना झा और दो बेटे है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता से की। फिर वह राजनीति में आए और भाजपा के सदस्य बन गए। पूर्व राज्यसभा सांसद भी रहे हैं।







.jpg)
.jpg)

Leave A Comment